
Weather Updates of 2 January 2026: देश में नए साल का आगमन हो चुका है. मौसम लगातार ठिठुरन भरी ठंड वाला बना हुआ है. ठंड-कोहरे की वजह से अधिकतर शहरों में बच्चों की छुट्टियां चल रही हैं. जिसका फायदा उठाकर लोग सैर-सपाटे के लिए निकले हुए हैं. आप अगर आप भी 2 जनवरी को कहीं घूमने जा रहे हैं तो पहले ताजा मौसम अपडेट जरूर जान लें वरना आप परेशानी में पड़ सकते हैं.
सुबह-शाम कोहरा करेगा परेशान
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 2 जनवरी 2026 को मौसम आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा. सुबह के समय घना कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है. इस दौरान कई इलाकों में विजिबिलिटी 50-200 मीटर तक रह सकती है. जिससे हाईवे, फ्लाइट और ट्रेन सेवाओं पर असर पड़ सकता है. न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जो सामान्य से थोड़ा ऊपर रहेगा. वहीं अधिकतम तापमान 18-20 डिग्री के बीच दर्ज हो सकता है.
इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाएं ठंड का एहसास बढ़ाएंगी. दिल्ली-एनसीआर के आसपास के शहरों जैसे नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में भी मौसम का यही पैटर्न दिखेगा. घना कोहरा सुबह के घंटों में प्रमुख रहेगा, जबकि दिन में आंशिक धूप निकल सकती है.
पहाड़ी इलाकों में साफ होगा मौसम
इस दौरान NCR के शहरों में न्यूनतम तापमान 10-13 डिग्री के बीच रहेगा. लेकिन कोहरे के कारण यात्रा में सावधानी बरतनी होगी. इस दौरान एयर क्वालिटी खराब से बहुत खराब श्रेणी में रह सकती है. जिससे सुबह-शाम घूमने वालों को परेशानी हो सकती है.
उत्तर भारत के अन्य हिस्सों की बात की जाए तो शीतलहर और घना कोहरा का प्रभाव बना रहेगा. पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई क्षेत्रों में सुबह घना कोहरा दिखेगा. जबकि हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी के बाद मौसम साफ हो सकता है. बिहार और झारखंड में 2 जनवरी को न्यूनतम तापमान 8-12 डिग्री के बीच रहेगा. वहां पर शीतलहर का असर दिखेगा.
राजस्थान-मध्य प्रदेश में बढ़ेगा तापमान
पश्चिमी और मध्य भारत में मौसम सूखा और अपेक्षाकृत स्थिर रहेगा. राजस्थान और मध्य प्रदेश के हिस्सों में दिन का तापमान 22-27 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि रातें ठंडी रहेंगी. गुजरात और महाराष्ट्र में आसमान साफ नजर आएगा. वहां पर रात का न्यूनतम तापमान 15-20 डिग्री के आसपास रहेगा. इस दौरान बड़ी बारिश या तूफान की संभावना नहीं दिख रही है.
दक्षिण भारत में 2 जनवरी को मौसम सुखद और सामान्य बना रहेगा. तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और केरल में तापमान 24-32 डिग्री के बीच रहेगा, जहां धूप वाला और शुष्क मौसम प्रमुख होगा. तटीय इलाकों में हल्की नमी महसूस हो सकती है, लेकिन बारिश की कोई खास संभावना नहीं है. यह समय दक्षिण भारत में यात्रा के लिए काफी अनुकूल रहेगा.
