
Prithviraj Chavan: कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी को लेकर मोदी सरकार की चुप्पी पर निशाना साधा है. चव्हाण ने कहा कि वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई संयुक्त राष्ट्र (UN) चार्टर के खिलाफ थी जब अमेरिका ने निर्वाचित राष्ट्रपति मादुरो को गिरफ्तार किया और न्यूयॉर्क लाया. उन्होंने इस पर भारत सरकार की खामोशी पर सवाल उठाए. चव्हाण ने कहा कि वेनेजुएला में जो हुआ, वह बहुत ही चिंताजनक था. कल ऐसा किसी भी देश के साथ हो सकता है और कल यह भारत के साथ भी हो सकता है. उन्होंने आगे आरोप लगाया कि भारत सरकार ने इस मामले पर कोई स्पष्ट रुख नहीं अपनाया और इसे नजरअंदाज किया.
भारत क्यों नहीं लेता कोई स्टैंड: पृथ्वीराज चव्हाण
कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने रूस और चीन का उदाहरण देते हुए बताया कि इन देशों ने अमेरिका की कार्रवाई की आलोचना की जबकि भारत ने हमेशा की तरह चुप्पी साध रखी है. चव्हाण ने यह भी कहा कि भारत ने वेनेजुएला मामले पर कोई स्टैंड नहीं लिया. इजरायल और हमास मामले में भी हमने कोई पक्ष नहीं लिया. अब हम अमेरिका से इतने डरे हुए हैं कि हम उसकी आलोचना भी नहीं कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: अंबाला से पकड़ा गया पाकिस्तानी जासूस, ISI के लिए करता था काम; पठानकोट से भी 15 साल का लड़का गिरफ्तार
उधर, सोमवार को मादुरो को अमेरिकी अदालत में मादक पदार्थों से संबंधित आतंकवाद के आरोपों पर पेश किया गया. मादुरो ने अदालत में खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह एक सभ्य व्यक्ति हैं और अपने देश के राष्ट्रपति हैं. उन्हें और उनकी पत्नी को ब्रुकलिन जेल से सशस्त्र सुरक्षा के तहत मैनहट्टन कोर्टहाउस लाया गया था. मादुरो के वकील उनकी गिरफ्तारी की वैधता को चुनौती देने की योजना बना रहे हैं.

