Jammu Kashmir News: नए साल से पहले आखिर जम्मू-कश्मीर में ऐसा क्या होने वाला है कि वहां के तमाम बड़े नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया गया है? ये सुनकर हर किसी के जेहन में एक सवाल पैदा होता है कि आखिर क्यों पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती सहित इनमें नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद आगा रूहुल्लाह सहित कई और कश्मीर के बड़े नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है. जम्मू-कश्मीर प्रशासन के इस कदम से वहां सन्नाटा पसर गया है. दरअसल देश में आरक्षण नीति को लेकर जारी विवाद के बीच प्रशासन ने रविवार को कश्मीर में ये सख्त कदम उठाए हैं. छात्रों और सियासी दलों के प्रस्तावित प्रोटेस्ट को देखते हुए श्रीनगर सहित कई शहरों के संवेदनशील इलाकों को सील कर दिया गया है.
प्रशासन ने सूबे में एहतियातन सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की है और कई प्रमुख सड़कों पर बैरिकेडिंग लगवा कर आवाजाही सीमित कर दी है. आज श्रीनगर में आरक्षण नीति को लेकर जम्मू कश्मीर के ये नेता छात्रों के साथ मिलकर प्रशासन और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले थे. ऐसे में प्रशासन ने सूबे में कानून-व्यवस्था ठीक से बनाए रखने के उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर की कई सियासी हस्तियों को नजरबंद भी कर दिया. नजरबंद किए गए नेताओं में नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद आगा रूहुल्लाह, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता वहीद-उर-रहमान और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती भी शामिल हैं. प्रशासन का कहना है कि ये कदम जम्मू-कश्मीर में संभावित अशांति को रोकने और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए हैं.
यह भी पढ़ेंः ‘बाबरी मस्जिद बनाना मेरा हक, मैं किसी से डरने वाला नहीं…’ हुमायूं कबीर की धमकी
