News in Brief

Arun Gavli daughter yogita gavli lost elections: बीएमसी चुनाव के नतीजों के विश्लेषण के बीच गैंगस्टर से नेता बने अरुण गवली की बेटी योगिता गवली को बेहद दिलचस्प और कांटे की टक्कर के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. योगिता ने बायकुला-चिंचपोकली के वार्ड 207 से चुनाव लड़ा था, लेकिन बीजेपी के कैंडिडेट ने उन्हें हरा दिया. आपको बताते चलें कि योगिता अपने पिता की पार्टी अखिल भारतीय सेना (ABS) से मैदान में उतरी थीं. अरुण गवली की बेटी को BJP उम्मीदवार रोहिदास लोखंडे ने हराया. बायकुला वार्ड नंबर 207 से बीजेपी कैंडिडेट रोहिदास लोखंडे की जीत हुई है. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की शलाका हरियाणा भी बायकुला वार्ड नंबर 207 से चुनाव लड़ीं लेकिन वो भी हार गईं.

डैडी की सियासत को झटका

77 साल के गवली की छोटी बेटी योगिता बायकुला-चिंचपोकली क्षेत्र के वार्ड 207 से अपने सियासी करियर की शुरुआत करने जा रही थीं, लेकिन हार ने उनका सपना तोड़ दिया. गैंगस्टर अरुण गवली की भाभी वंदना गवली और बड़ी बेटी गीता गवली पहले नगर निगम का चुनाव लड़ चुकी हैं. योगिता गवली गवली परिवार से सीधे चुनाव मैदान में उतरने वाली तीसरी सदस्य थीं. योगिता गवली, अरुण गवली की छोटी बेटी हैं. इस हार के साथ ही ‘डैडी’ की सियासत को तगड़ा झटका लगा है. चुनाव से कुछ महीने पहले ही बदनाम गैंगस्टर अरुण गवली जेल से रिहा हुआ था. 

Add Zee News as a Preferred Source

कौन है गवली?

मुंबई के भायखला की दगड़ी चॉल से निकले अरुण गवली ने एक जमाने में मुंबई के अंडरवर्ल्ड को दहला दिया था. 17 जुलाई 1955 को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के कोपरगांव में जन्मा गवली ने गरीबी को बेहद करीब से देखा. उसके पिता गुलाबराव पहले मजदूरी करते थे और बाद में मुंबई की सिम्पलेक्स मिल में काम करने लगे. पैसों की तंगी के चलते गवली ने हाईस्कूल के बाद पढ़ाई छोड़ दी और कम उम्र में ही अपराध की दुनिया में कदम रख दिया था. अरुण गवली, शिवसेना पार्षद कमलाकर जमसांडेकर की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है. गवली बीते 17 साल से नागपुर की सेंट्रल जेल में सजा काट रहा था, पिछले साल 2025 में गवली को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी.