News in Brief

Adhir Ranjan Chowdhury Statement: कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि जिस तरह स्कूल के दिनों में कुछ बच्चे पढ़ाई में अच्छे छात्रों की नकल करते थे, उसी तरह पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के भतीजे अभिषेक बनर्जी भी अब राहुल गांधी के रास्ते पर चलने की कोशिश कर रहे हैं. अधीर रंजन का कहना है कि अभिषेक बनर्जी राहुल गांधी की शैली और उनके मुद्दों की नकल कर रहे हैं. 

अधीर रंजन चौधरी ने आगे कहा कि अभिषेक बनर्जी पहले चुनाव आयोग के दफ्तर जाते हैं. वहां से निकलने के बाद कांग्रेस पर हमला बोलते हैं. उन्होंने कहा कि जनता खुद देख सकती है कि अभिषेक बनर्जी असल में किसके लिए काम कर रहे हैं. वह भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोलते हैं.

यह विवाद तब और बढ़ गया जब अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि वोटों की गड़बड़ी ईवीएम से नहीं बल्कि वोटर लिस्ट और सॉफ्टवेयर के जरिए की जा रही है. उनका दावा है कि एल्गोरिदम के जरिए करीब 50 लाख से लेकर 1 करोड़ तक मतदाताओं को वोट देने के अधिकार से वंचित किया जा रहा है. साथ ही उन्होंने 1.36 करोड़ ऐसे वोटरों की लिस्ट जारी करने की मांग की जिनके नामों में लॉजिकल गड़बड़ी बताई गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

इस मामले में बीजेपी नेता केया घोष ने भी अभिषेक बनर्जी और टीएमसी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि टीएमसी शुरू से ही बूथ लेवल एजेंट्स के जरिए चुनाव अधिकारियों को डराने और दबाव बनाने का काम करती रही है. केया घोष ने कहा कि बीजेपी को पूरा भरोसा है कि चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल की वोटर लिस्ट से अवैध मतदाताओं, घुसपैठियों और रोहिंग्याओं के नाम हटाएगा.

उनका ये भी कहना है कि टीएमसी इसी बात से परेशान है क्योंकि उनका वोट बैंक ऐसे ही अवैध और फर्जी वोटरों पर ही टिका हुआ है, जिनमें मृत वोटर और दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके लोग भी शामिल हैं.

इससे पहले टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी पर संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि बंगाल की जनता उनके साथ है. चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद उन्होंने यह भी दावा किया कि बातचीत के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपना आपा खो बैठे और उन्होंने उंगली दिखाकर बात की जिसका उन्होंने जवाब दिया.

यह भी पढ़ें:  ‘राहुल गांधी श्रीराम नहीं रावण…’ शिवसेना नेता संजय निरुपम का LOP नेता पर विवादित बयान