Sheikh Mohammed bin Zayed Al Nahyan India Visit News: यमन के विद्रोहियों की मदद को लेकर सऊदी अरब और यूएई के बिगड़ते रिश्तों के बीच संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान इस सोमवार को भारत की यात्रा पर आने वाले हैं. उनकी यह यात्रा पीएम मोदी के निमंत्रण पर हो रही है. लेकिन पश्चिम एशिया में लगातार बदल रहे घटनाक्रमों के बीच उनकी यह यात्रा खासी अहम हो गई है. की भारत यात्रा
शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान की राष्ट्रपति बनने के बाद यह भारत की तीसरी आधिकारिक यात्रा होगी. वहीं पिछले एक दशक में यह उनकी कुल पाँचवीं भारत यात्रा है. सरकारी सूत्रों का कहना है कि यह यात्रा हाल के उच्चस्तरीय आदान-प्रदान से बनी सकारात्मक गति को आगे बढ़ाएगी.
दोनों मुल्कों के नेताओं के बड़े दौरे
दोनों देशों के बीच पिछले कुछ अरसे में शीर्ष नेताओं की कई यात्राएं हो रही हैं. सितंबर 2024 में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की भारत यात्रा हुई थी. इसके बाद अप्रैल 2025 में दुबई के क्राउन प्रिंस एवं यूएई के उप प्रधानमंत्री व रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने भारत का दौरा किया था.
कूटनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, भारत और यूएई के बीच घनिष्ठ, मैत्रीपूर्ण और बहुआयामी संबंध हैं. ये संबंध राजनीतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक साझेदारी पर आधारित हैं. दोनों देश एक-दूसरे के प्रमुख व्यापार और निवेश भागीदार भी हैं.
रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर होगी चर्चा
व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA), स्थानीय मुद्रा निपटान प्रणाली (LCS) और द्विपक्षीय निवेश संधि से दोनों मुल्कों के बीच आर्थिक संबंध और मजबूत हुए हैं. भारत और यूएई के बीच मजबूत ऊर्जा साझेदारी है, जिसमें दीर्घकालिक ऊर्जा आपूर्ति समझौते शामिल हैं.
एक्सपर्टों का मानना है कि यह यात्रा भारत–यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी के लिए नए आयाम तय करने का अवसर प्रदान करेगी. दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर आपसी हितों से जुड़े विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे, जिन पर दोनों देशों के बीच उच्च स्तर की समानता है.
सऊदी-यूएई के रिश्तों में बढ़ चुका है तनाव
वहीं डिफेंस एक्सपर्ट भी इस यात्रा से काफी उम्मीदें लगाए हुए हैं. यमन में हूतियों के अलावा एक और विद्रोही गुट है, जिसे यूएई सपोर्ट करता है. उसे हथियार पहुंचाने के दौरान सऊदी अरब ने मिसाइल दागकर यूएई का जहाज नष्ट कर दिया था. साथ ही संयुक्त अरब अमीरात को 24 घंटे के अंदर यमन से अपने सभी सैनिकों को बुलाने की चेतावनी दी थी.
सऊदी अरब के दबाव में यूएई ने वहां से चुपचाप अपने सैनिक तो वापस बुला लिए. लेकिन इस घटना से बिरादर मुल्क कहे जाने वाले दोनों देशों के रिश्तों में खाई आ गई है. इसकी एक वजह सऊदी अरब और पाकिस्तान का गठबंधन भी है. जिसमें कहा गया है कि एक मुल्क पर हमला दूसरे मुल्क पर अटैक माना जाएगा. जिसके बाद दोनों देशों की सेनाएं मिलकर जवाब देंगी.
इन दोनों हथियारों का मुरीद है यूएई
माना जा रहा है कि इन दोनों घटनाक्रमों की वजह से अब यूएई ने अपनी सैन्य सुरक्षा को मजबूत करने का फैसला किया है. जिससे अगर भविष्य में सऊदी के साथ संबंध बिगड़े तो वह उस पर मिसाइल दागकर नुकसान न पहुंचा सके. माना जा रहा है कि अपने भारत दौरे में शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान रक्षा सौदों पर बात कर सकते हैं.
खासकर ब्रह्मोस और आकाश मिसाइल डिफेंस सिस्टम में यूएई की विशेष रूचि बताई जाती है. वह इन दोनों हथियारों के घातक वार का नमूना ऑपरेशन सिंदूर में देख चुका है. यूएई जानता है कि आज की तारीख में भारत से ज्यादा भरोसेमंद और कोई वैश्विक ताकत नहीं है. जो अपने रिश्तों को निभाना और पार्टनर्स के हितों का ध्यान रखना अच्छी तरह जानता है. ऐसे में अगर दोनों मुल्कों में डिफेंस डील पर बात आगे बढ़ती है तो हैरानी वाली कोई बात नहीं होगी.
