News in Brief

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित चार दशकों से भी ज्यादा समय से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं. उन्होंने न सिर्फ कई सुपरहिट फिल्में दीं, बल्कि बदलते दौर के साथ खुद को भी लगातार ढालती रहीं. हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कई बाते शेयर की. एक्ट्रेस ने स्वीकार किया कि उन्हें अक्सर अपनी शक्ल-सूरत के बारे में ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था. 

एक्ट्रेस ने कहा, ‘जब मैंने शुरुआत की थी, तब बहुत से लोग मुझसे कहते थे यह करो, तुम्हारी नाक कैसी है, तुम्हारा ये, तुम्हारा वो.’ उन्होंने बताया उस समय, वह अपनी मां से दिलासा लेने जाती थीं. उन्होंने कहा, ‘मैं जाकर कहती थी, ‘मां, लोग ऐसा कह रहे हैं, और मेरी मां कहती थीं, ‘चिंता मत करो. एक बार तुम्हारी फिल्म सफल हो जाए, तो लोग तुम्हारी इसी बात को पसंद करेंगे.’ माधुरी ने स्वीकार किया कि तब उन्हें इस बात पर यकीन करना मुश्किल लगता था. उन्होंने कहा,”मैं कहती थी, ‘मां, ऐसा नहीं होगा, तो  वह कहती थीं, ‘चिंता मत करो. क्या तुम्हें मुझ पर भरोसा है?’ मैंने हां कहा, और उन्होंने कहा, ‘तो फिर देखना क्या होता है.’

ये भी पढ़ें: 42 साल का’धुरंधर’ फिल्ममेकर…जिसने 6 साल में दी सिर्फ 2 फिल्में, कमाए 1200 करोड़ से ज्यादा; नेटवर्थ है 1000000000

Add Zee News as a Preferred Source

माधुरी ने आगे बताया कि तेजाब फिल्म के बाद उनकी लाइफ ही बदल गई थी. उन्होंने कहा,”तेज़ाब के बाद किसी ने भी मेरे पतले होने या किसी और चीज़ के बारे में कुछ नहीं कहा था. लोगों ने मुझे वैसे ही स्वीकार कर लिया जैसी मैं थी.” उन्होंने कहा, “आज भी मैं नई अभिनेत्रियों से कहती हूं ति किसी सांचे में ढलने की कोशिश मत करो. यह मत सोचो कि एक हिरोइन को ऐसा दिखना चाहिए. अगर तुम अलग हो, तो यह तुम्हारी खासियत है. इसे एंजॉय करो,”

उन्होंने इंडस्ट्री में अपने शुरुआती दिनों से लेकर अब तक के अनुभव साझा किए. माधुरी दीक्षित ने अपने करियर की शुरुआत साल 1984 में आई फिल्म ‘अबोध’ से की थी. उस दौर को याद करते हुए उन्होंने, ”तब फिल्म इंडस्ट्री आज जैसी व्यवस्थित नहीं थी. 80 और 90 के दशक में सिर्फ कुछ ही प्रोड्यूसर ऐसे थे, जो काम को बहुत प्रोफेशनल तरीके से करते थे. इनमें यश चोपड़ा, बीआर चोपड़ा, सुभाष घई और राजश्री प्रोडक्शन्स जैसे नाम शामिल थे. ज्यादातर फिल्में बिना ज्यादा प्लानिंग और सुविधाओं के बनती थीं. आज की तुलना में उस समय सब कुछ काफी अव्यवस्थित हुआ करता था.”

ये भी पढ़ें: वो सिंगर..जिसके अफेयर के खूब हुए चर्चे, लता मंगेशकर भी थीं फैन, गाए 10000 गाने; एक गाना तो आज भी है सबका फेवरेट

माधुरी ने कहा, ”पहले फिल्मों में काम करते समय कलाकारों को बहुत ज्यादा तैयारी का मौका नहीं मिलता था. शूटिंग अक्सर अचानक शुरू हो जाती थी और कलाकारों को मौके पर ही सीन समझकर शूट करना पड़ता था. आज के समय में स्थिति बिल्कुल बदल चुकी है. अब कलाकारों को पहले से पूरी स्क्रिप्ट मिल जाती है, किरदार पर विस्तार से काम करने का समय मिलता है और शूटिंग से पहले अच्छी तैयारी की जाती है. इससे कलाकार अपने रोल को बेहतर तरीके से निभा पाते हैं.”

उन्होंने कहा, ”पहले शूटिंग के दौरान कलाकारों की सुविधाओं पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया जाता था. न वैनिटी वैन होती थी और न ही आराम करने की कोई खास जगह. कलाकारों को तेज धूप में छाता लगाकर बैठना पड़ता था. इसके मुकाबले आज फिल्म सेट पर हर सुविधा उपलब्ध होती है. कलाकारों के लिए आरामदायक वैनिटी वैन होती हैं, जहां वे शॉट्स के बीच आराम कर सकते हैं या तैयार हो सकते हैं. इससे काम का माहौल भी बेहतर हो जाता है.” माधुरी ने कहा, “आज फिल्मों में किरदारों पर बहुत ज्यादा मेहनत की जाती है. अब यह पहले से तय होता है कि कलाकार क्या पहनेंगे, उनका लुक कैसा होगा, और वे किस तरह से स्क्रीन पर नजर आएंगे. शूटिंग से पहले रीडिंग सेशन और रिहर्सल भी होती है, जो पहले के समय में नहीं हुआ करती थी. इन सब बदलावों से फिल्ममेकिंग का स्तर काफी ऊपर चला गया है.”