Anjel Chakma Murder Case: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक दिल दहला देने वाली ने देशभर को झकझोर कर रख दिया है. भारत के पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा के रहने वाले MBA छात्र एंजेल चकमा की नस्लीय हमले में घायल होने के 14 दिनों बाद अस्पताल में मौत हो गई. यह हमला उस समय हुआ जब एंजेल ने खुद को चीनी कहे जाने का विरोध किया और अपनी भारतीय पहचान पर गर्व जताया.
क्या है पूरा मामला?
इसी महीने की 9 तारीख को एंजेल चकमा और उनका छोटा भाई माइकल देहरादून के सेलाकुई इलाके में राशन लेने जा रहे थे. तभी 6 लोगों के एक ग्रुप ने उन्हें रोका और उन पर नस्लीय आधारित कमेंट करते हुए उन्हें चीनी कहना शुरू कर दिया. खुद को चीनी सुनने के बाद एंजेल ने शांति से इसका विरोध किया और कहा कि मैं चीनी नहीं हूं… हम भारतीय हैं. हमें यह साबित करने के लिए सबूत देने की जरूरत है?
मीडिया रिरोर्ट में दावा किया जा रहा है कि प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार एंजेल की इसी बात से भड़ककर 6 लोगों के ग्रुप ने उनपर चाकू से हमला शुरू कर दिया.
इस जानलेवा हमले में एंजले गंभीर रूप से घायल हो गए.एंजेल की गर्दन और रीढ़ की हड्डी पर गंभीर चोटें आई थीं. जिससे हमले के 14 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ते हुए एंजेल ने शुक्रवार को दुनिया को अलविदा कह दिया. उनके भाई माइकल की हालत भी अभी गंभीर बनी हुई है. शनिवार को एंजेल का पार्थिव शरीर उनके गृह राज्य त्रिपुरा ले जाया गया, जहां पूरे राज्य में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा और नाराजगी देखी जा रही है.
पुलिस की कार्रवाई
इस मामले में देहरादून पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इन 5 लोगों में दो किशोर भी शामिल हैं. लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पहुंच से दूर है जिसके नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया है.
नस्लवाद विरोधी कानून की शुरू हुई मांग
इस मामले के बाद पूर्वोत्तर भारत में सख्त कानून की मांग हो रही है. टिपरा मोथा पार्टी के अध्यक्ष प्रद्योत माणिक्य देबबर्मा ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि पूर्वोत्तर के लोग देश के प्रहरी हैं फिर भी उन्हें अपने ही देश में नस्लवाद का सामना करना पड़ता है. छात्र संगठन अब देश में एंटी-रेसिज्म यानी नस्लवाद विरोधी कानून बनाने की मांग कर रहे हैं.
अपने होकर भी पराये क्यों?
त्रिपुरा का रहने वाला एक युवा जो अपना भविष्य बनाने के लिए उत्तराखंड आया था उसे सिर्फ उसके ‘चेहरे के लुक के कारण से निशाना बनाया गया. यह घटना उस मानसिकता की पोल खोलती है जो पूर्वोत्तर को आज भी मेनस्ट्रीम का हिस्सा नहीं मानती. साथ ही यह भी बड़ा सवाल खड़ा करती है कि क्या हमारे शहरों की सड़कों पर पूर्वोत्तर के भाई-बहन सुरक्षित नहीं हैं?
देशभक्ति का सर्टिफिकेट कब तक?
पूर्वोत्तर के लोग देश की रक्षा में सबसे आगे रहने वाले लोग हैं लेकिन जब वे मेनस्ट्रीम में आना चाहते हैं तो उन्हें कभी चीनी तो कभी बाहरी जैसे शब्दों को सुनना पड़ता है! एंजेल चकमा का कत्ल सिर्फ एक अपराधी की घटना नहीं है बल्कि उस जहरीली सोच को भी सामने लाती है जो देश की विविधता का सम्मान करना नहीं जानती. आज पूरा पूर्वोत्तर सवाल कर रहा है कि देशभक्ति का सर्टिफिकेट कब तक?
ये भी पढे़ंः दो पति, एक केस और 17 साल का इंतजार, अचानक कोर्ट रूम में कैसे पलटी बाजी
2014 में भी हुआ था ऐसा ही कुछ
आपको जानकर हैरानी होगी कि 2014 में दिल्ली के लाजपत नगर में निदो तानिया के साथ भी यही हुआ था. तब भी बड़े-बड़े वादे हुए थे कानून बनाने की बात हुई थी. लेकिन आज एंजेल की मौत गवाही दे रही है कि हम एक समाज के तौर पर आज भी वहीं खड़े हैं.
ये भी पढे़ंः असम से ताइवान तक कांपी धरती, भूकंप से दहशत में आए लोग, हिल गईं गगनचुंबी इमारतें
