News in Brief

North India Weather Update 22 December 2025: दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत में 2-3 दिनों से ठंड का एहसास बढ़ा है. हालांकि ऊंचे पहाड़ी इलाके इस ठंड में ज्यादा हसीन हो गए हैं. कश्मीर में ऐसा नज़ारा है कि पेंटिंग्स और पेंटिंग भी इसके आगे फेल हो जाए. जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है. बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों के भी चेहरे खिल गए हैं.

गुलमर्ग में भी बर्फबारी से नजारा बिल्कुल बदला हुआ है. बर्फबारी के बाद सड़कों पर भारी बर्फ जम गई है. पूरा इलाका बर्फिस्तान में तब्दील हो गया है. बर्फबारी को देख सैलानियों के चेहरे खुशी से खिलखिला उठे हैं.

माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तक तापमान

Add Zee News as a Preferred Source

सोनमर्ग में तापमान माइनस में चल रहा है.वहां पर बर्फ इतनी गिरी है कि श्रीनगर को जोड़ने वाला रास्ता बंद है. यहां आने वाले पर्यटकों के लिए ये समय सबसे सही है. इसकी वजह ये है कि आने वाले समय में यहां तापमान माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तक जाने वाला है.

लेह में ताजा बर्फबारी से वादियां गुलजार हो गई. चारों ओर सिर्फ बर्फ का कब्जा नजर आ रहा है. कई इलाके बर्फ की खूबसूरत सफेद चादर से ढके हुए हैं. वहीं बच्चे इस स्नोफॉल का मजा ले रहे हैं. वहां पर जमीन से लेकर आसमान तक आपको सफेद रंग ही दिखाई देगा. पेड़-पौधों पर, मकानों की छत से लेकर गाड़ियों तक सब जगह बर्फ का डेरा जमा है.

जम्मू कश्मीर में चिल्लई कलां की शुरुआत

बांदीपोरा ज़िले में इस वक्त कई टूरिस्ट पहुंचे हुए हैं. इसकी वजह ये है कि रजदान टॉप, तुलैल, दावर गुरेज और बागतोर जैसे कई इलाकों में अच्छी बर्फबारी हुई. जो सर्दियों में रियल कश्मीर देखना है, वो यहां सबसे पहले पहुंच रहे हैं. रजदान बेल्ट में बर्फबारी इतनी हुई है कि 85 किलोमीटर लंबी बांदीपोरा–गुरेज सड़क पर गाड़ियां चलनी ही बंद हो गई हैं.

अचानक बढ़ी इस ठंड की वजह ये है कि जम्मू कश्मीर में चिल्लई कलां की शुरुआत हो चुकी है. चिल्लई कलां, कश्मीर की सर्दियों के सबसे ठंडे 40 दिनों का वक्त होता है. हरे-भरे घास के मैदान हों. चीड़ के जंगल हों या फिर पहाड़ी ढलानें. सब एकदम सफेद हो गए हैं. 

कारगिल में भी होने लगी बर्फबारी

कारगिल में भी हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है. यहां पर भारी गाड़ियों का जाना बंद हो चुका है. सभी ड्राइवर्स को एंटी-स्किड चेन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. जिससे बर्फ के बीच हादसे न हो.

अनंतनाग की भीषण ठंड और भारी बर्फ ने कहर बरपा रखा है. भारी बर्फबारी की वजह से नदियां और झरने जम गए खेतों में खड़ी फसल पर भी बर्फ का कब्जा दिखाई दे रहे हैं. 

मनाली में लगने लगा पर्यटकों का मजमा

पहाड़ों पर सर्दी ने जोर पकड़ लिया है. नदी-नाले, झरने और झीलें बर्फ की चादर ओढ़कर शांत हो चुके हैं. खास तौर पर बदरीनाथ धाम के पास बहने वाली ऋषिगंगा नदी का मनमोहक नजारा देखते ही बनता है. नदी की पूरी धारा लगभग जमकर बर्फ बन चुकी है.

दिल्ली के प्रदूषण से बचने के लिए काफी सैलानी हिमाचल के मनाली पहुंच रहे हैं. पहाड़ों में बर्फबारी और वादियों का आनंद लेते टूरिस्ट मनाली में नज़र आ रहे हैं. 

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में पूरे कश्मीर में बर्फ़बारी और बारिश में बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है, और निवासियों और यात्रियों को सावधान रहने की सलाह दी है.

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा सोमवार का मौसम?

दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो 22 दिसंबर 2025 को आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाले हैं. इस दौरान सुबह के समय कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है. न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. जबकि अधिकतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सोमवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है. इस दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. 22 दिसंबर को हवा हल्की रहेगी, जिसकी गति 5-10 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रहने की उम्मीद है.

इन राज्यों में कोहरा करेगा परेशान

पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में सोमवार को कोहरे का असर सबसे ज्यादा रहेगा. जिससे सड़क यातायात और हवाई उड़ानों में देरी होने की आशंका है. पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवाओं की वजह से तापमान सामान्य से थोड़ा कम बना हुआ है. हालांकि अभी कोल्ड वेव की स्थिति नहीं है. हालांकि 22 दिसंबर के बाद ठंड में और इजाफा होने के आसार हैं.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस मौसम में बाहर निकलते समय सावधानी बरतें. खासकर सुबह और शाम को ड्राइविंग करते समय गाड़ी की स्पीड कम रखें. रात और सुबह के समय ठंडक ज्यादा महसूस होगी, इसलिए गर्म कपड़े साथ रखें. रात को खुले में न सोएं.