
Gujrat news: मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड गुजरात में दूसरा बड़ा प्लांट शुरू करने जा रही है. जिसके लिए खोरज GIDC में 1750 एकड़ जमीन पर 35000 करोड़ का भारी निवेश किया है. इस प्रोजेक्ट के तहत हर साल 10 लाख कारों का उत्पादन किया जाएगा. यहां पर तकरीबन 12000 लोगों को प्रत्यक्ष तौर पर रोजगार का अवसर भी मिलेगा. माना जा रहा है कि बहुचराजी के बाद मारुति का ये निवेश गुजरात को ऑटोमोबाइल के सेक्टर में विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाने में कामयाब होगा.
गुजरात को भारत के विकास रोल मॉडल राज्य के तौर पर जाना जाता है. जहां मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अगुवाई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया, मेड फॉर द वर्ल्ड’ विजन को साकार करने की दिशा में ये बड़ा कदम उठाया गया है. जिसके लिए मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड को खोरज में जीआईडीसी ने 1750 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई है, जिस पर 35 हजार करोड़ रुपए का निवेश कर व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग के नए प्लांट की स्थापना की जाएगी.
गुजरात बनेगा ऑटो हब
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और मारुति सुजुकी के मैनेजिंग डायरेक्टर हिसाशी ताकेउची की मौजूदगी में इन्वेस्टमेंट लेटर हैंडओवर सेरेमनी का आयोजन भी किया गया. इस मौके पर उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी के साथ-साथ मारुति सुजुकी के होल-टाइम डायरेक्टर एवं एग्जीक्यूटिव कमेटी मेंबर सुनील कक्कर भी विशेष तौर पर मौजूद रहे. मारुति के इस नए प्लांट को लेकर संभावना जताई गई है कि इससे 12 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार का मौका मिलेगा. इतना ही नहीं, इस प्लांट के चलते आसपास के इलाके में एन्सिलरी यूनिट्स और एमएसएमई इकाइयां भी बनाई जाएंगी. जिससे की लगभग 7.50 लाख से अधिक के अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे. इस पूरे क्लस्टर बनने पर गुजरात की ऑटो हब के तौर पर पहचान को ज्यादा बल मिलेगा.
10 लाख कार का उत्पादन
इस प्रोजेक्ट में 2.5 लाख कारें बनाने वाले 4 प्लांट शामिल हैं, जो मिलकर हर वर्ष टोटल 10 लाख कारों का उत्पादन करेंगे. आपको बता दें कि मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड की इस योजना का पहला प्लांट उत्पादन 2029 के वित्तीय वर्ष से शुरू किया जाएगा. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की तरफ से मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के इस प्रोजेक्ट निवेश का स्वागत किया गया है. उन्होंने कहा कि ये केवल एक नई ऑटोमोबाइल उत्पादन सुविधा नहीं बल्कि देश के सबसे बड़े और सबसे कॉम्पिटिशन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर को अधिक मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल है.
यह भी पढे़ं: मां काली से मां कामाख्या मंदिर तक आस्था की रेल! PM मोदी ने दिखाई पहली वंदे भारत स्लीपर को हरी झंडी
हर्ष सिंघवी ने जताई उम्मीद
सीएम ने कहा कि वो अपनी जापान यात्रा के दौरान सुजुकी के सीईओ की तरफ से गुजरात को ‘सेकंड होम’ बताए जाने के विश्वास को बनाए रखेंगे और उनकी सरकार लगातार प्रयासरत रहेगी. वहीं डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुई वाइब्रेंट समिट में शुरुआत से ही जापान एक पार्टनर कंट्री और विकास का सहभागी रहा है. हर्ष संघवी ने उम्मीद जताई कि जब मारुति सुजुकी मोटर्स पहली बार गुजरात में निवेश के लिए आई थी, तब से राज्य सरकार ने जो तत्परता और सहयोग दिखाया गया था, वो अब भी मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में निरंतर मिलता रहेगा.

