News in Brief

Mamata Banerjee Dushasan-Duryodhan News: पश्चिम बंगाल में अगले साल असेंबली चुनाव होने हैं. बीते दो बार से BJP इस राज्य में जीत के लिए पूरा जोर लगा रही है लेकिन TMC मुखिया ममता बनर्जी अपनी लाजवाब राजनीति से हर बार बीजेपी को जीत के जादुई आंकड़े से पीछे रोक देती हैं. अबकी बार BJP इस खामी को दूर कर राज्य में अपनी सत्ता बनाने के लिए जी-जान से लगी है. चुनाव से कुछ महीने पहले ही राज्य की राजनीति में ‘दुशासन’ और ‘दुर्योधन’ की एंट्री हो गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बंगाल दौरे पर भड़कते हुए ममता बनर्जी ने उन्हें दुशासन कहकर संबोधित किया था. अब बीजेपी ने उनकी इस टिप्पणी पर ऐतराज जताते हुए मोर्चा खोल दिया है. 

‘आप अमित शाह को नहीं, भारत को धमकी दे रहीं’

BJP की ओर से मोर्चा खोलते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ‘यह हिटलरशाही और तानाशाही है. आप अमित शाह को धमकी नहीं दे रही हैं बल्कि आप भारत को धमकी दे रही हैं.’ पात्रा ने दावा किया कि बीजेपी इस बार बंगाल से तृणमूल कांग्रेस का सूपड़ा साफ करके दो-तिहाई बहुमत के साथ राज्य में अपनी सरकार बनाएगी. 

Add Zee News as a Preferred Source

ओडिशा से सांसद संबित पात्रा ने टीएमसी मुखिया पर भड़कते हुए कहा, ‘ममता बनर्जी भाग्यशाली हैं कि बीजेपी ने उन्हें उस होटल से बाहर जाने दिया जहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. अगर हम चाहते तो आप बाहर नहीं निकल पातीं…आप भाग्यशाली हैं कि हमने आपको जाने दिया.’ 

ममता बनर्जी ने अपना दिमाग खो दिया- जायसवाल

बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल भी ममता बनर्जी पर निशाना साधने में पीछे नहीं रहे. वोटर लिस्ट के गहन पुनरीक्षण पर चुनाव आयोग का घेराव करने की ममता की धमकी पर जायसवाल ने आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने अपना दिमाग खो दिया है. वहीं इस सारे बवाल में अमित शाह अब तक चुप्पी साधे हुए हैं. 

क्यों शुरू हुआ यह सारा बवाल?

बताते चलें कि यह विवाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बंगाल यात्रा के बाद शुरू हुआ. अपने इस दौरे में शाह ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया. घुसपैठ एक बेहद गंभीर मुद्दा है. राज्य की जनसांख्यिकी इस खतरे से बदल रही है. जब तक इसे तुरंत रोका नहीं जाएगा, आने वाले दिनों में बंगाल के लोगों की पीड़ा कई गुना बढ़ जाएगी. 

उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठ रोकने के लिए बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन की जरूरत थी. इसके लिए बंगाल सरकार को 7 बार पत्र भेजे गए लेकिन ममता सरकार ने सभी को इग्नोर कर दिया. गृह मंत्री ने सीएम ममता पर बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को संरक्षण देकर वोट बैंक के रूप में पालने का आरोप लगाया. 

शाह के आरोपों से तिलमिला गईं ममता

शाह के इन तीखे वारों से सीएम ममता अंदर तक तिलमिला गईं. उन्होंने अमित शाह को दुशासन-दुर्योधन बताते हुए वोटर लिस्ट के अपडेशन की आलोचना की. ममता ने कहा कि इस काम में बीजेपी और चुनाव आयोग दोनों मिले हुए हैं. इस पुनरीक्षण के जरिए असली मतदाताओं खासकर मुसलमानों को बाहर कर दिया जाएगा.

 उन्होंने चेतावनी दी कि अगर चुनाव में धांधली हुई तो दिल्ली में इलेक्शन कमीशन के दफ्तर का घेराव किया जाएगा. अमित शाह को दुशासन बताए जाने के बाद अब बीजेपी उन पर हमलावर है और उन पर बंगाल को बर्बाद करने का आरोप लगा रहे हैं.