News in Brief

Mehbooba Mufti Statement: जम्मू कश्मीर की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां पर जम्मू कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर तीखा प्रहार किया है. उन्होंने सीएम उमर अब्दुल्ला पर कश्मीर के गंभीर मुद्दों पर चुप रहने का आरोप लगाया. इसके साथ ही उन्होंने कश्मीरी कैदियों के बारे में भी चिंता व्यक्त की. दरअसल, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष और कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने अपने पिता और PDP के संस्थापक मुफ्ती मोहम्मद सईद की 10वीं पुण्यतिथि पर बिजबेहारा में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर तीखा हमला किया.

महबूबा मुफ्ती ने आरोप लगाया कि जम्मू कश्मीर में मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक स्थिति पर वर्तमान सीएम उमर अब्दुल्ला चुप हैं. महबूबा ने कहा कि राज्य सरकार के पास पूर्ण बहुमत है और उनकी पार्टी के सदस्य राज्यसभा और लोकसभा में हैं. इसके बावजूद भी वह(उमर अब्दुल्ला) उन मुद्दों पर चुप रहते हैं, जो गरीब लोगों को सीधे प्रभावित कर रहे हैं और उन्हें नुकसान पहुंचा रहे हैं. अपने संबोधन के दौरान महबूबा मुफ्ती ने दिल्ली ब्लास्ट का जिक्र भी किया. 

महबूबा मुफ्ती ने सीएम उमर अब्दुल्ला पर साधा निशाना 

Add Zee News as a Preferred Source

इस कार्यक्रम में बोलते हुए महबूबा मुफ्ती ने उमर और उनकी सरकार पर उन मुद्दों पर चुप रहने का आरोप लगाया, जो सीधे आम जनमानस को प्रभावित करते हैं. इस दौरान उन्होंने खास कर भूमि अधिग्रहण और बाग मालिकों की चिंताओं पर अपनी बात रखी. पीडीपी अध्यक्ष का दावा है कि उमर अब्दुल्ला आम कश्मीरियों की बागों और जमीन की भावनात्मक और आर्थिक कीमत नहीं समझते हैं. महबूबा ने कहा कि शायद उन्हें यह नहीं पता कि एक गरीब परिवार के लिए एक बाग या जमीन का टुकड़ा क्या मायने रखता है. इसीलिए वह इन मुद्दों पर चुप हैं और उन लोगों के लिए बोलने से इनकार करते हैं जिनकी आजीविका दांव पर लगी है.

दिल्ली ब्लास्ट पर महबूबा मुफ्ती ने यह क्या कहा? 

पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने राज्य सरकार से एक अपील भी की. इस दौरान मुफ्ती ने स्थानीय रोजगार को प्राथमिकता देने का आग्रह किया और मांग करते हुए कहा कि किसी की भी एक इंच जमीन लेने से पहले सरकार प्रभावित परिवारों के लिए रोजगार के साथ पुनर्वास सुनिश्चित करे. इसी दौरान महबूबा मुफ्ती ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों में बेरोजगारी दर और अलगाव इस स्तर पर पहुंच गया है कि पुलवामा में एक चिकित्सक ने दिल्ली में खुद को और कुछ निर्दोष लोगों को मार डाला. महबूबा ने आरोप लगाया कि उमर अब्दुल्ला सरकार जम्मू-कश्मीर के ज्वलंत मुद्दों पर चुप है.

जब पिता को याद करते हुए भावुक हुईं महबूबा 

गौरतलब है कि अपने पिता और पीडीपी के संस्थापक  मुफ्ती मोहम्मद सईद की 10वीं पुण्यतिथि पर उनकी विरासत को याद करते हुए महबूबा मुफ्ती भावुक हो गईं. महबूबा मुफ्ती ने कहा कि अगर उनके पिता आज जीवित होते, तो जम्मू-कश्मीर इस मौजूदा मुश्किल दौर से नहीं गुजर रहा होता. मुफ्ती ने इस बात पर जोर दिया कि उनका नेतृत्व विश्वसनीयता और विश्वास पर आधारित था, यह देखते हुए कि अपने कार्यकाल के दौरान केवल 16 सीटें होने के बावजूद, उन्हें तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जैसे नेताओं से राष्ट्रीय सम्मान मिला. (रिपोर्ट- खालिद हुसैन )