Viral Video Of Assault Patient: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में Indira Gandhi Medical College and Hospital (IGMC) से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया. यहां अस्पताल के वार्ड के अंदर एक डॉक्टर द्वारा मरीज के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो सामने आते ही राज्य सरकार और अस्पताल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की. आरोपी डॉक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है. उसे शिमला स्थित डायरेक्टरेट ऑफ मेडिकल एजुकेशन में रिपोर्ट करने के आदेश दिए गए हैं.
मरीज के परिजनों का आरोप
मरीज के रिश्तेदार नरेश दश्टा ने बताया कि पीड़ित अर्जुन पवार चौपाल के कुपी इलाके के चेटा गांव के रहने वाले हैं. पेशे से शिक्षक हैं. वह आईजीएमसी में एंडोस्कोपी कराने आए थे. आईपीडी मरीज थे. जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें सीने से जुड़ी परेशानी बताई. साथ ही दो घंटे आराम करने की सलाह दी.
नरेश दश्टा के मुताबिक जब अर्जुन पवार पल्मोनरी विभाग में खाली बेड पर लेटे थे और उन्हें ऑक्सीजन लगाई जा रही थी, तभी वहां मौजूद एक सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर और एक अन्य डॉक्टर ने उनके साथ बदतमीजी शुरू कर दी. जब मरीज ने डॉक्टर से ठीक से बात करने को कहा तो मामला और बढ़ गया.
परिजनों का आरोप है कि वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ऑक्सीजन पर पड़े मरीज के साथ मारपीट की गई है. एक डॉक्टर ने उनके पैर पकड़े और मरीज को चोट लगी जिससे खून भी निकला. परिजनों ने इसे हत्या की कोशिश बताया और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सख्त केस दर्ज करने की मांग की है. नरेश दश्टा ने यह भी कहा कि इसी डॉक्टर के खिलाफ पहले भी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायतें की जा चुकी हैं. उनका कहना है कि ऐसे मामलों से पूरे आईजीएमसी और राज्य की छवि खराब होती है. जबकि अस्पताल में कई अच्छे डॉक्टर भी काम कर रहे हैं.
अस्पताल प्रशासन ने क्या कहा
IGMC के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट Dr. Rahul Rao ने बताया कि यह घटना पल्मोनरी मेडिसिन विभाग में हुई. मरीज ब्रोंकोस्कोपी के बाद आराम करने के लिए वार्ड में गया था. अस्पताल के नियमों के अनुसार वार्ड में केवल भर्ती मरीजों को ही रहने की अनुमति होती है. इसी बात को लेकर डॉक्टर और मरीज के बीच बहस हुई और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी. आगे उन्होंने कहा कि जैसे ही मामला सामने आया तुरंत विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई. मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर तुरंत रिपोर्ट सरकार को भेजी गई.
कुछ ही घंटों में हो गया फैसला
डॉ. राहुल राव ने बताया कि दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच घटना की जानकारी मिली थी. शाम करीब 6 बजे तक सरकार के निर्देश आ गए. चार घंटे के अंदर डॉक्टर को सस्पेंड कर दिया गया. जांच कमेटी बना दी गई. उन्होंने साफ कहा कि जांच निष्पक्ष होगी. किसी को बचाया नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें: भाजपा-कांग्रेस के धुरंधर लौट रहे! 75 सीटों पर राज्यसभा चुनाव क्या भारत की पॉलिटिक्स को बदलने वाले हैं?
