
Johny Lever: फेमस कॉमेडियन जॉनी लीवर की बेटी जेमी लीवर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर हमेशा एक्टिव रहती हैं और लोगों को हंसाती रहती हैं, लेकिन कुछ दिन पहले उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने तान्या मित्तल की मिमिक्री की थी. उस पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की थी क्योंकि नेटिजन्स का लगा कि जेमी बिग बॉस 19 कंटेस्टेंट की बॉडी शेमिंग कर रही हैं. वहीं अब गुरुवार 25 दिसंबर को जैमी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अनाउंस किया कि वह अभी ब्रेक ले रही हैं. जॉनी लीवर की बेटी के इस पोस्ट ने उनके फैंस को चिंता में डाल दिया है.
जेमी की पोस्ट ने बढ़ाई फैंस की चिंता
जेमी ने पोस्ट शेयर करते हुए उसमें लिखा ‘जो लोग मुझे सच में जानते हैं, वे जानते हैं कि मैं अपने काम से कितना प्यार करती हूं और कितनी ईमानदारी से करती हूं. मैं भगवान की शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे दूसरों को खुशी देने का तोहफा दिया और सालों से मिले इस प्यार के लिए हमेशा आभारी रहूंगी. मैंने इस सफर में सीखा है कि हर कोई आपके लिए चीयर नहीं करता या आपके साथ नहीं हंसेगा. हाल ही में हुई घटनाओं ने मुझे ऐसा महसूस कराया कि मैंने अपना एक छोटा सा हिस्सा खो दिया है. यह सोच-समझकर कर रही हूं. गुस्से में नहीं.’
फैंस कर रहे कमेंट्स
उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे लिखा ‘मुझे अपना काम बहुत पसंद है और मैं हमेशा एंटरटेन करती रहूंगी. अभी के लिए मैं थोड़ा आराम कर रही हूं और खुद को रीसेट कर रही हूं. अगले साल 2026 में मिलते हैं. प्यार, दुआओं और सपोर्ट के लिए हमेशा धन्यवाद.’ जेमी लीवर के इस पोस्ट पर फैंस जमकर रिएक्ट कर रहे हैं. इस पोस्ट पर रिएक्शन देते हुए कई फैंस ने कमेंट किया कि ‘आप लिमिटेड एडिशन हैं, हिम्मत मायने रखती है. रुलाना सबको आता है, लेकिन अपने दर्शकों को समझना और किसी को अच्छे से हंसाना ही सब कुछ है. लव यू.’ दूसरे यूजर ने लिखा ‘रॉक करते रहो जेमी, तुम एक रॉकस्टार हो. ये फेज भी गुजर जाएगा.’
जेमी ने तान्या पर की थी मिमिक्री
बता दें कि इस महीने की शुरुआत में जेमी ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने तान्या मित्तल की मिमिक्री की थी. इस वीडियो को करने पर उनकी काफी आलोचना हुई थी. जेमी ने इस वीडियो को कैप्शन दिया था ‘वन ऑफ ए काइंड तो है! तान्या.’ वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया था.
