News in Brief

बीएमसी चुनाव के ठीक पहले शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) और मनसे के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. हाल ही में प्रकाश महाजन मनसे छोड़ शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) में शामिल हुए हैं. उन्होंने राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे पर जमकर निशाना साधा है.  इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि संजय दत्त और एक्टर महेश मांजरेकर का अंडरवर्ल्ड डॉन के साथ संबंध था और छोटा शकील की उनसे फोन पर भी बात होती थी.

संजय दत्त पर निशाना

इंटरव्यू में प्रकाश महाजन ने सवाल उठाया कि कैसे संजय राऊत, राज ठाकरे, उद्धव ठाकरे और महेश मांजरेकर साथ में बैठकर इंटरव्यू कर रहे हैं और महेश मांजरेकर का कहना है कि उनके बच्चों को मुंबई में रहने से डर लग रहा है. उन्होंने आगे कहा कि जिसके संबंध अंडरवर्ल्ड डॉन के साथ हो, जिसकी बात छोटा शकील से होती हो, उसे मुंबई से डर क्यों लगेगा? डर तो हम जैसे लोगों को लगना चाहिए. उन्होंने कहा कि मुंबई ब्लास्ट के वक्त संजय दत्त और महेश मांजरेकर की छोटा शकील से बात होती थी और पूरी मीडिया को ये बात पता है. खबरें भी छपी थीं. ऐसे लोगों से तो हमें डरकर रहना चाहिए.

Add Zee News as a Preferred Source

बताया छोटा शकील का करीबी

प्रकाश महाजन का ये बयान तब आया जब महाराष्ट्र के आगामी बीएमसी चुनाव की बिसात बिछाई जा रही है. बता दें कि प्रकाश महाजन, मनसे छोड़कर अब एकनाथ शिंदे (शिवसेना) गुट में शामिल हो चुके हैं. उद्धव-राज की सालों की दुश्मनी के बाद दोनों भाइयों के बीच बढ़ती नजदीकी शिंदे गुट और भाजपा के लिए बड़ी चुनौती है. प्रकाश महाजन के बयान से लगता है कि वे विरोधियों को ‘अंडरवर्ल्ड’ और ‘भ्रष्टाचार’ के मुद्दों पर घेरकर उनकी इमेज को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं. प्रकाश महाजन के इन तीखे हमलों के बाद अब सबकी नजरें इस पर हैं कि क्या संजय दत्त या महेश मांजरेकर इस पर कोई कानूनी कदम उठाते हैं या राजनीतिक रूप से इसका जवाब दिया जाता है. साथ ही, राज और उद्धव ठाकरे की ओर से भी तीखे रिएक्शन की उम्मीद है.