News in Brief

Death due to SIR: कोलकाता के उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी में एक दुखद घटना सामने आई है. यहां SIR अभियान के तहत चल रही सुनवाई में शामिल होने आई 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हार्ट अटैक से मौत हो गई है. मृतका की पहचान रत्ना चक्रवर्ती के रूप में हुई है. यह घटना मंगलवार को उस समय हुई, जब वह बैरकपुर नंबर-1 बीडीओ कार्यालय में चुनाव से जुड़ी सुनवाई के लिए पहुंची थीं.

SIR का मिला था नोटिस
परिवार के लोगों के मुताबिक, रत्ना चक्रवर्ती को भारत के चुनाव आयोग की ओर से SIR सुनवाई का नोटिस मिला था. नोटिस में कहा गया था कि वर्ष 2002 की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज नहीं है, इसलिए उन्हें जरूरी दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से सुनवाई में हाजिर होना होगा. इसी वजह से वह अपने परिवार के साथ बीडीओ कार्यालय पहुंचीं थी. परिवार का कहना है कि नोटिस मिलने के बाद से ही वह काफी तनाव में थीं.

बताया गया कि कार्यालय पहुंचने के कुछ समय बाद ही रत्ना की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ. परिजन तुरंत उन्हें नादिया जिले के कल्याणी स्थित गांधी मेमोरियल अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिवार ने आरोप लगाया कि सुनवाई के लिए बुलाए जाने और पूरी प्रक्रिया को लेकर बनी घबराहट ही उनकी मौत की बड़ी वजह बनी थी.

Add Zee News as a Preferred Source

 2002 की मतदाता सूची में नहीं था नाम
रत्ना चक्रवर्ती के एक रिश्तेदार अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि भले ही 2002 की मतदाता सूची में उनका नाम न हो, लेकिन उन्होंने पहले ही चुनाव आयोग को अपने जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए थे. इसके बावजूद उन्हें व्यक्तिगत रूप से सुनवाई में बुलाया गया. परिवार का कहना है कि इतनी उम्र में बार-बार सरकारी प्रक्रियाओं के लिए बुलाया जाना उनके लिए मानसिक दबाव का कारण बना है.

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को भी सूचित किया गया, हालांकि इस मामले में किसी के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. रत्ना चक्रवर्ती के परिवार में उनका बेटा, बहू और एक पोती है. पति के निधन के बाद उन्हें रेलवे में नौकरी मिली थी, जिससे वह करीब तीन साल पहले रिटायर हुई थीं. घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस के बैरकपुर सांसद पार्थ भौमिक, नैहाटी विधायक सनत डे और अन्य नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है. यह घटना प्रशासनिक प्रक्रियाओं के दौरान बुजुर्गों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है.

यह भी पढ़ें: दुलहस्ती प्रोजेक्ट पर PAK की गीदड़भभकी पर भारत का पलटवार, कहा-‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते’