
North India Weather Update: ठिठुरा देने वाली ठंड इन दिनों पूरे उत्तर भारत को अपनी गिरफ्त में ले चुकी है. रात तो छोड़िए, दिन में भी अब ठंड दूर नहीं हो रही है. ऊपर से कोहरा भी लोगों की मुसीबत बढ़ा रहा है. दिल्ली-एनसीआर में पूरी तरह ठंड की चादर में लिपटा हुआ है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कई दिनों तक लोगों को इसी सूखी ठंड का सामना करना पड़ेगा. तब तक बारिश की कोई संभावना नहीं है. आइए जानते हैं कि अगले कुछ दिनों में मौसम कैसा रहने वाला है.
उत्तर भारत का मिजाज रहेगा ठंडा
IMD के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में इस गुरुवार को सुबह घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट है. कई जगहों पर शीतलहर जैसी स्थिति बनी रहेगी. इस दौरान न्यूनतम तापमान 6-10 डिग्री के बीच तक जा सकता है.
अगर हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचे इलाकों की बात करें तो वहां पर पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की-मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इस वजह से घूमने गए पर्यटकों को काफी फायदा हो सकता है. साथ ही स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलने से फायदा हो सकता है.
मुंबई-गोवा में मजे में कटेगा हफ्ता
मुंबई और गोवा के लिए में दिसंबर का आखिरी हफ्ता ठंडक भरा लेकिन सुखद रहने के आसार हैं. इस दौरान दिन का तापमान 28-32 डिग्री और रात का 18-22 डिग्री रह सकता है. गुरुवार को आसमान साफ रहेगा और हल्की ठंडी हवा चलेगी.
पूर्वी भारत में गुनगुनी धूप का आनंद
कोलकाता और ओडिशा के आसपास गुरुवार सुबह हल्का कोहरा रह सकता है. दिन में अधिकतम तापमान 25-28 डिग्री तक जा सकता है. असम- अरुणाचल प्रदेश में ठंड बढ़ रही है लेकिन बारिश-बर्फबारी का असर कम है.
दिल्ली-एनसीआर में कुछ ऐसा रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 25 दिसंबर का दिन ठंडा लेकिन धूप वाला रहेगा. दिन में आसमान ज्यादातर साफ रहेगा और दोपहर में धूप निकल आएगी. दिन भर हल्की ठंडी हवाएं चलती रहेंगी, जो ठिठुरन का अहसास करवाएंगी. सुबह-शाम कोहरे के आसार हैं. न्यूनतम तापमान 7-9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 18-21 डिग्री तक रह सकता है.
बाहर निकलते वक्त बरतें ये सावधानी
इस दौरान अगर आप कहीं घूमने के लिए बाहर जा रहे हैं तो स्वेटर या जैकेट जरूर साथ रखिए. इस दौरान सुबह के समय कोहरा हो सकता है, इसलिए ड्राइविंग में सावधानी बरतिए. AQI अभी भी ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ के बीच रह सकता है, तो मास्क साथ रखना बेहतर रहेगा.
