News in Brief

Faiz e Ilahi Masjid History: पुरानी दिल्ली के फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास के इलाके में एमसीडी ने बड़ी कार्रवाई की, तुर्कमान गेट इलाके में करीब 85 प्रतिशत अवैध अधिक्रमण को हटाया गया, जब कर्मचारी तुर्कमान गेट पर मस्जिद और कब्रिस्तान से सटी जमीन पर तोड़फोड़ की कार्रवाई कर रहे थे, यहां लोगों ने अवैध निर्माण को हटाने का विरोध किया और पुलिस पर पत्थरबाजी की जिसका जवाब कर्मचारियों ने दिया. फैज-ए-इलाही मस्जिद की बात करें तो इसका इतिहास काफी रोचक रहा है. 18वीं शताब्दी में इस मस्जिद का निर्माण हुआ था, ये मस्जिद आज भी अपनी खूबसूरती और आध्यात्मिक शांति के लिए जानी जाती है. आइए जानते हैं इसके बार में सबकुछ विस्तार के साथ.

स्वर्णिम इतिहास की गवाही
फैज-ए-इलाही मस्जिद का इतिहास काफी ज्यादा दिलचस्प है, पुरानी दिल्ली की संकरी गलियों में स्थित यह मस्जिद एक स्वर्णिम इतिहास की गवाही देता है. यह मस्जिद केवल एक इमारत नहीं है बल्कि गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल भी यहां पर देखने को मिलती है. यहां पर सूफी संतों की आध्यात्मिक विरासत का एक जीवित प्रमाण है. हालांकि इस मस्जिद के आस-पास बीते दशकों में लोगों ने अतिक्रमण कर लिया.

कब हुआ था निर्माण
फैज-ए-इलाही मस्जिद का इतिहास 18वीं शताब्दी से जुड़ा हुआ है, मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस मस्जिद का निर्माण महान सूफी संत हजरत शाह फैज-ए-इलाही ने करवाया था. इस मस्जिद को लेकर कहा जाता है कि इसका निर्माण केवल नमाज के उद्देश्य से नहीं हुआ था बल्कि इसका निर्माण भाई चारे को बढ़ावा देने और भाईचारे की शिक्षा देने के लिए एक मरकज (केंद्र) के रूप में किया गया था. इतिहासकारों के मुताबिक ये मस्जिद 250 साल पुरानी है और निर्माण मुगल सम्राट अहमद शाह बहादुर या शाह आलम द्वितीय के शासनकाल के आसपास हुआ था. उस दौरान मुगल सम्राट की तूती बोलती थी लेकिन शाह फैज-ए-इलाही ने अपने और अनुयायियों के योगदान से इसका निर्माण कराया.

Add Zee News as a Preferred Source

मुगलकालीन नमूना
इस मस्जिद की बात करें तो इसकी बारीकियां देखने लायक हैं. इसकी वास्तुकला में मुगल शैली की स्पष्ट झलक देखने को मिलती है. इस मस्जिद को बनाने के लिए बलुआ पत्थर और सफेद संगमरमर का इस्तेमाल किया गया था. इसके अलावा इसके अंदरूनी हिस्से को ऐसे बनाया गया है जिससे यहां पर ठंडक बनी रहती है. मस्जिद के आंगन में एक छोटा सा वजूखाना भी है, जबकि दीवारों पर कुरान की आयतें उकेरी गई हैं.

कौन करता है देखरेख
अगर हम वर्तमान समय की बात करें तो इस मस्जिद की देखरेख और प्रबंधन की जिम्मेदारी  ‘दिल्ली वक्फ बोर्ड’ के हाथों में है. वक्फ बोर्ड ही इसकी संपत्तियों और रखरखाव की देखरेख के लिए जिम्मेदार है. बता दें कि कि यहां पर होना वाला कोई भी धार्मिक उत्सव प्रबंधन के द्वारा ही कराया जाता है. साफ-सफाई का जिम्मा भी प्रबंधन के हाथों में है. ये प्रबंधन दिल्ली वक्फ बोर्ड के अंतर्गत आता है.