पश्चिम बंगाल में SIR खत्म होने के बाद वहां की ममता सरकार केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमलावर है. इसी बीच पीएम मोदी ने शनिवार (20 दिसंबर) को पश्चिम बंगाल के रानाघाट में ताहेरपुर नेताजी पार्क में एक सभा को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल को भी जंगल राज से आज़ाद करना होगा.’ खराब विज़िबिलिटी के कारण उनका हेलीकॉप्टर ताहेरपुर हेलीपैड पर लैंड नहीं कर पाया जिसकी वजह से उन्हें कोलकाता एयरपोर्ट लौटना पड़ा.
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल की बिहार से तुलना करते हुए कहा,’आज देश तेज़ी से विकास चाहता है. बिहार ने एक बार फिर विकास के लिए NDA सरकार को भारी बहुमत दिया है… बिहार ने बंगाल में BJP की जीत का रास्ता भी साफ कर दिया है. बिहार ने एक बुलंद आवाज़ में ‘जंगल राज’ के शासन को नकार दिया है. 20 साल बाद भी उन्होंने BJP-NDA को पहले से ज़्यादा सीटें दी हैं. अब हमें पश्चिम बंगाल में ‘जंगलराज’ से छुटकारा पाना है…’
TMC विरोध करना चाहती है तो करे लेकिन…
पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर हमला जारी रखते हुए आगे कहा, ‘TMC BJP का विरोध करना चाहती है. उन्हें हमारा ज़ोरदार, बार-बार, पूरी ताकत से विरोध करने दें. मुझे समझ नहीं आता कि पश्चिम बंगाल के विकास में बाधा क्यों डाली जा रही है. आप मोदी का विरोध कर सकते हैं, लेकिन बंगाल के लोगों को दुखी न करें. उन्हें उनके अधिकारों से वंचित न करें. उनके सपनों को तोड़ने का पाप न करें. मैं पश्चिम बंगाल के लोगों से हाथ जोड़कर विनम्रतापूर्वक अनुरोध करता हूं कि BJP को एक मौका दें…’
बंगाल के विकास में TMC पर रोड़ा डालने का आरोप
शासन में बदलाव का आह्वान करते हुए पीएम मोदी ने राज्य में ‘डबल-इंजन सरकार’ के लिए BJP की बात दोहरते हुए कहा, ‘हम बंगाल में एक BJP डबल-इंजन सरकार चाहते हैं जो बंगाल की खोई हुई शान को वापस ला सके. आज भी, पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं अटकी पड़ी हैं.’ पीएम मोदी ने कहा कि BJP को राजनीतिक विरोध से कोई आपत्ति नहीं है लेकिन उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया. पीएम ने आगे कहा,’अगर ममता बनर्जी मोदी का विरोध करना चाहती हैं, तो करें, अगर वह BJP का विरोध करना चाहती हैं तो करें. इसमें कोई दिक्कत नहीं है लेकिन वह बंगाल के विकास में बाधा क्यों डाल रही हैं.’
बंगाल में ममता पर घुसपैठियों को बचाने का आरोप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे तृणमूल कांग्रेस पर पश्चिम बंगाल में घुसपैठियों को बचाने का आरोप लगाया, और कहा कि पार्टी अवैध घुसपैठ का विरोध करने के बजाय उनके खिलाफ नारे लगाती है। उन्होंने कहा कि TMC का स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभ्यास का विरोध घुसपैठियों को बचाने के लिए था. जिनका मकसद उनके अनुसार राज्य पर नियंत्रण हासिल करना था. उन्होंने कहा, ‘बंगाल में, तृणमूल कांग्रेस ‘घुसपैठियों वापस जाओ’ कहने के बजाय ‘मोदी वापस जाओ’ के नारे लगा रही है. वे घुसपैठिए जिनका मकसद बंगाल पर कब्ज़ा करना है वो TMC को बहुत प्यारे हैं. इसीलिए तृणमूल कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने के लिए SIR का विरोध कर रही है.’
पश्चिम बंगाल को दी अरबों की सौगात
केंद्र सरकार के समावेशी विकास पर ज़ोर देते हुए PM मोदी ने कहा, ‘हमारी सरकार की कोशिशें पश्चिम बंगाल के उस कोने को भी विकसित करने की हैं जो लंबे समय से वंचित रहा है.’ PM मोदी ने 3,200 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया. उद्घाटन की जाने वाली मुख्य परियोजनाओं में NH-34 के बाराजागुली-कृष्णानगर सेक्शन का 66.7 किमी लंबा 4-लेन हिस्सा और NH-34 के बारासात-बाराजागुली सेक्शन के 4-लेनिंग की आधारशिला रखना शामिल है, जिसका मकसद कोलकाता और सिलीगुड़ी के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है.
यह भी पढ़ेंः कोहरे ने रोकी पीएम मोदी की उड़ान! पश्चिम बंगाल में नहीं उतर पाया हेलीकॉप्टर
