PM Modi in Somnath Temple: पीएम मोदी शनिवार शाम को सोमनाथ पहुंचे थे. यहां साल 1026 में हुए पहले आक्रमण के एक हजार साल पूरे होने पर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है. इस कार्यक्रम का नाम प्रधानमंत्री ने ही रखा है. आज आयोजन का आखिरी दिन है. पहले दिन पीएम ने रोड शो किया था. दुसरे दिन मंदिर में दर्शन किए, और मंत्र के सामूहिक जप में शामिल हुए और ड्रोन शो भी देखा था. प्रधानमंत्री ने आज सुबह 9:45 बजे शौर्य यात्रा में भाग लिया. यह यात्रा उन अनगिनत वीरों को सम्मानित करने के लिए होती है जिन्होंने सोमनाथ मंदिर की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी है. सोमनाथ मंदिर में होने वाली शौर्य यात्रा में 108 घोड़ों को वीरता और बलिदान के प्रतीक के रूप में शामिल किया गया था. इसके बाद पीएम मोदी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना किया.
दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह समय बहुत खास है. पूरा माहौल अनोखा और दिव्य है. एक ओर देवों के देव महादेव हैं. दूसरी ओर समुद्र की लहरें हैं. सूर्य की रोशनी और मंत्रों की गूंज वातावरण को पवित्र बना रही है. आस्था का सैलाब हर तरफ दिखाई दे रहा है. इस दिव्य माहौल में भक्तों की मौजूदगी ने इस अवसर को और भव्य बना दिया है. पीएम मोदी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में उन्हें सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में सेवा करने का अवसर मिला है. उन्होंने इसे अपना बड़ा सौभाग्य बताया है.
72 घंटे तक लगातार मंत्रों का उच्चारण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सोमनाथ की गाथा को शब्दों में समेट पाना संभव नहीं है. यहां 72 घंटे तक लगातार ओमकार का नाद और मंत्रों का उच्चारण होता रहा. सोमनाथ के एक हजार साल के इतिहास, उसके संघर्ष और शौर्य यात्रा का दृश्य मन को छू लेने वाला है. यह पूरा अनुभव ऐसा है, जो देखने और महसूस करने का है. इसे शब्दों में बताना कठिन है. उन्होंने कहा कि इस अनुभूति को केवल समय ही अपने भीतर संजो सकता है.
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज उस इतिहास को सोचिए जब 1026 में महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को तोड़ा था. उसे लगा कि उसने मंदिर का अस्तित्व खत्म कर दिया है. लेकिन इसके बाद भी मंदिर का पुनर्निर्माण दोबारा शुरू हो गया, बाद में खिलजी ने भी मंदिर को तोड़ा, फिर जूनागढ़ के राजाओं ने इसे फिर से बनवाया. इस तरह सोमनाथ मंदिर हमेशा नई शक्ति और आस्था के साथ खड़ा रहा.
मंदिर को वापस बनाने से रोकने की कोशिश
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस देश के पास अपनी विरासत होती है, वह उस पर गर्व करता है. लेकिन आजादी के बाद कुछ लोगों ने इस विरासत को भूल जाने की कोशिश की है. जब सरदार पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की शपथ ली, तब उन्हें रोकने की कोशिश हुई. उस समय के राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को भी मंदिर आने से रोका गया था.
देश को बांटने वालों से सावधान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमें आज भी सतर्क और एकजुट रहना है. ऐसी ताकतों से सावधान रहना है, जो देश को बांटने की कोशिश कर रही हैं. हर देशवासी के मन में विकसित भारत को लेकर भरोसा है. भारत अपने गौरव को नई ऊंचाई पर ले जाएगा और गरीबी के खिलाफ अपनी लड़ाई में सफल होगा
