News in Brief

Kolkata Messi event ruckus police investigation: कोलकाता में फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के कार्यक्रम में हुई अराजकता की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने शनिवार को रिशरा इलाके में मौजूद मुख्य आयोजक सतद्रु दत्ता के घर पर छापा मारा. उसके आलीशान घर में एक फ्लोर पर स्विमिंग पूल, छत पर फुटबॉल ग्राउंड और बड़ा सा ऑफिस मिला. 

रिपोर्ट के मुताबिक, कोलकाता के बिधाननगर पुलिस की डिटेक्टिव टीम आज सुबह रिशरा थाने से फोर्स लेकर दत्ता के घर पहुंची. उनमें से पांच अफसर घर में घुसे, जबकि बाहर मौजूद रहे. उस वक्त वहां पर केवल एक घरेलू मददगार मौजूद था. टीम ने केयरटेकर से पूछताछ कर हर कमरे की अच्छे से तलाशी ली.

बड़े पैमाने की हेराफेरी का शक- पुलिस

Add Zee News as a Preferred Source

मीडिया के पूछने पर अफसरों ने बताया कि यह बस रूटीन सर्च थी. इस दौरान सतद्रु दत्ता के डॉक्यूमेंट्स और एग्रीमेंट पेपर्स चेक किए गए. सर्च के दौरान कोई जब्ती नहीं की गई. हालांकि अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि कहानी कुछ और है. SIT को इस मामले में बड़े पैमाने पर पैसों की हेराफेरी का शक है. 

बताते चलें कि साल्ट लेक सिटी स्टेडियम में 13 दिसंबर को हुई अफरा-तफरी के कुछ घंटे बाद ही दत्ता को अरेस्ट कर लिया गया था. उस पर गलत तरीके से इवेंट प्लान करने और क्राउड मैनेजमेंट न करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई. 

100 करोड़ रुपये कर दिए इधर-उधर

लोगों के गुस्से को देखते हुए ममता सरकार ने इस मामले में SIT जांच की घोषणा की थी. यह जांच शुरुआत में इवेंट के मिस-मैनेजमेंट से जुड़ी थी. लेकिन अब जैसे-जैसे सबूत सामने आ रहे हैं, यह जांच अब करीब 100 करोड़ रुपये की कथित फाइनेंशियल गड़बड़ियों की तरफ बढ़ती नजर आ रही है. 

पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला कि ऑर्गनाइजिंग बॉडी के पदाधिकारियों और उनके साथियों ने इस इवेंट के बहाने पैसे का जमकर लेन-देन किया. मेसी के साथ एक फोटो खिंचवाने के लिए फैंस से 10 लाख से 30 लाख रुपये तक वसूले गए. हालांकि इस पेमेंट का कोई लिखित रिकॉर्ड नहीं है. पैसे शायद कैश में लिए गए. यही वजह है कि अब उसे  अनएकाउंटेड मनी मानकर देखा जा रहा है. 

जानबूझकर बेचे केवल आधे टिकट?

अफसरों का कहना है कि युवा भारती स्टेडियम में 66 हजार सीटें हैं. ऑर्गनाइजर्स का दावा है कि आधी टिकटें ही बिकीं, बाकी फ्री में बांटी गईं. लेकिन ऐसा लग रहा है कि जानबूझकर 50% टिकटों की सेल का रिकॉर्ड ही नहीं रखा गया. ऐसा करके उन टिकटों पर लगने टैक्स की बड़े पैमाने पर चोरी कर ली गई. वरना इतने बड़े कमर्शियल स्पोर्टिंग इवेंट में कोई भी आयोजक इतना बड़ा नुकसान कभी नहीं होने देता.