News in Brief

जी हां, कांग्रेस शासित तेलंगाना सरकार एक बड़ा कानून बनाने जा रही है. तेलंगाना सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं को गंभीर मुद्दा मानते हुए ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर चौंकाने वाला प्रस्ताव सामने रखा है. मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सुझाव दिया है कि जो भी गाड़ी वाला ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करता पाया जाए, उसके अकाउंट से अपने आप जुर्माना काट लिया जाना चाहिए. 

वैसे तो, यातायात के नियमों का उल्लंघन करना पूरे देश की समस्या है. तेलंगाना सरकार का मानना है कि यह साइबर क्राइम, ड्रग्स और हत्याओं से भी बड़ी समस्या बन चुका है. ट्रैफिक पुलिस सिस्टम को मजबूत करना समय की मांग है. सीएम रेवंत रेड्डी ने सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया. बाद में बताया गया कि राज्य सरकार ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीरता से ध्यान दिया है. इसमें लोगों की जानें जा रही हैं. इस पर अंकुश लगाने के लिए मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया है कि ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर लगाए गए फाइन यानी जुर्माने को सीधे गाड़ी मालिक के बैंक खाते से काट लिया जाए. अभी जुर्माना मैनुअल कलेक्शन से मिलता है. 

मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि देश में हर मिनट सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. राज्य सरकार सड़क दुर्घटनाओं को एक गंभीर समस्या मानती है क्योंकि युद्ध की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में ज्यादा लोग जान गंवा रहे हैं. यहां तक ​​कि जाने-माने लोग भी सड़क दुर्घटनाओं में अपने बच्चों को खो रहे हैं. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह सुनिश्चित करने के उपाय किए जाएं कि जिसने ट्र्रैफिक रूल नहीं माना उसके बैंक खाते से पैसे कट जाएं. 

Add Zee News as a Preferred Source

सीएम रेड्डी ने क्या-क्या कहा

– ट्रैफिक प्रबंधन बड़ी चुनौती बन गया है. तकनीकी विशेषज्ञता का उपयोग कर सिस्टम को मजबूत बनाने की जरूरत है. 
– सिग्नल और ट्रैफिक सिस्टम के बारे में जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस में सुधार की आवश्यकता है. 
– स्टूडेंट्स के बीच कम उम्र से ही सड़क दुर्घटनाओं के बारे में जागरूकता पैदा की जानी चाहिए. 
– साइबर क्राइम को नियंत्रित करने के लिए विशेष सिस्टम तैयार किया गया है. इसी तरह ड्रग्स के खतरे को रोकने के लिए अलग तंत्र बनाया गया है.