Bengal Governor Death Threat: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. जानकारी के अनुसार, ईमेल में राज्यपाल को ‘उड़ा देने’ की धमकी दी गई थी. यह घटना गुरुवार देर रात कोलकाता स्थित लोक भवन, राजभवन कार्यालय में सामने आई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं. राज्यपाल कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, धमकी की गंभीरता को देखते हुए रातोंरात सुरक्षा व्यवस्था में इजाफा किया गया. राज्यपाल बोस को पहले से ही Z-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, जिसे और मजबूत किया गया है. आधी रात को वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई, जिसमें खतरे का आकलन कर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने का फैसला लिया गया. मामले की जानकारी तुरंत केंद्रीय गृह मंत्रालय को दी गई. राज्यपाल की सुरक्षा के लिए बंगाल पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के बीच समन्वय बढ़ाया गया है. लोक भवन और उसके आसपास निगरानी, गश्त और खुफिया तंत्र को और सख्त किया गया है.
अधिकारियों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब राज्यपाल कार्यालय को ऐसी धमकियां मिली हों. इससे पहले भी इसी तरह के संदेश मिलने की जानकारी दी गई है. ताजा धमकी की जांच साइबर फॉरेंसिक टीम कर रही है और ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं.
ये भी पढ़ें: ‘वेनेजुएला मामले में भारत क्यों नहीं लेता कोई स्टैंड…’ US के एक्शन को लेकर कांग्रेस नेता ने सरकार को घेरा
अमित मालवीय ने ममता सरकार पर साधा निशाना
भाजपा नेता अमित मालवीय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में हालात इतने खराब हैं कि राज्यपाल भी सुरक्षित नहीं हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार संवैधानिक पदों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है.
Welcome to Mamata Banerjee’s regime, where even the Governor is not safe. Law and order has completely collapsed in West Bengal. The Home Minister, Mamata Banerjee, is busy snatching incriminating files from the ED in order to protect a private firm accused of coal smuggling and… https://t.co/qMkB0dEHI5
— Amit Malviya (@amitmalviya) January 8, 2026
बता दें, ये यह घटना ऐसे समय सामने आया है जब राज्य में राजनीतिक माहौल पहले से ही तनावपूर्ण है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा कोयला तस्करी से जुड़े मामलों में की जा रही छापेमारी और 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल हाई अलर्ट पर हैं और जांच जारी है.
