News in Brief

Golden Temple Curzon Clock: दो साल तक चली बारीकी से मरम्मत, करीब 96 लाख रुपये का खर्च और इतिहास को संजोने की एक बड़ी कोशिश कामयाब हो गई. यह कहानी है पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर परिसर में लगी 123 साल पुरानी कर्जन घड़ी की. जो मरम्मत करने के बाद फिर से चलने लगी है. ब्रिटिश दौर की यह ऐतिहासिक घड़ी न सिर्फ समय की गवाह है बल्कि प्राचीन विरासत और स्थापत्य कला का भी प्रतीक मानी जाती है. 

सालों से बंद पड़ी इस घड़ी की सुइयां 10 बजकर 08 मिनट पर ही थमी हुई थीं. हर दिन लाखों श्रद्धालु इसके नीचे से गुजरते हैं. समय के साथ जर्जर हो चुकी यह घड़ी अब फिर से चलने लगी है. दरअसल यह घड़ी लगभग 100 साल पुरानी है और इसका संबंध ब्रिटिश भारत के वायसराय रहे लॉर्ड कर्जन से भी जुड़ा हुआ है. लॉर्ड कर्जन ने अपनी पत्नी के साथ 9 अप्रैल 1900 को स्वर्ण मंदिर पहुंचे थे. उस समय मंदिर कैंपस में लगी एक नार्मल घड़ी उन्हें कम सही लगी. जिसके बाद उन्होंने इच्छा जाहिर की कि श्री दरबार साहिब की पवित्रता और गरिमा के मुताबिक एक विशेष घड़ी यहां स्थापित की जाए. इसके बाद इंग्लैंड के बर्मिंघम स्थित एल्किंगटन एंड कंपनी को विशेष रूप से इस घड़ी को बनाने का आदेश दिया. करीब दो साल की मेहनत के बाद पीतल से बनी यह शानदार घड़ी बनकर तैयार हुई और 31 अक्टूबर 1902 को दीवाली और बंदी छोड़ दिवस के अवसर पर श्री दरबार साहिब पहुंची.

समय के साथ फीकी पड़ गई थी चमक
धीरे-धीरे वक्त गुजरने लगे और इस घड़ी की चमक फीकी पड़ने लगी. समय और बीतता गया और इसकी पहचान मुश्किल हो गई. वहीं गिरने के कारण इसके ढांचे में भी दरार आ गई थी, इसकी मूल मैकेनिकल मशीनरी, डायल और सुइयों को हटाकर सालों पहले एक नार्मल क्वार्ट्ज सिस्टम सुइयों और फीके एल्यूमीनियम डायल लगा दिया गया था. जिसके बाद से ही इसकी ऐतिहासिक पहचान लगभग खो गई थी. साल 2023 में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी यानी SGPC ने श्री दरबार साहिब में चल रहे संरक्षण कार्य के दौरान इस घड़ी को दोबारा पहचाना.

Add Zee News as a Preferred Source

ये भी पढे़ंः मसूरी से भी ठंडी दिल्ली झेल रही है डबल अटैक! घने कोहरे के बीच बढ़ा AQI, उड़ानें रद्द

घड़ी को ठीक करने में लग गए 2 साल और 96 लाख रुपये

फिर गुरु नानक निष्काम सेवक जत्था को मंदिर के संरक्षण का काम मिला. इसी दौरान यह घड़ी एक आधुनिक घड़ी के पीछे छिपी हुई दिखाई दी. एसजीपीसी की अनुमति के बाद इसे फिर से ठीक करने के लिए ब्रिटेन भेजा गया. जहां बर्मिंघम में जानकारों ने लगभग 2 साल तक इस घड़ी को सही करने पर लगाया. लगभग 80 हजार पाउंड यानी करीब 96 लाख रुपये की लागत से इसके मूल स्वरूप को वापस लाया और इसे फिर से सही किया गया.

इस घड़ी में फिर से पीतल का नया डायल, रोमन अंकों के साथ लगाया गया और इसकी मैकेनिकल प्रणाली को फिर से तैयार किया. इसके बाद नवंबर महीने में इस घड़ी को भारत लाया गया और अब इसे जनवरी में उसी स्थान पर फिर से लगाने से योजना है.

ये भी पढे़ंः HC ने पैगंबर मोहम्मद के उपदेश की मदद से लिया चौंकाने वाला फैसला, वकील को मिल गई राहत