अक्षय खन्ना की एक्टिंग के फैन हैं और धांसू फिल्म देखना चाहते हैं तो उनकी कुछ फिल्में ऐसी हैं, जिन्हें मिस नहीं किया जा सकता. इन फिल्मों में उनका अलग-अलग रंग देखने को मिलता है, कहीं गंभीर अभिनेता के रूप में तो कहीं रोमांटिक और कहीं दमदार वकील के किरदार में. यही वजह है कि उनकी ये पांचों फिल्में उनके टैलेंट का असली उदाहरण मानी जाती हैं और हर सिनेमा प्रेमी को जरूर देखनी चाहिए.
‘धुरंधर’ में दिखा एक्शन और सस्पेंस
साल 2025 की बड़ी फिल्मों में शामिल ‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना ने जबरदस्त काम किया है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह एक स्पाई थ्रिलर फिल्म है. इसमें भारत की खुफिया एजेंसी रॉ और कराची के गैंग्स के बीच की कहानी दिखाई गई है. अक्षय का किरदार रहमान डकैत का है. जो कहानी को और मजबूत बनाता है.
‘छावा’ में औरंगजेब का गंभीर रूप
फिल्म ‘छावा’ में अक्षय खन्ना ने मुगल बादशाह ‘औरंगजेब’ का रोल निभाया है. जहां विक्की कौशल की ऊर्जा फिल्म को आगे बढ़ाती है. वहीं अक्षय अपनी शांत और गंभीर एक्टिंग से डर और रुतबा दोनों दिखा देते हैं. बिना ऊंची आवाज के भी उनका किरदार असर छोड़ता है.
‘गांधी’, माई फादर में भावनाओं की गहराई
फिल्म ‘गांधी माई फादर’ में अक्षय खन्ना ने महात्मा गांधी के बेटे हरीलाल गांधी का किरदार निभाया था. पिता और बेटे के रिश्ते की उलझन, दर्द और दूरी को उन्होंने बहुत सच्चे तरीके से दिखाया. इस फिल्म को उनके करियर के बेहतरीन कामों में गिना जाता है.
‘ताल’ में रोमांस और सादगी
सुभाष घई की फिल्म ‘ताल’ में अक्षय खन्ना का रोमांटिक अंदाज देखने को मिला. एक म्यूजिशियन के रूप में उनकी सादगी और मासूमियत ने दर्शकों का दिल जीत लिया था. फिल्म के गाने और उनका अभिनय आज भी याद किए जाते हैं.
‘सेक्शन 375’ में वकील की दमदार भूमिका
कोर्ट रूम ड्रामा ‘सेक्शन 375’ में अक्षय खन्ना ने वकील का किरदार निभाया. बिना ज्यादा नाटक के, सिर्फ अपने तर्क और डायलॉग से उन्होंने फिल्म को मजबूत बना दिया. यह फिल्म दिखाती है कि अक्षय खन्ना गंभीर और सोचने पर मजबूर करने वाले रोल कितनी आसानी से निभा लेते हैं.
