ED Action In Bengal: पश्चिम बंगाल में इसी साल विधानसभा चुनाव होने को हैं. चुनाव से पहले गुरुवार को बंगाल में बड़ा सियासी ड्रामा देखने को मिला है. आज सुबह-सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने कोलकाता में पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म I-PAC से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की. इस छापेमारी के बाद बंगाल में सियासी पारा हाई हो गया है.
सबसे पहले ईडी की टीम सॉल्ट लेक के सेक्टर V में गोदरेज वाटरसाइड बिल्डिंग में फर्म के ऑफिस में छापेमारी करने पहुंची. हैरान करने वाली बात है कि जैसे ही इस छापेमारी की खबर सामने आई, खुद सीएम ममता बनर्जी उस दफ्तर पहुंच गई, जहां पर ED का एक्शन जारी था. इन सब के बीच प्रवर्तन निदेशालय ने कोलकाता हाईकोर्ट का रुख किया है. प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने काम व्यवधान की शिकायत को लेकर कोलकाता हाईकोर्ट मे याचिका दाखिल की है. ईडी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के व्यवधान उच्च न्यायालय का रूख किया है.
बंगाल में ईडी का एक्शन जारी
इन सब के बीच खबर मिली कि जिन मामलों में ईडी का एक्शन जारी है, उसके तार टीएमसी से भी जुड़े हो सकते हैं. इस दफ्तर से सीएम ममता बनर्जी कई फाइलें लेकर निकल गईं. हालांकि, इस दौरान सीएम ममता ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की है और केंद्र सरकार पर निशाना साधा. सीएम ममता बनर्जी से एजेंसी की कार्रवाई पर सवाल भी खड़ा किए. उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान ईडी के अधिकारी हार्ड डिस्क और उम्मीदवारों की सूचियां सहित पार्टी से संबंधित कई सामग्री जब्त कर के ले गए. सीएम ने केंद्रीय गृहमंत्री पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया.
सीएम ममता ने लगाए कई आरोप
मीडियाकर्मियों से बात करते हुए सीएम ममता बनर्जी ने पूछा कि क्या पार्टी की हार्ड डिस्क और उम्मीदवारों की सूची को इकट्ठा करना ईडी और अमित शाह का कर्तव्य है? उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृहमंत्री देश की रक्षा नहीं कर पा रहे हैं और मेरी पार्टी के दस्तावेदों को ले जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने आगे चेतावनी दी कि भाजपा के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई से कड़ी प्रतिक्रिया होगी. वहीं, आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ़ दल आगामी पश्चिम बंगाल चुनावों से पहले तृणमूल कांग्रेस के बारे में जानकारी जुटा रहा है. आइए आपको इस लेख में बताते हैं कि सीएम ममता बनर्जी के आरोप क्या हैं और ईडी के सूत्रों ने इन आरोपों पर क्या कहा है?
सीएम ममता के आरोप Vs ED के तथ्य
नैरेटिव: एक खास पार्टी की राजनीतिक रणनीति को निशाना बनाया जा रहा है.
ED का तथ्य: ईडी के सूत्र बताते हैं कि तलाशी सबूतों पर आधारित है और किसी भी राजनीतिक संगठन को निशाना नहीं बनाया गया है.
नैरेटिव: तलाशी राजनीतिक पार्टी पर है.
ED का तथ्य : तलाशी 10 जगहों पर चल रही है (6 पश्चिम बंगाल में और 4 दिल्ली में). मामला अवैध कोयला तस्करी से जुड़ा है. तलाशी में उस मामले में कैश बनाने, हवाला ट्रांसफर वगैरह से जुड़े कई ठिकानों को शामिल किया गया है.
नैरेटिव: पार्टी ऑफिस की तलाशी ली गई है.
ED का तथ्य: किसी भी पार्टी ऑफिस की तलाशी नहीं ली गई है.
नैरेटिव: तलाशी चुनावों से जुड़ी है.
ED का तथ्य: तलाशी किसी भी चुनाव से जुड़ी नहीं है और यह मनी लॉन्ड्रिंग पर नियमित कार्रवाई का हिस्सा है.
नैरेटिव: ED द्वारा की गई तलाशी अवैध है.
ED का तथ्य: तलाशी पूरी तरह से स्थापित कानूनी सुरक्षा उपायों के अनुसार की गई है. संवैधानिक पदाधिकारियों सहित कुछ लोग 2 ठिकानों (10 में से) पर आए, अपनी स्थिति का दुरुपयोग करके अवैध रूप से घुसपैठ की और दस्तावेज छीन लिए.
क्या है I-PAC?
इन पूरे प्रकरण के बीच आपको ये भी जानना महत्वपूर्ण हो जाता है कि आखिर ये पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म I-PAC क्या है और इसका बंगाल की राजनीति से क्या लेना देना है. ED के एक्शन के बीच दो नामों की चर्चा खूब की जा रही है, जिसमें सबसे पहले पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म I-PAC और फिर दूसरे इसके डायरेक्टर प्रतीक जैन शामिल है. बता दें कि I-PAC एक पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म है, जिसकी शुरुआत प्रशांत किशोर ने की थी. जानकारी के अनुसार, करीब 11 साल पहले 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले इस फर्म की शुरुआत की गई थी. (इनपुट- एएनआई)
यह भी पढ़ें: ED ने TMC के ‘चुनावी ब्रेन’ I-PAC पर मारा छापा, ममता ने कहा – BJP की गंदी साजिश
