News in Brief

Uddhav, Raj Thackeray Join Hands For Mumbai Civic Polls:  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की पार्टी मनसे के बीच गठबंधन पर कटाक्ष किया है. उन्होंने कहा कि ‘ठाकरे ब्रदर्स’अपने परिवार और नाम को बचाने के लिए यह आखिरी कोशिश कर रहे हैं. शहजाद पूनावाला ने न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा, “जब भारतीय जनता पार्टी और महायुति ने महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में ऐतिहासिक भारी बहुमत हासिल किया, उससे भी पहले जब हमने विधानसभा में बड़ी जीत हासिल की, तो अब भाजपा के घोर विरोधी भी अपना वजूद बचाने के लिए एक साथ आ रहे हैं.”

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के पास कोई मिशन या विजन नहीं है. वे सिर्फ अपनी पोजीशन बचाने की कोशिश कर रहे हैं. पूनावाला ने कहा, “कांग्रेस और शिवसेना का एक साथ आना कभी संभव नहीं माना जाता था. क्योंकि दोनों दलों में काफी असमानताएं हैं. इनमें एक दल (शिवसेना) हिंदुत्व और वीर सावरकर को पूजता है, जबकि दूसरा दल (कांग्रेस) हिंदुत्व और सावरकर को गाली देता है. लेकिन दो धुर विरोधी दल भी साथ आने को मजबूर हो गए.”

उन्होंने कहा कि फिलहाल उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे अपने नाम व परिवार को बचाने के लिए साथ आ रहे हैं, लेकिन इससे महाराष्ट्र में ज्यादा असर नहीं पड़ा, क्योंकि राज्य की जनता बहुत जागरुक है. शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस से भी सवाल पूछा है. उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नेता कहते हैं कि लोगों के साथ गुंडागर्दी और भाषा के आधार पर मारपीट के वह खिलाफ हैं. लेकिन राज ठाकरे का उद्धव ठाकरे के साथ गठबंधन होने पर भी इस पार्टी को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए.”

Add Zee News as a Preferred Source

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बयान का समर्थन करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मजहबी आधार पर देश के बंटवारे को कांग्रेस ने स्वीकार किया. उन्होंने कहा, “कांग्रेस के कार्यकाल में देश में सबसे ज्यादा हिंदू-मुस्लिम दंगे हुए. आज भी मुस्लिम आरक्षण की बात कांग्रेस पार्टी करती है. कांग्रेस के नेता कहते हैं कि शरिया संविधान से ऊपर होना चाहिए. कांग्रेस ने ही वक्फ और सीएए जैसे कानूनों का विरोध किया.”

शहजाद पूनावाला ने ‘बाबरी मस्जिद’ को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान पर कहा, “पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार ने हुमायूं कबीर को चुनाव से पहले बाबरी के नाम पर पूरे वोटबैंक को भड़काने की खुली छूट दे दी है.”

प्रदीप भंडारी का करारा तंज: मुंबई विकास चुनेगी, ठाकरे जमानत बचाएंगे
24 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और उन्होंने ठाकरे गठबंधन पर भी जोरदार हमला बोला. उनका कहना था कि “मुंबई में जनता विकास को चुनने जा रही है और ये दोनों (ठाकरे भाई) अपना परिवार और जमानत बचाने आए हैं. मुंबई एनडीए के साथ है.” प्रदीप भंडारी ने एक तरफ बंगाल में चल रहे प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए तुष्टिकरण पर भी निशाना साधा है.  उन्होंने कहा, “बंगलादेश में जो हो रहा है, उसके खिलाफ बंगाल में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठी-डंडे चलाए जा रहे. बंगाल में कोई साधु-संतों पर डंडे चले, ये तुष्टिकरण की पराकाष्ठा है.” उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को शर्मनाक बताया है. प्रदीप भंडारी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि ममता सरकार हिंदुओं पर लाठी चलवाती है. (इनपुट आईएएनएस से भी)