सोमनाथ मंदिर पर हमला करने आए आक्रमणकारी महमूद गजनवी ने मूर्तियों तो तोड़कर उसका क्या किया था? ठीक 1000 साल पहले की उस घटना ने भारत का इतिहास रक्तरंजित कर दिया. आगे और भी इस्लामी आक्रमण हुए. वामपंथी इतिहासकार टूटी गई मूर्तियों के बारे में अलग लिखते हैं लेकिन अफगानिस्तान के समकालीन इतिहासकार मिनहाजुद्दी सिराज ने अपनी किताब तबकात-ए-नासिरी में स्पष्ट लिखा है. यह किताब 1260 में लिखी गई थी. सिराज ने लिखा है कि महमूद सोमनाथ की मूर्तियों को अपने साथ गजनी ले गया था.
उन्होंने आगे लिखा, ‘गजनी में उसने उन मूर्तियों को तोड़कर चार हिस्सों में बांट दिया…मूर्तियों का एक हिस्सा जुमे को होने वाली नमाज की जगह पर लगाया गया. दूसरा हिस्सा शाही महल के प्रवेश द्वार पर सीढ़ियों पर लगाया गया. मूर्तियों के तीसरे हिस्से को उसने मक्का और चौथे हिस्से को मदीना भिजवा दिया.’ इसी आधार पर गजनवी को महज लुटेरा नहीं बल्कि कट्टर इस्लामिक आक्रमणकारी कहा जाता है.
गजनवी के दरबारी इतिहासकार अल-उतबी ने तारीख-ए-यामिनी में महमूद के हवाले से लिखा है, ‘मैं खुद को मजहब की जिम्मेदारी से अलग नहीं कर सकता क्योंकि अपने पूरे जीवन में मैंने जिहाद के लिए तलवार उठाई है और काफिरों के देशों में इसी रास्ते पर शोहरत हासिल की है. मैं इस्लाम के लिए तलवार उठाता हूं क्योंकि इससे मुझे जन्नत में जगह हासिल होगी.’
गजनवी के समय भारत कैसा था?
डॉ. आरएस राघव अपनी किताब ‘गुप्तकाल की विरासत: विष्णुध्वज’ में लिखते हैं कि 1000 ईसवी के आसपास भारत में सैकड़ों की संख्या में राजा थे. इनमें अनेक राजाओं के छोटे-छोटे राज्य किसी जिले की सीमा से बड़े नहीं थे. कुछ बड़े राज्य भी थे, जो छोटे राज्यों से दुश्मनी पाले हुए थे. राजाओं की परस्पर दुश्मनी का कारण उनका अभिमान था. अनेक राजाओं के पास सेना मात्र 6,000 से लेकर 10,000 तक होती थी. अधिकतम 40,000 तक की सेना रखना विशाल राज्य माना जाता था और ऐसे राज्य अंगुलियों पर गिनने लायक ही थे.
ग्यारहवीं शताब्दी में महमूद गजनवी का आक्रमण तुर्कों के भारत में आगमन का प्रारंभ कहा जाता है. तुर्क, मुस्लिम शासन के खलीफाओं के अंगरक्षक कहे जाते हैं और भारत में मुस्लिम शासन की नींव का पत्थर तुर्कों के आने को ही कहा जाता है. इनका भारत में आगमन अरबों या बिन कासिम के लगभग 289 साल बाद बताया गया है. तुर्क अफगान के गजनी, काबुल और खुरासान के निवासी थे. गजनी का महमूद गजनवी इनमें तीसरा शासक था.
गजनवी के 16 आक्रमण
करीब 33 साल के अपने शासनकाल में भारत पर महमूद गजनवी के 1001 से 1027 ईसवी तक 16 आक्रमण हुए. यह अफगानिस्तान के गजनी का निवासी था, जिसने सुबुक्तगीन की मृत्यु के बाद 998 ई. में सिंहासन पर बैठकर अफगानिस्तान के कई राज्यों पर अपना प्रभुत्व जमा लिया था. भारत पर उसका पहला आक्रमण 1001 ई. में पंजाब के राजा जयपाल पर हुआ. फिर भटिंडा, मुल्तान, नगरकोट, नारायणपुर, थानेश्वर, कन्नौज, कालिंजर और सोमनाथ पर उसके आक्रमण हुए.
गजनवी एक-एक करके भारतीय राजाओं को हराता गया. हिंदू देवताओं के प्रति घृणा नीति के कारण उसने अनेक मंदिरों का भी विध्वंस किया. युद्ध के बाद लूट में मिली धन-संपत्ति को वह अपने देश भेज देता था. इससे लगता है कि भारत से धन-संपत्ति को लूटकर अपने देश ले जाना उसका मुख्य उद्देश्य था. 27 वर्षों में उसे भारत में छोटे राजाओं को हराकर लूटने में पर्याप्त नया अनुभव हुआ. बार-बार के आक्रमणों से यहां के राजाओं की कमजोरी उसके सैनिकों की दृष्टि में आ गई क्योंकि भारतीय राजा एक होकर नहीं लड़ते थे. वे एक-दूसरे की पराजय से खुश भी होते थे. भारतीय राजाओं की इसी कमजोरी का तुर्क राजा उपहास भी उड़ाते थे.
पढ़ें: सोमनाथ मंदिर पर गजनवी के आक्रमण को भाजपा और संघ के नेता हमेशा याद क्यों करते हैं?
बड़े राजाओं की आपसी दुश्मनी का फायदा ही गजनवी को मिला था. वास्तव में तो इस समय के भारत के राजा या राज्य झाडू़ की बिखरी हुई सींकों के समान थे, जिन्हें तोड़कर रौंदने में महमूद गजनवी जैसे लुटेरे को कोई खास परेशानी नहीं हुई. गजनवी के 1027 ई. तक डेढ़ दर्जन आक्रमणों ने उसका हौसला और बढ़ा दिया था.
सोमनाथ मंदिर पर उसके पहले आक्रमण का कोई प्रभाव नहीं हुआ तो वह पूर्वी भारत की ओर चला गया. रास्ते में अनेक राजाओं के राज्यों को जीतते हुए भारतीय जनता का कत्लेआम करता, मंदिरों का विध्वंस करता और धन-संपत्ति को लूटता हुआ वह काली आंधी बनकर भारत के बड़े हिस्से पर छा गया. सांस्कृतिक वैमनस्य के कारण थानेश्वर-मथुरा में उसने अनेक मंदिरों को नष्ट किया और लूटा. उसके सबसे भयंकर आक्रमण गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर पर हुए. जहां उसने धन-संपत्ति की कामना से बार-बार आक्रमण किए. विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर पर पंद्रह बार के आक्रमणों में उसे सफलता नहीं मिली, लेकिन 1025 में सोलहवें युद्ध में उसने सोमनाथ पर अधिकार कर लिया. सोमनाथ के पुजारियों की हत्या और लूटपाट के बाद उसने अपार धन- संपत्ति, हीरे-जवाहरात प्राप्त किए.
गजनवी लौटा तो भी…
मंदिर के कपाट में भी सोने और मणि रत्न आदि जड़े हुए थे. सोमनाथ मंदिर को लूटकर गजनवी अपने देश गजनी लौट गया. भारत के हारे हिंदू राजा फिर चैन की नींद सो गए. उन्हें इसके बाद भी खतरे का एहसास नहीं हुआ था जबकि यह तो भयंकर काली आंधी की पूर्व आहट थी, जिसे भारतीय राजाओं ने समय रहते नहीं समझा. गजनवी के भारत से लौट जाने के बाद भारत के सिंध, मुल्तान जैसे कुछ पश्चिमी भागों में मुस्लिम शासन स्थापित हो चुका था. शेष राज्यों में हिंदू राजा अब चैन की सांस लेकर सत्तासीन हो गए.
हूरों के लालच में आए गजनी के सैनिक
गजनवी के आक्रमण के बाद भी भारतीय राज्यों के राजाओं की परस्पर द्वेष भावना इतनी ज्यादा थी कि उन्होंने कभी एकता का महत्व नहीं समझा. इनके छोटे-छोटे राज्य सबसे बड़ी समस्या थी, जिन्हें आसानी से हराकर बाहरी राजाओं द्वारा हर इच्छा की पूर्ति करने की सोची जाती थी. इसी का फायदा महमूद गजनवी ने उठाया था. यही नहीं, विदेशी आक्रमणकारी अपने सैनिकों को भारत की सुंदर हूरें मिलने का लालच देकर लाते थे. तुर्क सैनिकों को विजय के बाद हूरें मिलने का लालच उनकी बहादुरी में चार चांद लगा देता था. इसके लिए लाखों तलवारबाजों की सेना देखते-देखते तैयार हो जाती थी. सुंदरियों के लालच और लूटे गए धन-संपत्ति में हिस्सा, जागीरें, प्रमोशन तुर्क सैनिकों के लिए लड़ने-मरने का जज्बा बन जाती थीं.
1027 में महमूद गजनवी तो अपने देश लौट गया था. अफगानिस्तान के गजनी में उसकी फौज के भारत में आकर युद्धों के रोचक किस्से गजनी के स्थानीय लोगों के लिए मजाक का विषय बन गए. भारतीय राजाओं को हराने और लूटने के किस्से-कहानी सुन-सुनकर गजनी के दूसरे लोग भी भारत को लूटने और सुंदर हूरें मिलने के ख्वाब देखने लगे. तब खलीफाओं की इजाजत से चार-चार बीवी रखने के आदेशों ने उन्हें और उकसा दिया. इसी का परिणाम हुआ कि उसके 50 साल बाद मोहम्मद गोरी भारत पर हमला करता है.
