Bengal Election 2025: अपने 2 सैनिकों की मौत पर सीरिया में तबाही मचाने वाले ट्रंप बांग्लादेश को लेकर चुप हैं. जबकि बांग्लादेश में भी वैसा ही इस्लामिक आतंकवाद है. फर्क इतना है कि बांग्लादेश में जो हो रहा है उसकी तीव्रता आतंकी संगठन ISIS की तुलना में थोड़ी सी कम है. लेकिन वैचारिक कट्टरवाद वैसा ही है.
कट्टरवाद का वायरस बहुत ही खतरनाक होता है. वो बहुत ही तेज गति से पसरता है. बांग्लादेश का संक्रमण पश्चिम बंगाल में भी आ चुका है. बंगाल के मौलवी-मौलाना कैसे संक्रमित हो चुके हैं इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि सियासी फतवा जारी किया जा रहा है. एक ‘दल विशेष’ को वोट देने पर सामाजिक और धार्मिक बहिष्कार की खुल्लमखुल्ला धमकी दी जा रही है. इसलिए आज हम बंगाल में बैठे बांग्लादेशी कट्टरपंथियों के वैचारिक बंधु के फतवे का DNA टेस्ट करेंगे.
बंगाल में शुरू हुई ्अग्निपरीक्षा
चुनाव में नेता और उसके अंडरकवर कार्यकर्ताओं के बीच भी निष्ठा की एक परीक्षा होती है. पश्चिम बंगाल में ये अग्निपरीक्षा शुरू हो चुकी है. अंडर कवर पॉलिटिशियन अपना समर्पण साबित करने के लिए हर लकीर को लांघ रहे हैं. न्यूनतम मर्यादा का भी पिंडदान कर रहे हैं.
फुरफुरा शरीफ दरगाह के मौलाना पीरजादा तोहा सिद्दीकी अपने नाम के पीछे पीरजादा लगाते हैं. यानी किसी संत की संतान. इन्हें धार्मिक संदेश सुनाना चाहिए था. लेकिन ये सियासी धमकी दे रहे हैं. इन्हें सामाजिक शांति और सद्भाव की बात करनी चाहिए थी, लेकिन ये पीरजादा नमाज-ए-जनाजा नहीं पढ़ने का ऐलान कर रहे हैं. वो भी क्यों क्योंकि ये पीरजादा तोहा सिद्दीकी, मौलाना से कहीं अधिक अंडर कवर पॉलिटिशियन हैं. एक कट्टर अंडर कवर पॉलिटिशियन, जो सामने से मौलाना दिखते हैं, लेकिन अंदर ही अंदर एक नेता की तरह काम करते हैं. तोहा सिद्दीकी की राजनीतिक आस्था के बारे में जानने के लिए उनकी 9 महीने पहले की एक तस्वीर वायरल हो रही है. ये तस्वीर मार्च 2025 की है. इसमें सीएम ममता बनर्जी हैं और साथ में पीरजादा तोहा सिद्दीकी भी दिख रहे हैं. तब ममता बनर्जी ने फुरफुरा शरीफ का दौरा किया था. तोहा सिद्दीकी ने उनका स्वागत किया था. ममता ने वहां एक पॉलिटेक्निक कॉलेज और बस स्टैंड बनाने की घोषणा की थी.
2009 के चुनाव में किया था ममता का समर्थन
तोहा ने इसके लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं थीं. 2009 के चुनाव में तोहा सिद्दीकी ने खुलकर ममता बनर्जी का समर्थन किया था. तब से दोनों के बीच राजनीतिक संबंध हैं. 2021 के चुनाव में जब तोहा सिद्दीकी के भतीजे पीरजादा अब्बास सिद्दीकी ने अपनी पार्टी बनाई. टीएमसी के खिलाफ चुनाव लड़ा. तब भी पीरजादा तोहा सिद्दीकी, ममता बनर्जी के साथ ही खड़े थे. तब तोहा सिद्दीकी ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि TMC ही फिर से सत्ता में आएगी. इससे आप अंदाज़ा लगा सकते हैं कि पीरजादा तोहा सिद्दीकी का वैचारिक लगाव किस तरह ममता बनर्जी के साथ है.
आपको बताना चाहेंगे कि पश्चिम बंगाल के हुगली में फुरफुरा शरीफ दरगाह है. यह भारत में अजमेर शरीफ के बाद मुस्लिम तीर्थस्थलों में सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है. लाखों श्रद्धालु वहां जाते हैं, विशेषकर उर्स मेले में. फुरफुरा शरीफ का मुसलमानों पर प्रभाव है.
बंगाल में 30 फीसदी मुस्लिम आबादी
पश्चिम बंगाल में 30 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम आबादी है. 2021 के चुनाव में करीब 75 प्रतिशत मुस्लिम वोट अकेले टीएमसी को मिले थे. लेकिन इस बार अब्बास सिद्दीकी के साथ-साथ ओवैसी और हुमायूं कबीर की पार्टी भी अपनी दावेदारी बढ़ा रही है.
यही कारण है कि टीएमसी के पक्ष में मुस्लिम वोटबैंक की एकजुटता बरकरार रखने के लिए पीरजादा तोहा सिद्दीकी जैसे अंडर कवर पॉलिटिशियन लग गए हैं. मजहब के नाम पर लोगों को भड़काने में जुट गए हैं. देश में किसी को भी राजनीतिक पक्ष रखने की स्वतंत्रता है. पीरजादा तोहा सिद्दीकी भी इसके लिए स्वतंत्र हैं. उनकी निष्ठा किसी भी पार्टी के साथ हो सकती है. इसमें किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए. लेकिन जिस तरह के शब्दों का वो प्रयोग कर रहे हैं, जिस तरह एक पार्टी विशेष को वोट देने पर नमाज-ए-जनाजा ना पढ़ने की बात कहकर सामाजिक बहिष्कार की कट्टर धमकी दे रहे हैं, वो जिस तरह के स्तरहीन शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, वो कहीं से भी उचित नहीं है. लेकिन जब अतिवाद का संक्रमण हावी हो जाता है, वो कोई भी कट्टरपंथी वही करता और बोलता है, जो पीरजादा ताहा सिद्दीकी कह रहे हैं.
