
बॉलीवुड की फिल्मों ने ऑडियंस को एक से बढ़कर एक खलनायक दिए हैं, उन्होंने खूब नाम कमाया और एक समय पर इंडस्ट्री पर राज किया. आज हम जिस विलेन की बात कर रहे हैं वो कोई और नहीं बल्कि शक्ति कपूर हैं, जिन्होंने कभी अपने खूंखार तो कभी कॉमेडी से फैंस को इंप्रेस किया है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि उनके माता-पिता को उनकी इस खलनायक की इमेज से काफी दिक्कत थी और उन्होंने इसे स्वीकार करने से इंकार कर दिया.जी हां! फैंस से पहले एक्टर को अपने माता-पिता को इस भूमिका के लिए तैयार करना पड़ा था.
माता-पिता ने नहीं किया स्वीकार
दरअसल हाल ही में एक्टर ने एक इंटरव्यू में अपने फिल्मी करियर और स्ट्रगल को लेकर बातचीत के दौरान बताया कि कैसे उनके माता-पिता ने उन्हें एक खलनायक की भूमिका निभाते हुए देखने के बाद थिएटर से बाहर चले गए. एक्टर ने बताया ‘जब मेरी दो बड़ी फिल्में रिलीज हो चुकी थीं, और एक और बड़ी फिल्म ‘इंसानियत के दुश्मन’ रिलीज हुई थी, तो मैंने अपने माता-पिता से फिल्म देखने जाने को कहा. मेरे माता-पिता दोनों फिल्म देखने गए. हालांकि, जब फिल्म शुरू हुई तो मेरे पहले ही सीन में मुझे एक लड़की का दुपट्टा खींचते हुए दिखाया गया.’
माता-पिता ने सुनाई थी शक्ति को खरी-खोटी
शक्ति कपूर ने बताया कि पर्दे पर उनकी इमेज को लेकर उनके माता-पिता बेहद परेशान थे और उन्हें डांटने में जरा भी हिचकिचाते नहीं करते थे, ‘उन्होंने मुझे फोन किया और खूब खरी-खोटी सुनाई. वे मुझसे कहने लगे कि तुम किस तरह के किरदार निभा रहे हो? और देखो किन लोगों के साथ ये सब कर रहे हो? उन्होंने मुझसे कहा कि मुझे अच्छे इंसान के किरदार निभाने चाहिए और हेमा मालिनी और जीनत अमान जैसी एक्ट्रेस के साथ काम करना चाहिए. फिर गुंडे के किरदार क्यों निभा रहे हो?’
विलेन पापा को देख श्रद्धा कपूर को आया गुस्सा
एक्टर ने आगे बताया कि उस काम से पीछे हटने को तैयार नहीं थे जो सालों के स्ट्रगल के बाद आखिरकार उन्हें पहचान दिला रहा था, ‘मैंने उनसे कहा कि आपने ही मुझे जन्म दिया है, और आपने ही मुझे यह चेहरा दिया है. इस चेहरे को देखने के बाद कोई भी मुझे अच्छे इंसान या हीरो की भूमिका नहीं देगा.’ उन्होंने बताया कि उनकी बेटी श्रद्धा कपूर जब छोटी थीं तो उन्हें भी पर्दे पर उनकी छवि को स्वीकार करना मुश्किल लगता था, ‘मैं खलनायक की भूमिकाएं करने पर उन पर चिल्लाती थी. मुझे इस बात का दुख होता था. लेकिन फिर मेरी मां ने समझाया कि वह सिर्फ एक्टिंग कर रहे हैं.’
