News in Brief

शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने आईटी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर एक गंभीर मुद्दा उठाया है. उन्होंने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का महिलाओं के खिलाफ दुरुपयोग हो रहा है. महिलाओं की तस्वीरों का बिना अनुमति उपयोग कर उन्हें अश्लील रूप से पेश किया जा रहा है. उन्होंने AI ऐप्स पर बढ़ते ऐसे मामलों पर आईटी मंत्री से कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि Grok जैसे फीचर्स में ऐसे कड़े गाइडलाइंस होने चाहिए जो महिलाओं की गरिमा का उल्लंघन न करें. बड़ी टेक कंपनियों को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए. जैसे ही प्रियंका का लेटर सोशल मीडिया पर आया, कई महिलाओं ने उनकी प्रशंसा की. 

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे पत्र में प्रियंका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर AI टूल्स के कथित गलत इस्तेमाल पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि फेक अकाउंट का इस्तेमाल कर महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट की जा रही हैं. 

उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतें महिलाओं की प्राइवेसी का गंभीर उल्लंघन हैं. उन्होंने केंद्र सरकार से महिलाओं अधिकारों की रक्षा के लिए तुरंत कदम उठाने का आग्रह किया. चतुर्वेदी ने लिखा, ‘मैं आपका ध्यान सोशल मीडिया, खासकर X पर सामने आए एक नए ट्रेंड की ओर दिलाना चाहती हूं. इसमें AI ग्रोक फीचर का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है. पुरुष फेक अकाउंट का इस्तेमाल कर महिलाओं की तस्वीरें पोस्ट कर रहे हैं और ग्रोक को ऐसे प्रॉम्प्ट दे रहे हैं जिससे उनके कपड़े कम दिखें और उन्हें सेक्शुअलाइज किया जा सके. यह सिर्फ फेक अकाउंट से तस्वीरें शेयर करने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उन महिलाओं को भी टारगेट किया जा रहा है जो अपनी तस्वीरें पोस्ट करती हैं. यह बिल्कुल गलत है और AI का घोर दुरुपयोग है.’