Humayun Kabir: तृणमूल कांग्रेस (TMC) से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने सोमवार को अपनी नई राजनीतिक पार्टी के औपचारिक नाम का ऐलान कर दिया. विधायक हुमायूं कबीर ने अपनी पार्टी का नाम जनता उन्नयन पार्टी (JUP) रखा. कबीर ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में राज्य की सभी 294 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और राज्य की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाएगी.
पार्टी के चुनाव चिन्ह को लेकर कबीर ने बताया कि उनकी पहली पसंद ‘टेबल’ है. इसके अलावा ‘गुलाब’ और ‘नारियल का पेड़’ भी विकल्प के तौर पर रखे गए हैं. अंतिम फैसला चुनाव आयोग के आवंटन पर निर्भर करेगा. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में अगली सरकार के गठन में JUP की भूमिका अहम होगी. रणनीति को लेकर कबीर ने कहा कि मुर्शिदाबाद की 30 विधानसभा सीटों के लिए वह वाम मोर्चा (माकपा) के साथ तीन सीटें, इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) के साथ एक सीट और अधीर रंजन चौधरी के नेतृत्व वाली कांग्रेस के साथ नौ सीटें साझा करने का प्रस्ताव देंगे यदि सहमति बनी तो अन्यथा पार्टी अकेले ही सभी 30 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. कुल मिलाकर JUP 182 सीटों पर सक्रिय रूप से चुनाव लड़ने की योजना बना रही है.
स्टेट कमेटी का गठन करेगी पार्टी
कबीर ने यह भी बताया कि सोमवार को पार्टी की स्टेट कमेटी का गठन किया जाएगा और पश्चिम मेदिनीपुर के अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी. पार्टी के विस्तार और संगठनात्मक ढांचे को जल्द मजबूत किया जाएगा. राजनीतिक प्रतिक्रिया देते हुए कबीर ने कहा कि धार्मिक मुद्दों पर दोहरे मानदंड अपनाए जाते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जब बहुसंख्यक समुदाय से जुड़े धार्मिक कार्य होते हैं तो उन्हें स्वीकार किया जाता है लेकिन अल्पसंख्यकों की पहल को अक्सर संविधान के खिलाफ बताया जाता है.
ये भी पढ़ें: 1962 के परमाणु कानून से कितना अलग है शांति कानून, राष्ट्रपति ने किए दस्तखत, प्राइवेट सेक्टर के लिए खुला अरबों के निवेश का दरवाजा
अल हाजी को पार्टी में मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
कबीर ने कहा कि पार्टी का झंडा जिसका अनावरण आज किया जाएगा जल्द ही कोलकाता, काकद्वीप, कूचबिहार, अलीपुर, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, मालदा सहित पूरे पश्चिम बंगाल में दिखाई देगा. उन्होंने मुर्शिदाबाद को अपनी जन्मभूमि बताते हुए कहा कि यहां पार्टी का झंडा जरूर लहराएगा. यह घोषणा बेलडांगा के पास मिर्जापुर में की जाएगी जहां कबीर द्वारा प्रस्तावित बाबरी मस्जिद का स्थल भी स्थित है. कबीर ने बताया कि पश्चिम मेदिनीपुर के अल हाजी को पार्टी में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है.
