News in Brief

अगर आप सोचते हैं कि नाम में क्या रखा है तो यह किस्सा सुनकर सकपका जाएंगे. राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही थीं. पीएम नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर शपथ लेने वाले मंत्रियों की लिस्ट तैयार कर रहे थे. नाम तय हो रहे थे और निजी सचिव फोन पर सूचना देते जा रहे थे. इसी दौरान एक गड़बड़ हो गई. एक नाम वाले दो लोगों को फोन चला गया और दूसरे दिन राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में दोनों शपथ लेने पहुंच गए. यह रोचक प्रसंग अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्रिमंडल गठन के दौरान हुआ था. वाजपेयी के मीडिया सलाहकार रहे अशोक टंडन ने अपनी किताब ‘अटल संस्मरण’ में यह किस्सा सुनाया है. 

वह लिखते हैं- अटलजी और आडवाणीजी प्रधानमंत्री निवास पर नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले मंत्रियों की सूची बना रहे थे. जैसे-जैसे नाम तय हो रहे थे वैसे-वैसे ही कमरे के बाहर अटलजी के निजी सचिव उन नेताओं को फोन पर सूचना देने का निर्देश दे रहे थे. अंदर से संदेश आया कि ‘राधाकृष्णन जी को सूचना दे दीजिए’. निजी सचिव ने बिना जाने कि किस राधाकृष्णन जी को फोन लगाना है भाजपा सांसदों की सूची से कोयंबतूर से लोकसभा के सदस्य सीपी राधाकृष्णन को सूचित कर दिया कि आपको कल राष्ट्रपति भवन शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया गया है. जबकि सूचना कन्याकुमारी से लोकसभा के सदस्य पोन राधाकृष्णन को दी जानी चाहिए थी. 

एक शपथ के लिए दो नेता आए

Add Zee News as a Preferred Source

अगले दिन राष्ट्रपति भवन प्रांगण में दोनों राधाकृष्णन पहुंचे थे और वहां नियुक्त अधिकारियों के लिए असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी क्योंकि कुर्सी पर सीपी राधाकृष्णन लिखा गया था. ऐसे में पहले शपथ ग्रहण समारोह में सीपी राधाकृष्णन ने ही शपथ ली थी और बाद में पोन राधाकृष्णन को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था. 

जब अटल बोले, देवीजी को फोन लगाइए

टंडन लिखते हैं कि अटलजी का कम शब्दों में, कई बार तो संकेतों द्वारा अपनी मंशा व्यक्त करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा था. अटल जी कई बार तो संकेतों द्वारा अपनी मंशा व्यक्त करते थे और उनके संकेत समझने में हम लोगों को काफी कठिनाई होती थी. एक बार अटलजी ने निजी सचिव से कहा कि ‘देवीजी’ को फोन लगाएं. अटलजी आमतौर पर महिलाओं को देवीजी कहकर संबोधित करते थे. निजी सचिव की समझ में नहीं आ रहा था कि किन देवीजी को फोन लगाना है. पूरे प्रधानमंत्री कार्यालय में मैं अकेला ही राजनीतिक स्तर का अधिकारी था और मैं समझ गया कि अटलजी किनसे बात करना चाहते हैं. 

पढ़ें: सोनिया गांधी को रोकने के लिए ईसाई vs ईसाई का फॉर्मूला क्या था? अटल मान जाते तो आडवाणी प्रधानमंत्री होते

मैंने निजी सचिव को बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मदनदास देवीजी को फोन लगाइए. पीएमओ में कई कर्मचारी पुराने प्रधानमंत्रियों के समय से चले आ रहे थे और उनमें से कुछ प्रधानमंत्री निवास पर ड्यूटी देते थे. ऐसे कुछ लोग पार्टी के नेताओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख अधिकारियों के बारे में कुछ नहीं जानते थे. 

यह शेषाद्रिजी कौन हैं…

एक बार प्रधानमंत्री निवास पर फोन आया कि माननीय शेषाद्रिजी प्रधानमंत्री से बात करना चाहते हैं. जिस पीए ने फोन सुना उसने बिना फोन पर हाथ रखे दूसरे सहयोगी से पूछा, ‘यह शेषाद्रिजी कौन हैं?’ ऐसे ही एक बार पूर्वोत्तर में भाजपा का काम कर रहे वरिष्ठ नेता पद्मनाभ आचार्य ने फोन पर प्रधानमंत्री जी से मिलने का समय मांगा और उधर से एक पीए ने कहा ‘कौन पद्मनाभ आचार्य ?’ 

पढ़ें: किसने पिलाई थी नेताओं को वो चाय, पीने वालों ने गिरा दी भाजपा सरकार!

कुछ दिन बाद पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पद्मनाभ आचार्य ने अटलजी से शिकायत की थी और कहा आपके कार्यकाल में पार्टी के नेताओं के बारे में कोई जानकारी नहीं रहती और पूछा जाता है कि आप कौन हैं. अटल जी ने इस बात को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए निजी सचिव को निर्देश दिया कि वे स्वयं इस मामले की जांच करें और आगे से ऐसी घटनाओं को रोकने का प्रयास करें.