Amit Shah Kerala Visit Attack News on Government: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि केरल में भाजपा का समर्थन लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी इस साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में सरकार बनाएगी. हाल के स्थानीय निकाय चुनावों में मिली जीतों का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जनता का समर्थन बढ़ा है. इससे सत्तारूढ़ LDF और कांग्रेस नीत UDF घबराए हुए हैं. लेकिन जनता अब उन्हें और मौका नहीं देने वाली है. इस साल राज्य में होने वाले असेंबली चुनावों में इन दोनों गठबंधनों का सूपड़ा साफ हो जाएगा.
‘PFI-SDPI, जमात दोनों गठबंधनों के वोट बैंक’
‘दोस्तों, मुझे बताइए: क्या एलडीएफ और यूडीएफ केरल को जमात-ए-इस्लामी, PFI और अब बढ़ते हुए SDPI से बचा सकते हैं?… वे नहीं बचा सकते. ये सब उनके वोट बैंक हैं, इसलिए वे उनके खिलाफ कभी कोई कार्रवाई नहीं करेंगे. ऐसे में अगर कोई केरल को उनके विभाजनकारी एजेंडे से बचा सकता है तो वह केवल भाजपा है.’
केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे कहा, ‘हमने तीन तलाक को खत्म किया. जबकि एलडीएफ तथा यूडीएफ दोनों इसका विरोध करते हैं. आज मैं केरल के मुख्यमंत्री से एक सीधा सवाल पूछना चाहता हूं. क्या मुस्लिम महिलाओं को गरिमा के साथ जीने का अधिकार है या नहीं?’
‘हिंदुओं-ईसाइयों की जमीन हड़प ली गई’
दोनों गठबंधनों पर बरसते हुए अमित शाह ने कहा, ‘हम वक्फ में भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए कानून लाते हैं और वे दोनों उसका विरोध करते हैं. आज मैं एक साफ सवाल पूछना चाहता हूं. एर्नाकुलम में 600 ईसाई और हिंदू परिवारों की 400 एकड़ जमीन वक्फ बोर्ड के नाम पर हड़प ली गई है. उस जमीन की रक्षा को लेकर आपकी क्या राय है?’
शाह ने तंज कसते हुए कहा, ‘एलडीएफ और यूडीएफ केरल को इन सब से इसलिए नहीं बचा सकते क्योंकि उन्होंने तुष्टिकरण को अपनी नीति बना लिया है. जब आप ऐसा करते हैं तो आप किसी के साथ न्याय नहीं करते. इसी कारण भाजपा की नीति है – सबके लिए न्याय, किसी का तुष्टिकरण नहीं.’
‘20% से 40% तक पहुंचने में ज्यादा समय नहीं लगेगा’
राज्य के स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की जीत से अमित शाह गदगद दिखे. उन्होंने कहा, ‘केरल के लोग भाजपा को अपना समर्थन दे रहे हैं और हमारा समर्थन लगातार बढ़ रहा है. 2014 में हमें 11% वोट मिले. इसके बाद 2019 में 16% और फिर 2024 में 20% वोट मिले. अब 20% से 30% और 40% तक पहुंचने में ज्यादा समय नहीं लगेगा. हम इसे 2026 में साबित करेंगे. हम देश भर में यह कर चुके हैं और अब केरल की बारी है. इस बार केरल में निश्चित रूप से भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा.’
उन्होंने कहा, ‘यह बदलाव केवल शहरों तक सीमित नहीं है. हम 30 ग्राम पंचायतें, दो नगरपालिकाएं जीत चुके हैं और तिरुवनंतपुरम में हमारा मेयर वर्तमान में कार्यरत है. यह विजय यात्रा केवल हमारे सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं के त्याग के कारण संभव हो सकी है जिन्होंने अपना सब कुछ समर्पित किया. आज बड़ी विनम्रता के साथ, भाजपा की ओर से मैं इस जीत को उन सैकड़ों कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को समर्पित करता हूं जिन्होंने जेल तक की यातना सही है.’
‘राज्य को अधिक संतुलित विकास मॉडल की जरूरत’
शाह ने केरल की एलडीएफ और यूडीएफ सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि वे विदेश में काम करने वाले केरलवासियों से आने वाली धनराशि (रिमिटेंस) पर निर्भर हैं. जबकि राज्य को अधिक संतुलित विकास मॉडल की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए ने जिन राज्यों में शासन किया है, वहां व्यापक परिवर्तन किया है. उन्होंने केरल की जनता से आग्रह किया कि वह केवल रिमिटेंस आधारित विकास से आगे बढ़कर हर नागरिक के लिए विकास सुनिश्चित करे.
उन्होंने कहा, ‘केरल का विकास संतुलित होना चाहिए. एलडीएफ और यूडीएफ सरकारें विदेश में काम करने वाले केरलवासियों द्वारा भेजे गए पैसों से संतुष्ट हैं. मैं विदेश में काम करने वाले केरलवासियों का सम्मान करता हूं, लेकिन मैं एलडीएफ और यूडीएफ से पूछना चाहता हूं कि जिन परिवारों के सदस्य विदेश से पैसा नहीं भेजते. उनकी देखभाल की जिम्मेदारी किसकी है? उन करोड़ों लोगों के जीवन में सुधार लाने की जिम्मेदारी किसकी है?’
‘तिरुवनंतपुरम में जीत से गदगद है बीजेपी’
उन्होंने आगे कहा, ‘आज मैं केरल के लोगों से यह कहने आया हूं कि जहां-जहां भाजपा और एनडीए सत्ता में आए हैं, उन्होंने उन राज्यों को विकसित राज्यों में बदला है. प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया के सामने संतुलित विकास का मॉडल रखा है. केरल को भी एकतरफा, रिमिटेंस आधारित विकास की सोच छोड़कर हर नागरिक के विकास की योजना बनानी चाहिए.’
बताते चलें कि पिछले महीने बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में जीत हासिल करके नया इतिहास रच दिया. इसके साथ ही पार्टी ने नगर निगम में 40 साल से चले आ रहे एलडीएफ के शासन का अंत कर दिया. तिरुवनंतपुरम नगर निगम की 101 वार्डों में से एनडीए ने 50, एलडीएफ ने 29, यूडीएफ ने 19 और दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीती थी. यह जीत कांग्रेस-नेतृत्व वाले यूडीएफ और वाम दलों के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है. इसकी वजह ये है कि एनडीए लगातार उनके वोट आधार में सेंध लगा रहा है और राज्य में एक तीसरे मोर्चे के रूप में उभर रहा है.
(एजेंसी एएनआई)
