News in Brief

Viksit Bharat Young Leaders Dialogue: 12 जनवरी यानी मंगलवार को राष्ट्रीय युवा दिवस है. इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में कई बड़ी हस्तियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने भी शिरकत की. कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए अपने कई अनुभव भी साझा किए. उन्होंने कहा कि मेरे काम का क्षेत्र अलग है, मेरा अनुभव और युवाओं के साथ उम्र का बहुत अधिक फर्क है. उन्होंने यह भी कहा कि आप में से अधिकांश लोग मुझसे 60 साल से भी अधिक छोटे हैं. ऐसे में मैं दुविधा में था कि यहां आना चाहिए या नहीं. 

अजित डोभाल ने कहा कि मेरा जन्म आजाद भारत में नहीं, बल्कि आजादी से पहले के भारत में हुआ था. जवानी काफी पहले बीत गई, आज का परिवेश काफी बदल गया है. हालांकि, इस दौरान एक चीज कॉमन है, एक छोटी सी चीज जो आपकी जिंदगी की दिशा तय करती है और वह है किसी भी व्यक्ति के फैसले लेने की क्षमता. डोभाल ने कहा कि हर व्यक्ति हर दिन कुछ न कुछ फैसले लेता है, चाहें छोटे या फिर बड़े. उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर एक व्यक्ति को हर कदम पर फैसले लेने होते हैं. आगे कहा कि भारत विकसित होगा, यह पक्का है. PM मोदी इस देश को ऐसी जगह ले गए हैं कि अगर यह ऑटोपायलट पर भी चले, तो भी विकसित भारत बन जाएगा. 

युवाओं को NSA ने याद दिलाया इतिहास

Add Zee News as a Preferred Source

युवाओं को संबोधित करते हुए अजित डोभाल ने इतिहास पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने इस कार्यक्रम में कहा कि यह भारत वैसा आजाद नहीं था जैसा आप आज देखते हैं. हमारे पूर्वजों ने बलिदान दिया, अपमान सहा और कई लोगों को फांसी दी गई. भगत सिंह को फांसी दी गई, सुभाष चंद्र बोस ने पूरी जिंदगी संघर्ष किया और महात्मा गांधी ने सत्याग्रह का रास्ता दिखाया. आगे कहा कि अनगिनत लोगों ने अपनी जान गंवाई. हमारे मंदिर नष्ट कर दिए गए, गांवों को लूटा गया और हमारी सभ्यता को कुचला गया, जबकि हम बेबस, मूक दर्शक बने रहे. इतिहास हमें चुनौती देता है. आज के युवाओं में वह आग है. हालांकि बदला लेना एक अच्छा शब्द नहीं है, लेकिन यह शक्तिशाली है. हमें अपने मूल्यों पर आधारित एक महान भारत का पुनर्निर्माण करके हमें  बदला लेना चाहिए.

वहीं, अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हमारी सभ्यता विकसित थी. हमने कभी किसी के मंदिर नहीं तोड़े, दूसरों को नहीं लूटा या दूसरे देशों पर हमला नहीं किया. लेकिन हम अपने सामने आने वाले खतरों को समझ नहीं पाए और लापरवाह बने रहे, इसीलिए हमें सबक सिखाया गया. सवाल यह है कि क्या हम उस सबक को याद रखेंगे? अगर आने वाली पीढ़ियां इसे भूल गईं, तो यह देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण होगा. 

युवाओं को दिया ये खास मैसेज 

दिल्ली में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में अजित डोभाल ने कहा कि यहां बैठे अधिकांश लोगों ने  1 जनवरी को कोई न कोई संकल्प लिया होगा, जिसमें सोशल मीडिया पर समय बर्बाद नहीं करेंगे, जिम जाएंगे, खूब पढ़ाई करेंगे, और समय बर्बाद नहीं करेंगे जैसे खुद से किए वादे शामिल होंगे. इसमें से कुछ लोग ऐसा करते हैं, कुछ नहीं करते. सही और दूरदर्शी फैसले लेना बहुत जरूरी है और पहला कदम उठाने से पहले, सोचें कि अगले दो कदम क्या होंगे. सपने देखना जरूरी है, लेकिन आपको उन सपनों को फैसलों में और आखिर में अपनी जिदगी की सच्चाई में बदलना होगा. कुछ लोग सफल होते हैं, कुछ सपने और फैसले के बीच खो जाते हैं और कुछ सपने और उसे लागू करने के बीच.

उन्होंने यह भी कहा कि हमें सही फैसले लेना काफी जरूरी है, लेकिन अपने फैसले को सही बनाना ज्यादा जरूरी है. यह पक्का करने के लिए आपके फैसले सही हों, आपको किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए खुद को पूरी तरीके से लगाना होगा. सपने एक दिन में पूरे नहीं होते. मोटिवेशन कुछ समय के लिए होता है, लेकिन अनुशासन हमेशा रहता है और हमेशा आपके साथ रहता है. जब यह आपका हिस्सा बन जाता है, तो यह पक्का हो जाता है. अपना काम टालें नहीं; नहीं तो यह आपकी आदत बन जाएगी. अगर रुकावटें भी आएं, तो हार न मानें या सरेंडर न करें. (इनपुट)