Javed Akhtar and Maulana in Heated Debate: क्या दुनिया में ईश्वर है? इस सवाल के जवाब में अधिकतर लोग हां कहेंगे. लेकिन अगर यह बहस एक मौलाना और शायर के बीच हो तो मामला दिलचस्प हो जाता है. शनिवार को शनिवार को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ऐसा ही अजब नजारा देखने को मिला. जब शायर- गीतकार जावेद अख्तर और इस्लामी विद्वान मुफ्ती शमाइल नदवी के बीच ‘ईश्वर के अस्तित्व’ पर जोरदार बहस देखने को मिली. यह बहस सिर्फ हॉल तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि सोशल मीडिया तक फैल गई. लोग इस बहस पर अपने-अपने तरीके से तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
‘विज्ञान की खोजें अल्लाह की जरूरत को खत्म नहीं करतीं’
बहस का बड़ा मुद्दा विश्वास और आस्था के बीच फर्क था. चर्चा की शुरुआत करते हुए मुफ्ती नदवी ने कहा कि अल्लाह के सवाल पर न तो विज्ञान और न ही मजहबी किताबें कोई साझा पैमाना बन सकते हैं.विज्ञान सिर्फ भौतिक दुनिया तक सीमित है. जबकि खुदा उससे परे है. मजहबी किताबें उन लोगों को नहीं मना सकते जो पहले से ही ईश्वरीय वाणी को ज्ञान का स्रोत नहीं मानते.
उन्होंने यह भी कहा कि विज्ञान की खोजें अल्लाह की जरूरत को खत्म नहीं करतीं. भौतिकी या जीवविज्ञान यह बताते हैं कि ब्रह्मांड कैसे चलता है, लेकिन यह नहीं बताते कि वह अस्तित्व में क्यों है. जावेद अख्तर की ओर इशारा करते हुए मौलाना ने कहा, ‘अगर आपको नहीं पता तो यह दावा भी मत कीजिए कि ईश्वर नहीं है.’
आस्था बिना सबूत उसे मानने को कहती है- जावेद अख्तर
इस पर जावेद अख्तर ने जवाब दिया कि वह तो पहले से ही कह रहे हैं कि उन्हें नहीं पता. शायर ने कहा कि कोई भी दार्शनिक या वैज्ञानिक यह दावा नहीं करता कि उसे सब कुछ पता है. इंसानों को हर तरह के अंतिम और पक्के जवाबों से बचना चाहिए, चाहे वे धार्मिक हों या गैर-धार्मिक.
अपनी बात आगे बढ़ाते हुए जावेद अख्तर ने कहा कि विश्वास सबूत, तर्क और गवाही पर टिके होते हैं. वहीं आस्था बिना सबूत उसे मानने को कहती है. ऐसी सोच सवाल पूछने से रोकती है.
बहुमत जो कह दे, क्या वो सही हो जाएगा- मौलाना
नैतिकता और न्याय के सवाल पर भी दोनों के बीच टकराव हुआ. जावेद अख्तर ने कहा कि नैतिकता इंसानों ने बनाई है और यह प्रकृति का हिस्सा नहीं है. उन्होंने नैतिकता की तुलना ट्रैफिक नियमों से की, जो समाज चलाने के लिए जरूरी हैं. लेकिन यह न्याय नहीं है.
इस पर मुफ्ती शमाइल नदवी ने आपत्ति जताई और कहा कि यह तुलना गलत है. उन्होंने सवाल किया, ‘अगर बहुमत यह तय कर दे कि ज़ुल्म सही है, तो क्या ज़ुल्म सही हो जाएगा?’
‘गाजा में अल्लाह बच्चों को मरते क्यों देखते रहा?’
अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चित जावेद अख्तर ने गाज़ा युद्ध का ज़िक्र किया, जहां पर 70 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं. उन्होंने मौलाना से पूछा कि अगर ईश्वर सर्वशक्तिमान और दयालु है तो यह सब कैसे हो सकता है.
जावेद अख्तर ने कहा, ‘अगर आप (अल्लाह) सर्वशक्तिमान हैं और हर जगह मौजूद हैं, तो गाजा में भी होंगे. आपने बच्चों को टुकड़ों में बिखरते देखा होगा. फिर भी आप चाहते हैं कि मैं आप पर भरोसा करूं?’
‘गॉड के मुकाबले हमारे प्रधानमंत्री बेहतर’
बहस का विषय न होते हुए भी जावेद अख्तर इस बहस में पीएम मोदी पर तंज कसने से नहीं चूके. अख्तर ने कहा, ‘उसके (अल्लाह) मुकाबले तो हमारे प्रधानमंत्री बेहतर हैं, कुछ तो खयाल करते हैं.’
पूरी बहस के दौरान जावेद अख्तर बार-बार धर्म के नाम पर होने वाली हिंसा की बात उठाते रहे. उन्होंने पूछा, ‘ईश्वर पर आकर सारे सवाल क्यों रुक जाते हैं? सवाल करना क्यों बंद कर देना चाहिए? कैसा ईश्वर (अल्लाह) है जो बच्चों को बम से उड़ते देखता है? अगर वह मौजूद है और यह सब होने देता है, तो उसका न होना ही बेहतर है.’
‘खुदा ने बुराई बनाई पर वो जिम्मेदार नहीं’
इस पर मुफ्ती शमाइल नदवी ने काउंटर करते हुए दावा किया कि इसके लिए इंसान खुद जिम्मेदार है, अल्लाह नहीं. मुफ्ती ने कहा,’ खुदा ने बुराई बनाई है, लेकिन खुदा बुरा नहीं है. जो लोग अपनी आजादी का गलत इस्तेमाल करते हैं, वही जिम्मेदार हैं.’ मौलाना का तर्क था कि हिंसा या बलात्कार जैसे अपराध इंसानी फैसलों का नतीजा हैं, न कि अल्लाह की मंशा का.
