
West Bengal news: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक पारा हाई होता जा रहा है. जहां एक तरफ हुमायूं कबीर बाबरी मस्जिद बनाने की जिद पर अड़े हुए हैं तो वहीं बीजेपी लगातार ममता बनर्जी पर धर्म और रोजगार को लेकर हमला कर रही है. इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधा. ममता ने कहा ‘कई लोगों ने कहा है कि मैं तुष्टिकरण कर रही हूं, लेकिन मैं सेक्युलर हूं और सभी धर्मों में विश्वास करती हूं.
क्या बोली ममता बनर्जी?
पश्चिम बंगाल सीएम ने यह भी कहा कि मुझे बंगाल से प्यार है, मुझे भारत से प्यार है. हम सभी जातियों, सभी धर्मों से प्यार करते हैं; यही हमारी विचारधारा है. हर व्यक्ति का अपना लोकतांत्रिक अधिकार है. इसके बाद ममता बनर्जी ने विकास के मुद्दे पर बैकफायर करे हुए बीजेपी पर निशाना साधा. ममता बनर्जी ने कहा कि मैं केंद्र सरकार से गंगासागर में पुल बनवाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अब मैं इसे खुद बनाऊंगी. उन्होंने आगे कहा कि मैं 5 जनवरी को इसकी नींव रखूंगी और अगले दो सालों में यह पुल जनता के लिए तैयार हो जाएगा. इसके साथ-साथ उन्होंने जनवरी के दूसरे हफ्ते में सिलीगुड़ी में महाकाल मंदिर की नींव रखने का वादा पश्चिम बंगाल की जनता से किया है. राजनीतिक तौर पर ममता बनर्जी का ये बयान बीजेपी पर विकास के मुद्दे को लेकर पलटवार नजर आ रहा है.
दुर्गा आंगन के बनाया ट्रस्ट
इसके अलावा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गा आंगन की नींव रखने का भी दावा किया है. उन्होंने कहा कि आज का कार्यक्रम बंगाल और बंगाल के लोगों को समर्पित है. सीएम ने यह भी कहा कि समाज के अलग-अलग हिस्सों से यहां आने के लिए आप सभी का धन्यवाद. आज एक ऐतिहासिक दिन है; दुर्गा आंगन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है, हमें उम्मीद है कि काम बहुत जल्द शुरू हो जाएगा. हमने दुर्गा आंगन के लिए एक ट्रस्ट बनाया है. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दुर्गा आंगन बनने के बाद रोजगार के अवसर बढ़ें.
यह भी पढ़ें: बंगाल में मंदिर-मस्जिद को लेकर छिड़ी तकरार, ममता बनर्जी के किस काम पर बरसे हुमायूं कबीर?
ममता का राजनीतिक बयान
बाबरी विवाद पर हुमायूं कबीर को पार्टी से निकालने के बाद राजनीतिक गलियारों में मुस्लिम वोट बैंक के शिफ्ट होने की खबरें जोरों पर हैं. वहीं बीजेपी ममता बनर्जी के लंबे शासन को लेकर जनता के मुद्दों पर सवाल उठा रही है. इसी बीच पश्चिम बंगाल पुलिस पेपर और एसआईआर के मुद्दे पर भी बीजेपी ने टीएमसी पार्टी प्रमुख को घेरने की कोशिश की है. जिसके बाद ममता बनर्जी के इस तीखे पलटवार को राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है.

