Devendra Fadnavis Warning: महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों के बाद बीजेपी के कुछ नेताओं द्वारा कांग्रेस और AIMIM के साथ गठबंधन करने की खबरों ने सियासी हलचल तेज कर दी है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ऐसे गठबंधनों को गलत बताया है. साथ ही साफ कहा है कि पार्टी इस तरह की किसी भी साझेदारी को बर्दाश्त नहीं करने वाली है. उन्होंने दोषी नेताओं पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.
फडणवीस का यह बयान उस वक्त आया जब खबरें सामने आईं कि अंबरनाथ और अकोट में कुछ बीजेपी नेताओं ने स्थानीय स्तर पर कांग्रेस और AIMIM के साथ मिलकर नगर निकायों में सत्ता बनाने की कोशिश की. मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि इन दोनों ही गठबंधनों को पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व की मंजूरी नहीं मिली थी. उन्होंने बताया कि ऐसे सभी समझौतों को तुरंत खत्म करने के लिए कहा गया हैं.
अंबरनाथ में हाल ही में हुए नगर परिषद चुनावों के बाद बीजेपी, कांग्रेस और अजित पवार गुट की एनसीपी ने मिलकर अंबरनाथ विकास अघाड़ी के नाम से गठबंधन बनाया. इस गठबंधन ने 60 सदस्यों वाली नगर परिषद में 31 सीटों का बहुमत हासिल किया. हालांकि शिवसेना यहां सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी. जिसके 27 पार्षद जीते थे. इस गठबंधन के जरिए बीजेपी की तेजश्री करंजुले पाटिल को नगर परिषद अध्यक्ष चुना गया था.
अकोला जिले के अकोट नगर परिषद में भी ऐसा ही मामला सामने आया. यहां बीजेपी ने AIMIM और कुछ अन्य दलों के साथ मिलकर ‘अकोट विकास मंच’ बनाया. इस गठबंधन के तहत बीजेपी की माया ढुले को नगराध्यक्ष चुना गया. इस गठबंधन को उप-नगराध्यक्ष और समिति चुनाव से पहले जिला प्रशासन के पास दर्ज भी कराया गया था.
इन घटनाओं के बाद महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर भी सवाल उठने लगे हैं. महायुति में बीजेपी के साथ अजित पवार गुट की एनसीपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना शामिल है. विपक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी सत्ता के लिए अपने ही गठबंधन धर्म को भूल रही है.
शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी सत्ता पाने के लिए किसी के साथ भी खड़ी हो जाती है. वहीं शिवसेना विधायक डॉ. बालाजी किनीकर ने इसे गठबंधन धर्म से धोखा बताया और कहा कि यह बीजेपी के ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ के नारे के भी खिलाफ है.
यह भी पढ़ें: ऐसा तो सोचा भी नहीं होगा! भाजपा और ओवैसी की पार्टी ने कर लिया गठबंधन
