News in Brief

Nitin Gadkari on Pollution: दिल्ली के प्रदूषण को लेकर अभी तक विपक्षी पार्टियों के नेता ही सरकार पर हमला बोल रहे थे लेकिन अब इस कड़ी में खुद भाजपा के नेताओं ने बोलना शुरू कर दिया है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक प्रोग्राम के दौरान प्रदूषण को लेकर कहा देश की राजधानी में दो दिन रहने से उन्हें इन्फेक्शन हो जाता है.

दिल्ली में दो दिन में इंफेक्शन हो जाता है

सीनियर पत्रकार उदय माहुरकर की किताब, ‘माई आइडिया ऑफ नेशन फर्स्ट: रीडिफाइनिंग अनअलॉयड नेशनलिज्म’ के लॉन्च पर एक सभा को संबोधित करते हुए, गडकरी ने कहा कि आज राष्ट्रवाद का सबसे बड़ा रूप देश के एक्सपोर्ट को बढ़ाना और इंपोर्ट को कम करना होगा. मैं (दिल्ली में) मुश्किल से दो दिन रहता हूं और इन्फेक्शन हो जाता है. दिल्ली प्रदूषण से क्यों जूझ रही है?’

40 फीसद प्रदूषण हमारी वजह से

नितिन गडकरी ने कहा,’मैं ट्रांसपोर्ट मंत्री हूं, 40 परसेंट प्रदूषण हमारी वजह से है… क्योंकि फॉसिल फ्यूल की वजह से. हम फॉसिल फ्यूल इंपोर्ट करने पर 22 लाख करोड़ रुपये खर्च कर रहे हैं और प्रदूषण बढ़ा रहे हैं. यह कैसा राष्ट्रवाद है?.’ उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि लोग इको-फ्रेंडली टेक्नोलॉजी को अपनाने के लिए तैयार नहीं हैं. क्या हम अल्टरनेटिव फ्यूल और बायोफ्यूल से आत्मनिर्भर भारत नहीं बना सकते?’

हर मुसलमान आतंकवादी नहीं होगा

एक और अहम टिप्पणी में गडकरी ने कहा कि यह कहना गलत है कि हर मुसलमान आतंकवादी है. कोई कितना कट्टरपंथी और जहरीला है इसमें ग्रेडेशन होना चाहिए. डॉ एपीजे अब्दुल कलाम हमारे आइकन हैं. डॉ कलाम जैसे लोगों की संख्या बढ़ानी होगी. उन तक शिक्षा पहुंचानी होगी. मैं अक्सर देखता हूं कि मुसलमान क्या करते हैं, चाय की दुकानें चलाते हैं और पंक्चर की दुकानें चलाते हैं और शिक्षा की कमी के चलते जनसंख्या वृद्धि है.

हिंदुत्व उदार और सहिष्णु है

गडकरी ने कहा कि देश में टहिंदू-मुस्लिम मुद्दे कांग्रेस की वोट बैंक की राजनीति का नतीजा हैं. उन्होंने कहा कि सेक्युलरिज्म का मतलब सभी के लिए न्याय है लेकिन वोट बैंक की राजनीति के लिए लाई गई नीतियों ने समस्या पैदा की. हमारी संस्कृति सांप्रदायिक और जातिवादी नहीं है. हिंदुत्व उदार और सहिष्णु है.

भारत सेक्युलर था और रहेगा

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जरिए एक बार व्यक्त किए गए विचारों को दोहराते हुए गडकरी ने कहा,’भारत एक सेक्युलर देश है. यह सेक्युलर था और सेक्युलर रहेगा. यह बीजेपी या RSS की वजह से नहीं है. यह भारतीय संस्कृति, हिंदू संस्कृति और सनातन संस्कृति की वजह से है, जो हमें पूरी दुनिया के कल्याण की कामना करना सिखाती है.’

गाड़ियां दिल्ली के बाहर भी चलती है- इमरान मसूद

दिल्ली में बीजेपी सरकार राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण को रोकने में अपनी विफलता के लिए आलोचना का सामना कर रही है, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स हफ्तों से ‘बहुत खराब’ और ‘खतरनाक’ कैटेगरी में है. कांग्रेस के इमरान मसूद ने गडकरी की बातों का सहारा लेकर दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार, दोनों पर निशाना साधा, जिन पर BJP का राज है. उन्होंने कहा,’गडकरी में कम से कम यह मानने की हिम्मत तो थी. जब आप सभी समाधान बता रहे हैं, तो कृपया इसका भी कोई समाधान बताएं. मुझे नहीं लगता कि गाड़ियां ही प्रदूषण का एकमात्र सोर्स हैं. गाड़ियां दिल्ली के बाहर भी चलती हैं.’