News in Brief

BMC Election News 2026 Latest Updates in Hindi: आज बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों में किसकी विजय पताका फहरेगी, यह तो रिजल्ट बताएगा. लेकिन इससे पहले वोटिंग के दौरान राजनीतिक दलों में जुबानों के तीर खूब चले. साथ ही विवादों ने भी चुनाव में गर्मी बनाए रखी. मतदान से जुड़ा एक विवाद तब शुरू हुआ, जब सोशल मीडिया पर इससे जुड़े कई वीडियो वायरल हुए. इन वीडियोज में मतदाता और कुछ अन्य लोग अपनी उंगलियों पर लगाए गए स्याही के निशान को एसीटोन से हटाते हुए दिखाई दिए. हालांकि, BMC ने इन सभी दावों को खारिज कर दिया और कहा कि मतदान के दौरान स्याही हटाए जाने की खबरें गलत हैं.

एसीटोन से मिटाई जा रही स्याहीं

मुंबई सीट से कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने ऐसा ही एक वीडियो एक्स (X) पर शेयर कर लिखा, ‘क्या बीएमसी जवाबदेही मिटा रही है? सुबह से हमें कई रिपोर्टें मिल रही हैं कि मतदान का संकेत देने वाली मार्कर स्याही आसानी से हटाई जा सकती है. मेरे सहयोगी और उनकी पत्नी यहां दिखा रहे हैं कि यह स्याही एसीटोन या नेल पॉलिश रिमूवर से कितनी आसानी से हट जाती है. इससे BMC Election 2026 के प्रबंधन और पारदर्शिता को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं.’

Add Zee News as a Preferred Source

‘वोटर लिस्ट में मतदाताओं के नाम गायब

वर्षा गायकवाड़ ने आगे लिखा, ‘वोटर लिस्ट में मतदाताओं के नाम गायब हैं. राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट क्रैश हो रही है. लोगों को अपना नाम लिस्ट में ढूंढने में परेशानी हो रही है. उंगली से स्याही आसानी से मिट रही है. आख़िरी समय में मतदाताओं को दी जा रही रिश्वतों पर कोई रोक नहीं है. हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में लोगों का विश्वास हर हाल में सुरक्षित रहना चाहिए. लेकिन चुनाव आयोग और बीएमसी इस बारे में पूरी तरह उदासीन दिख रहे हैं. शर्मनाक!’

Maharashtra BMC Election 2026 LIVE: खुलासा होना चाहिए कि वेतन कहां से आता है! चुनाव आयुक्त पर उद्धव का तीखा वार

उंगली से स्याही हटाने की बहस को एक टीवी पत्रकार ने और हवा दी. उन्होंने अपने स्टूडियो से एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें स्याही को एसीटोन से हटाते हुए दिखाया जा रहा था. उन्होंने कहा कि यह वीडियो पनवेल से लौटने के तुरंत बाद रिकॉर्ड किया, जहां पर उन्होंने नगर निगम चुनाव में वोट डाला था.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियोज भ्रामक – BMC

सोशल मीडिया पर वायरल इन वीडियोज को BMC ने भ्रामक बताया है. बीएमसी की ओर से जारी बयान में इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए मीडिया रिपोर्टों को तथ्यात्मक रूप से गलत बताया गया. नगर निगम ने कहा कि तय प्रक्रिया के अनुसार, मतदान केंद्र पर मतदाता के बायें हाथ की एक उंगली पर अमिट स्याही लगाई जाती है. इसे आसानी से मिटाया नहीं जा सकता. अब सच्चाई क्या है, यह तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकता है. 

एसीटोन क्या होता है?

लेकिन आपको यह जरूर बता देते हैं कि एसीटोन क्या होता है. असल में यह एक रंगहीन, अत्यधिक वाष्पशील और ज्वलनशील तरल पदार्थ होता है. आमतौर पर इसका इस्तेमाल नेल पॉलिश रिमूवर, पेंट थिनर और सफाई उत्पादों के निर्माण में होता है. यह कई पदार्थों को घोल सकता है, इसलिए इस उत्पाद की काफी डिमांड रहती है.