News in Brief

गुजरात, 18 जनवरी 2026: अहमदाबाद में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के शपथ समारोह को संबोधित किया. इस दौरान अरविंद केजरीवाल कहा कि गुजरात की जनता बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है. भाजपा इतनी डरी हुई है कि ‘आप’ की सभा रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं के जज्बे से सभा हुई. पिछले 30 साल से बीजेपी डर और भ्रष्टाचार के दम पर ही सरकार चला रही है, इनके मंत्री-विधायक चोर हैं और गुजरात को लूट रहे हैं. 2027 में गुजरात की सत्ता बदलने वाली है, फिर बीजेपी वाले जेल जाएंगे. ‘आप’ की सरकार बनी तो करदा प्रथा खत्म करेंगे, युवाओं को रोजगार और किसानों को बीज, खाद, पानी देंगे. उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे गुजरात चुनाव नजदीक आएगा, इनका अत्याचार बढ़ेगा और हमारे नेताओं को जेल में डालेंगे, लेकिन ‘आप’ टूटेगी नहीं, बल्कि गुजरात में सत्ता परिवर्तन करेगी.

अहमदाबाद में ‘आप’ गुजरात के कार्यकर्ता शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि विनाशकाले विपरित बुद्धि. जब आदमी का विनाश आता है, तो भगवान सबसे पहले उसकी बुद्धि खत्म कर देता है. गुजरात में भाजपा का भी यही हाल हो रहा है. 30 साल के बाद भाजपा की सत्ता अब हिलने लगी है और उनके जाने का समय आ गया है. भाजपा के विनाश का समय आ गया और भगवान ने भाजपा की बुद्धि खत्म करनी शुरू कर दी है. भाजपा ने ‘आप’ कार्यकर्ताओं के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को रोकने की पूरी कोशिश की. हमारी निकोल में मीटिंग होनी थी. इन्होंने हमारी स्टेज तोड़ दी. कुर्सियां फेंक दी और परमिशन खत्म कर दी. भाजपा की पूरी कोशिशों के बाद भी ‘आप’ पदाधिकारियों की मेहनत से यह सभा हुई और भारी तादात में कार्यकर्ता शामिल हुए.

fallback

Add Zee News as a Preferred Source

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दो दिन पहले इन्होंने गोपाल इटालिया पर जूता फेंकवाया. इनकी किस्मत खराब है कि जिसने जूता फेंका, उसने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया और बोला कि भाजपा के एक नेता उसे 50 हजार रुपए दिए थे और शराब पिलाई थी, इसलिए जूता फेंका. भाजपा की पोल खुल गई. भाजपा वाले हमारे नेताओं पर जूते फेंकवाते हैं, हमारी सभाएं रद्द करवाते हैं. पिछले तीन महीने से ‘आप’ कार्यकर्ताओं और नेताओं को जेल में डाला हुआ है. प्रवीण राम, राजू करपड़ा समेत कई नेता जेल में हैं. इनका कसूर इतना ही है कि इन्होंने करदा प्रथा के खिलाफ आवाज उठाई. किसानों के खिलाफ करदा प्रथा के नाम पर अन्याय हो रहा है. हमारे नेता टूटे-झुके नहीं तो जेल में डाल दिया. 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इससे पहले भाजपा ने ‘आप’ विधायक चैतर वसावा को कई महीनों तक जेल में रखा, क्योंकि वह गरीब आदिवासियों के लिए आवाज उठाते हैं. जेल में बंद इन नेताओं के परिवार को सलाम करता हूं. परिवार के लोग उनकी ताकत बन कर खड़े हैं. भाजपा ने पूरे गुजरात में दमन छेड़ा हुआ है. एक समय ऐसा था जब गुजरात देश का सबसे अमीर राज्य होता था. जब गुजरात और गुजरात का किसान समृद्ध होता था. लेकिन पिछले 30 साल में भाजपा ने गुजरात को खोखला करके छोड़ दिया है. इन्होंने गुजरात को लूट लिया. किसान की बीज, खाना और पानी खा गए. किसानों को फसल का पूरा पैसा नहीं मिल रहा है. इन्होंने स्कूल-अस्पताल बर्बाद कर दिए. आज गुजरात का व्यापारी दुखी है. इनसे व्यापारी, युवा, महिलाएं, उद्योगपति दुखी हैं.

अरविंद केजरीवाल ने कहा इन लोगों ने गुजरात के लोगों का परिवार बर्बाद कर दिया. अगर 30 साल में भाजपा ने गुजरात को अच्छा कर दिया होता, तो आज आम आदमी पार्टी की सभा में एक भी आदमी नहीं आता. आज सभा में इतने लोग इसलिए आएं हैं, क्योंकि भाजपा सरकार से दुखी हैं. सभा में आए हर एक कार्यकर्ता की आंखों में एक चमक और उम्मीद है. वह एक सपना लेकर आया कि एक ऐसा गुजरात बनाएंगे, जहां किसान खुशहाल होगा. करदा प्रथा खत्म करेंगे. किसानों को बीज, खाद और पानी मिलेगा. आम आदमी पार्टी की सरकार एक ऐसा गुजरात बनाएगी, जहां नकली शराब को पूरी तरह खत्म करेंगे. युवाओं को नौकरी मिलेगी, नशा खत्म करेंगे. व्यापारी खुशी से काम कर पाएगा. 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने डर और भ्रष्टाचार के दम पर सरकार चलाई है. पंचायत, नगर पालिका, राज्य सरकार में जबरदस्त भ्रष्टाचार है. इनके मंत्री-विधायक चोर हैं. जमकर लूट रहे हैं. पूरे गुजरात में भ्रष्टाचार है. अगर कोई इनके खिलाफ आवाज उठाए तो उसे पकड़ कर जेल में डाल देते हैं. कहीं हत्या होती है या नकली शराब बिकती है, तो भाजपा को यह नहीं दिखाई देता है. इसके खिलाफ कोई एक्शन नहीं होता है. लेकिन कोई युवा सोशल मीडिया पर कुछ लिख दे तो उसे जेल में डाल देते हैं. गुजरात के लोगों का अब डर निकालने का समय आ गया है. अगर गुजरात के लोग डरते रहे तो ये लोग बर्बाद कर देंगे. बच्चों को नशे में डाल देंगे. इससे बचने के लिए अपने अंदर के डर को निकालना होगा. 

fallback

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जनता की आवाज दबाने के लिए ये लोग जेल का डर दिखाते हैं. जेल में ही न डालेंगे, फांसी तो नहीं देंगे. प्रवीण राम और राजू करपड़ा तीन महीने से जेल में हैं. कुछ दिन में ही छूट कर आ जाएंगे. चैतर वसावा को कई बार जेल में डाल चुके हैं, लेकिन छूट कर आ गए. जेल से डरने की जरूरत नहीं है. पूरे गुजरात की जनता अब भाजपा से नहीं डरेगी और ना भाजपा की जेल से डरने वाली है. क्या भाजपा पूरे गुजरात को जेल में डाल सकती है? 2027 में गुजरात की सत्ता बदलने वाली है. फिर भाजपा वाले जेल में जाएंगे. 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा कहती है कि केजरीवाल ने चोरी की है. अगर मैं असल में चोरी करता तो आज मैं भाजपा में शामिल हो गया होता. मैंने चोरी नहीं की है, इसलिए गुजरात में आकर इन्हें गाली देने की हिम्मत है. तमाम ऐसे नेता हैं, जिन पर ईडी-सीबीआई की रेड पड़ी और बाद में सभी भाजपा में शामिल हो गए. केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन भाजपा में नहीं गए. क्योंकि हमने चोरी नहीं की. हमारे उपर झूठे केस लगाए गए. भाजपा को लगा कि आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े नेताओं को जेल में डाल देंगे तो आम आदमी पार्टी टूट जाएगी. आम आदमी पार्टी अब टूटेगी नहीं, बल्कि गुजरात में सत्ता परिवर्तन करेगी. और भाजपा को भगाएगी. 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात सरदार बल्लभ भाई पटेल, महात्मा गांधी जैसे महान लोगों की धरती हैं. हम सभी इस धरती से कसम खाकर जाएंगे कि गुजरात से गुंडाराज खत्म करना है. अभी चुनाव में दो साल बचे हैं. जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा, इनकी ईडी-सीबीआई और पुलिस आएगी. इनका अत्याचार खूब बढ़ेगा. बार-बार ‘आप’ नेताओं को जेल में डालेंगे, हमारे उपर डंडे बरसाएंगे. हम सब इसके लिए तैयार हैं. गुजरात की जनता जेल जाने को तैयार है तो गुजरात में परिवर्तन रोकने की किसी की ताकत नहीं है. 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कई लोग कहते हैं कि इनकी प्रशासन पर बहुत पकड़ है. दिल्ली में भी ऐसे ही हुआ था. पंजाब में भी हुआ था. दिल्ली में 75 साल से भाजपा और कांग्रेस का शासन था. 2013 में जब पहली बार एक साल पुरानी आम आदमी पार्टी ने चुनाव लड़ा तो सबने कहा कि आम आदमी पार्टी का कुछ नहीं हो सकता, लेकिन दिल्ली के लोगों ने भाजपा और कांग्रेस को उखाड़ कर फेंक दिया. आम आदमी पार्टी की दिल्ली में 70 में से 67 सीट आई थी. इसी तरह पंजाब में अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस का राज था. पंजाब के लोगों ने इनको भी उखाड़ कर फेंक दिया. 117 में से 92 सीट आम आदमी पार्टी को मिली. अब गुजरात में भी दिल्ली और पंजाब जैसा ही माहौल है. गुजरात भी बड़े परिवर्तन की तरफ बढ़ रहा है. दिल्ली-पंजाब के लोग कर सकते हैं तो गुजरात के लोग भी भाजपा को भी उखाड़ फेंकेंगे. यह हमारे कार्यकर्ताओं ने किया.