News in Brief

S. Jaishankar Latest Interview in Hindi: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने शनिवार को पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम में विदेश नीति, भारतीय संस्कृति और वैश्विक चुनौतियों पर खुलकर बात की. जब उनसे पूछा गया कि क्या देश के लिए एक जयशंकर काफी हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘आपका सवाल गलत है. आपको पूछना चाहिए था कि एक मोदी काफी हैं या नहीं क्योंकि आखिरकार श्री हनुमान जी भी तो सेवा करते हैं.’

विजन और लीडरशिप से पड़ता है फर्क- एस जयशंकर

उन्होंने कहा कि देशों को लीडर और उनकी विजन से पहचाना जाता है. एक्जीक्यूट करने वाले लोग तो होते हैं, लेकिन आज फर्क विजन, लीडरशिप और कॉन्फिडेंस से पड़ता है. जयशंकर ने रामायण और महाभारत का जिक्र करते हुए भारतीय संस्कृति की तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘हम महाभारत को पावर, स्ट्रगल और फैमिली की कहानी मानते हैं, लेकिन रामायण की जटिलता , रणनीति और गेम प्लान को उतना नहीं सोचते.’ 

Add Zee News as a Preferred Source

जयशंकर ने आगे कहा, ‘जब किसी ने मुझसे पूछा कि दुनिया के सबसे बड़े डिप्लोमेट कौन हैं, तो मैंने कहा भगवान कृष्ण और हनुमान जी. कृष्ण महाभारत के महान डिप्लोमेट हैं तो हनुमान रामायण के. हनुमान जी को श्रीलंका भेजा गया था जानकारी इकट्ठा करने के लिए. वे वहां पहुंचे, मां सीता से मिले. उनका मनोबल बढ़ाया. वहीं भगवान कृष्ण ने दूत की भूमिका निभाते हुए युद्ध टालने की आखिरी वक्त तक कोशिश की. अगर हम ऐसे आदर्शों को दुनिया के सामने नहीं पेश करेंगे तो अपनी संस्कृति के साथ अन्याय करेंगे.’ 

‘दुनिया में भारतीयों की बढ़ रही इज्जत’

‘ब्रेन ड्रेन’ पर बोलते हुए विदेश मंत्री ने कहा, ‘यह बहुत कॉम्प्लेक्स इश्यू है. आज मैं इंडियन टैलेंट के लिए ग्लोबल ओपनिंग देख रहा हूं. अभी हम राष्ट्रपति पुतिन से मिले थे. उनके साथ एक एग्रीमेंट हुआ कि वे इंडियंस को रूस में काम करने के लिए बुलाना चाहते हैं. वहीं यूरोप की डेमोग्राफी देखिए. वहां भी  इमिग्रेशन डिबेट के बावजूद भारतीयों की अच्छी इज्जत है. आज इंडियंस का अपना अच्छा ग्लोबल ब्रांड है. इसे हमने सालों में बनाया है. दुनिया को ग्लोबल वर्कप्लेस मानकर युवाओं को इसका फायदा उठाना चाहिए.’

मौजूदा वैश्विक राजनीति की चर्चा करते हुए जयशंकर ने कहा, ‘दुनिया आज कोएलिशन पॉलिटिक्स जैसी है. किसी के पास मैजॉरिटी नहीं, कोई कोएलिशन भी फुल मैजॉरिटी में नहीं. लगातार कॉम्बिनेशन बनते हैं, डील्स होती हैं, कोई ऊपर तो कोई नीचे. मल्टीपोलर वर्ल्ड मतलब कई पार्टियां. कभी एक के साथ, कभी दूसरे के साथ. लेकिन मेरा एक प्रिंसिपल है कि जो देश के हित में हो, वही चुनूंगा.’

‘कहीं भी जाएं तो भारतीयता को महसूस करें’

गल्फ देशों के हालिया दौरे का जिक्र करते हुए कहा, ‘इस हफ्ते मैं गल्फ में था. गल्फ का इतिहास भारत से बहुत करीबी का रहा है. प्रधानमंत्री मोदी भी ओमान गए थे. वहां से महाराष्ट्र-गुजरात के तटों तक नावों से व्यापार होता था. पार्टिशन के बाद कोई (पाकिस्तान) आ गया बीच में, आप जानते हैं कौन. जिसके बाद वे (ओमान) दूर हो गए. अब उस फीलिंग को हम गल्फ, साउथ ईस्ट एशिया और सेंट्रल एशिया में दोबारा से मजबूत कर रहे हैं.’ 

भारत के दिग्गज राजनयिक जयशंकर ने युवाओं से कहा, ‘मेरी रिक्वेस्ट है. आप चाहे गल्फ, साउथ ईस्ट एशिया, इंडियन ओशन या सेंट्रल एशिया में जाएं. वहां पर भारत की भावना को महसूस करें. आपको हैरानी होगी कि दुनिया में सबसे बड़ा हिंदू टेम्पल भारत में नहीं, कंबोडिया में है.’ 

‘पड़ोसियों की राजनीति में रहते हैं बड़ा मुद्दा’

वैश्विक चुनौतियों पर बात करते हुए वे बोले, ‘अमेरिका से इंगेजमेंट मुश्किल हो गया है. आप सब इसकी वजह जानते हैं. वहीं चीन को मैनेज करना मुश्किल है. यूक्रेन वॉर की वजह से रूस भी दुविधाभरी स्थिति में है. पश्चिम का हम पर रूस से दूर होने का प्रेशर है. हमारे पड़ोस में छोटे देश हैं, हर एक हमसे जुड़ा है. वहां भी पॉलिटिक्स होती है, कभी तारीफ तो कभी आलोचना होती है. हम चाहे न चाहें लेकिन उनकी स्थानीय राजनीति में एक मुद्दा हमेशा रहते हैं.’ 

पड़ोसियों की मदद का उदाहरण देते हुए कहा, ‘पिछले हफ्ते श्रीलंका में बड़ा साइक्लोन आया, हम उसी दिन मदद लेकर पहुंच गए. कोविड में भी सभी पड़ोसी देशों को वैक्सीन पहुंचाई गई. यूक्रेन वॉर शुरू हुई तो दुनिया में पेट्रोल, गेहूं की कमी हो गई. इस कमी को भारत ने पूरा किया.’ 

‘अपने विश्वासों-संस्कृति पर गर्व करें’

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा, ‘ज़्यादातर टेक्स्टबुक जो आपको मिलती हैं, वे पश्चिमी लोगों की लिखी हुई हैं. मैं बार-बार यह पढ़कर थक गया था कि हम बहुत रणनीतिक हैं. लेकिन सही बात ये है कि भारत में रणनीति और राजकाज की कोई परंपरा नहीं है. हम अपने विश्वासों, अपनी संस्कृति के साथ बड़े हुए हैं. हम अपने खुद के शब्दों का इस्तेमाल नहीं करते और दुनिया भी हमारे अपने शब्दों को नहीं जानती.यही भावना मेरे अंदर बढ़ रही थी. मैं दुनिया को समझाना चाहता हूं कि मैंने लंबे समय से क्या महसूस किया है.’

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा, ‘अलग-अलग लोग जानकारी को अलग-अलग तरह से समझते हैं. आप में से ज़्यादातर लोग इसका (फ़ोन की ओर इशारा करते हुए) इस्तेमाल करेंगे. वहीं कुछ लोग इसका (किताब की ओर इशारा करते हुए) इस्तेमाल करेंगे. लेकिन असली बात ये है कि दुनिया में दिलचस्पी लें. यह इतना ही आसान है. मेरा सभी के लिए संदेश बहुत आसान है. दुनिया में दिलचस्पी लें, क्योंकि दुनिया आप में दिलचस्पी ले रही है.’ 

‘दुनिया में अपनी दिलचस्पी बनाए रखें’

मैं लोगों से कहता हूं, ‘जब वे कहते हैं कि हमें क्या करना चाहिए तो मैं कहता हूं कि कुछ भी करो. जब तक आपकी उसमें दिलचस्पी हो. अगर आपकी दिलचस्पी है तो आप अच्छा करेंगे. अगर आपकी दिलचस्पी नहीं है, तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे आपको कितना भुगतान करते हैं. आप औसत ही रहेंगे. इसलिए, अपनी दिलचस्पी बनाए रखें.’