Hindu PM Vs Muslim PM remark: इसे दुर्भाग्य ही कहेंगे कि अधिकांश नेता चाहे किसी भी दल के हों, वे खुद को कितना ही समतावादी समाजसेवी और दयालु बताते हों लेकिन थोड़ी देर में उनकी बातें और एजेंडा हिंदू मुस्लिम पर आ जाता है. इस कड़ी में ओवैसी ने मुस्लिम पीएम वाला अपना पुराना ख्याल दुनिया को बताया तो बीजेपी के फायरब्रांड हिंदुत्ववादी नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने ओवैसी को तगड़ा जवाब दिया. असम के सीएम ने कहा, ‘संवैधानिक रूप से भारत में कोई भी व्यक्ति प्रधानमंत्री बन सकता है. लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि भारत का प्रधानमंत्री हमेशा हिंदू ही रहेगा’.
ओवैसी को बीजेपी का चैलेंज
हिमंता ने ये भी कहा, भारत एक हिंदू राष्ट्र है, हिंदू सभ्यता है, और हम हमेशा विश्वास करेंगे, और हमें पूरा भरोसा है कि भारत का प्रधानमंत्री हमेशा एक हिंदू व्यक्ति ही होगा. हिमंता बिस्वा सरमा का यह बयान ओवैसी के उस दावे के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने मुस्लिम पीएम वाला बयान दिया था.
क्या बोले थे ओवैसी
ओवैसी ने भारतीय संविधान में समावेशिता पर जोर देते हुए कहा था पाकिस्तान का संविधान गैर-मुस्लिम लोगों को शीर्ष पदों पर रहने से रोकता है. बाबा साहब का संविधान कहता है कि भारत का कोई भी नागरिक प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मेयर बन सकता है. मेरा सपना है कि एक दिन ऐसा आए जब हिजाब पहनी हुई बेटी देश की प्रधानमंत्री बने.
पसमांदा अध्यक्ष बनाएं फिर बोलें: BJP
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला से लेकर नितेश राणे तक कई बीजेपी नेताओं ने ओवैसी को ऐसी बयानबाजी से बचने की सलाह दी है. पूनावाला ने कहा, ‘अगर ओवैसी खुद को अलग बताते हैं तो वो पहले अपनी पार्टी का अध्यक्ष किसी पसमांदा मुसलमान को बताएं, फिर ऐसी बयानबाजी करें.
कोई मुस्लिम पीएम नहीं बन सकता: राणे
ओवैसी के बयान पर रिएक्शन देते हुए महाराष्ट्र के मंत्री नीतीश राणे ने कहा, असदुद्दीन ओवैसी हमारे हिंदू राष्ट्र में इस तरह के बयान देने की हिम्मत नहीं कर सकते. यह हमारा हिंदू राष्ट्र है, जहां 90% आबादी हिंदू है. हिजाब या बुर्का पहनने वाली महिलाएं न तो प्रधानमंत्री बनेंगी और न ही मुंबई की मेयर. जो लोग ऐसे पदों पर आसीन होना चाहते हैं, उन्हें कराची जैसे अपने इस्लामी देशों में चले जाना चाहिए. यहां उनके लिए कोई जगह नहीं है. हिजाब या बुर्का पहनने वाली महिलाएं मुंबई में प्रधानमंत्री या महापौर नहीं बन सकतीं.’
ओवैसी का ये ख्याल कोई नया नहीं है. वो इससे पहले 2023 और 2024 की रैलियों में यही बयान दोहरा चुके हैं.
