Dinesh T Waghmare: महाराष्ट्र निकाय चुनाव के दौरान राज्य के चुनाव आयुक्त दिनेश टी वाघमारे विवादों में बने हुए हैं. 15 जनवरी को 29 नगर निगमों में हुए मतदान के दौरान सामने आई तकनीकी खामियों, प्रशासनिक फैसलों के चलते वाघमारे कठघरे में खड़े दिखाई दे रहे हैं. उद्धव ठाकरे ने सीधे आरोप लगाते हुए वाघमारे को निलंबित करने की मांग की है. में जानते हैं कि दिनेश टी वाघमारे कौन हैं?
क्यों विवादों में दिनेश टी वाघमारे
पहले यह जान लेते हैं कि आखिर विवाद क्या है और क्यों उनपर सवाल उठ रहे हैं. तो इसका जवाब है कि विपक्षी पार्टियों ने चुनाव कार्यक्रम की कई घोषणाओं पर सवाल उठाए हैं. इनमें उम्मीदवारों के हलफनामों को अपलोड करने में देरी, आखिरी 48 घंटों में घर-घर जाकर प्रचार करने की इजाजत, मुंबई में काउंटिंग के दौरान PADU (प्रिंटिंग ऑक्सिलरी डिस्प्ले यूनिट) मशीनों का इस्तेमाल, वोटों की चरणबंद्ध गिनी, निर्विरोध जीत से संबंधित शिकायतों को निपटान और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन शामिल हैं.
स्याही को लेकर फंसे वाघमारे
इसके अलावा अमिट स्याही को लेकर भी उन्हें आलोचनाओं को सामना करना पड़ रहा है. हालांकि वाघमारे ने इस संबंध में जवाब देते हुए कहा कि वही स्याही इस्तेमाल की जा रही है जो हमेशा से इस्तेमाल होती है आई और इसमें कोई नया पदार्थ नहीं मिलाया गया है. उन्होंने बताया कि राज्य चुनाव आयोग 2011 से मार्कर पेन के रूप में इस स्याही का इस्तेमाल कर रहा है. वाघमारे ने आगे कहा कि अगर स्याही मिटाकर कोई दो बार वोटिंग करता है तो मतदान केंद्र के पीठासीन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें:
Maharashtra Result: महाराष्ट्र लोकल बॉडी रिजल्ट में किस पार्टी ने दिखाया दम, एक नजर में देखिए पूरे राज्य के आंकड़े
पहले भी उठ चुके हैं सवाल
यह पहली बार नहीं है जब उनका नाम विवादों में आया है. इससे पहले सामाजिक न्याय विभाग की जिम्मेदारी के दौरान एक राजनीतिक विवाद में फंस गए थे. 2017 में उनके बेटे को अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए बनी एक योजना के तहत पेंसिल्वेनिया स्टेट यूनिवर्सिटी में रिसर्च के लिए सरकार की तरफ छात्रवृत्ति मिली. विपक्षी पार्टियों ने हितों के टकराव का आरोप लगाया.
कौन हैं दिनेश वाघमारे?
वाघमारे महाराष्ट्र कैडर के 1994 बैच के IAS अफसर हैं. उन्होंने राज्य सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद से रिटायर्ड होने के तुरंत बाद 28 जनवरी 2025 को सातवें राज्य चुनाव आयुक्त के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी. इसके अलावा उन्होंने महाराष्ट्र सरकार में कई अहम पदों पर जिम्मेदारियां निभाई हैं. जिनमें गृह, ऊर्जा और सामाजिक न्याय विभागों में प्रमुख सचिव, महाराष्ट्र राज्य विद्युत पारेषण कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक, पिंपरी चिंचवाड़ और नवी मुंबई के नगर आयुक्त के पद शामिल हैं. इतना ही नहीं उन्होंने अमरावती के संभागीय आयुक्त, बुलढाणा के कलेक्टर, कई जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और नागपुर सुधार ट्रस्ट के अध्यक्ष के तौर पर भी काम किया है.
यह भी पढ़ें:
BMC Result 2026 Winning Candidate List: किस सीट से किस उम्मीदवार ने जीती जंग, यहां देखिए अपने वॉर्ड का हाल
दिनेश वाघमारे की शिक्षा
उनकी शिक्षा की बात करें तो वाघमारे ने नागपुर के विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान से इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग में बीटेक, आईआईटी खड़गपुर से कंप्यूटर साइंस में एमटेक और यूके के ब्रैडफोर्ड विश्वविद्यालय से विकास परियोजना योजना में एमएससी की डिग्री प्राप्त की है.
