Ajit Doval: राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने शनिवार को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2.0 के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने युवाओं को खास संदेश भी दिया. अजीत डोभाल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की आजादी बहुत बड़ी कीमत पर मिली है, जिसमें भारतीयों की कई पीढ़ियों ने अपमान, विनाश और नुकसान झेला है.
हालांकि, इस दौरान एक सवाल जवाब का सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें अजीत डोभाल ने कई प्रश्नों का उत्तर दिया. जहां पर उन्होंने एक बड़ा खुलास किया. दरअसल, एक सवाल के जवाब मे अजीत डोभाल ने बताया कि आज के इस आधुनिक समय में भी वह मोबाइल फोन या इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते हैं. ये जानकर आप थोड़ा हैरान हो सकते हैं, लेकिन यह सत्य है.
अजीत डोभाल ने बताया क्यों नहीं करते फोन का इस्तेमाल
भारत मंडपम में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम के सवाल जवाब के सत्र के दौरान एनएसए से पूछा गया कि वह क्या सच में मोबाइल या इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि ये बात बिल्कुल सत्य है. उन्होंने बताया कि केवल फोन और इंटरनेट ही संवाद के साधन नहीं है, जैसा की आज के लोगों को पता है. इसके लिए और भी कई साधन मौजूद हैं.
सवाल का जवाब देते हुए डोभाल ने कहा कि ये बात सत्य है कि मैं इटरनेट या मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करता हूं. हालांकि कई बार पारिवारिक बातें होती हैं, विदेशों में बात करनी पड़ती है, तो इसका इस्तेमाल करना होता है. लेकिन बात करने के लिए केवल यही साधन नहीं है, इसके लिए कई ऐसे साधन हैं, जो लोगों को नहीं पता है. उन्होंने यह भी कहा कि हर व्यक्ति में धैर्य होना आवश्यक है. अगर किसी को अपना संदेश पहुंचाना है, तो प्रोपोगैंडा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: पुणे में पवार बनाम पवार नहीं, पवार+पवार! एक ही मंच से जारी किया घोषणा पत्र, क्या किए वादे?
युवाओं को डोभाल का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजीत डोभाल ने कहा कि युवाओं को इतिहास से प्रेरणा लेकर देश के पुनर्निर्माण और अपने मूल्यों, अधिकारों और विश्वासों पर आधारित एक मजबूत और महान भारत बनाने की दिशा में काम करना चाहिए. वहीं, इस कार्यक्रम में इतिहास पर प्रकाश डालते हुए डोभाल ने कहा कि हमारी एक बहुत विकसित सभ्यता थी.
कहा कि हमने किसी के मंदिर नहीं तोड़े. हम कहीं जाकर लूटा नहीं. जब बाकी दुनिया बहुत पिछड़ी हुई थी, तब हमने किसी देश या किसी विदेशी लोगों पर हमला नहीं किया. लेकिन हम अपनी सुरक्षा और खुद पर मंडरा रहे खतरों को समझने में नाकाम रहे. जब हम उनके प्रति उदासीन रहे तो इतिहास ने हमें एक सबक सिखाया. क्या हमने वह सबक सीखा? क्या हम वह सबक याद रखेंगे? अगर आने वाली पीढ़ियाँ वह सबक भूल गईं, तो यह इस देश के लिए सबसे बड़ी त्रासदी होगी.
यह भी पढ़ें: ‘हमने किसी के मंदिर नहीं तोड़े, लेकिन…’, युवाओं को अजीत डोभाल ने याद दिलाई इतिहास की बात; क्यों कहा अब फैसला लेना बहुत जरूरी?
