Cambodia Job Scam: केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की गई एक जांच में कंबोडिया में नौकरी घोटाले में पाकिस्तानी संलिप्तता का खुलासा हुआ है. इस घोटाले में सैकड़ों भारतीयों को फर्जी रोजगार प्रस्तावों के झांसे में फंसा कर विदेशों में तस्करी और शोषण का शिकार बनाया गया था. जांच के मुताबिक, यह मामला 2024 में सामने आया, जब 5000 से अधिक भारतीयों को फर्जी नौकरी के प्रस्ताव देकर साइबर अपराध गतिविधियों में फंसा दिया गया और वे कंबोडिया में फंस गए. इनमें से कुछ पीड़ितों को बचा कर भारत लौटाया गया.
पाकिस्तानी एजेंटों की मिलीभगत से ठगे गए भारतीय
सूत्रों के मुताबिक, लौटने वाले पीड़ितों ने केंद्रीय एजेंसियों को बताया कि उन्हें पाकिस्तान स्थित एजेंटों के माध्यम से भर्ती किया गया था. फोरेंसिक जांच में भर्ती संबंधी चैट, कॉल और आईपी लॉग ने पाकिस्तान से जुड़े एजेंटों की ओर इशारा किया. जांच में यह भी खुलासा हुआ कि यह रैकेट उत्तर प्रदेश, पंजाब, मुंबई, तेलंगाना और केरल जैसे राज्यों के कमजोर नौकरी चाहने वालों को निशाना बना रहा था.
इस मामले पर दिसंबर में आयोजित दो दिवसीय आतंकवाद विरोधी सम्मेलन-2025 में भी चर्चा हुई थी. अधिकारियों का कहना है कि यह केवल साइबर धोखाधड़ी नहीं, बल्कि युवाओं का शोषण करने वाला लक्षित अभियान है. सीबीआई और एनआईए सहित केंद्रीय एजेंसियों ने जांच का दायरा बढ़ाया है और पाकिस्तान स्थित आईपी पतों को संदिग्ध रजिस्ट्री में दर्ज किया गया है.
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) द्वारा बनाई गई इस रजिस्ट्री में वित्तीय धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से जुड़े 14 लाख साइबर अपराधियों का डेटा शामिल है, जिसे सभी बैंकों के साथ साझा किया गया. आंकड़ों के मुताबिक, धोखाधड़ी से प्राप्त धन वाले 554865 खातों को फ्रीज किया गया, 1510800 खातों की पहचान हुई और लगभग 20 लाख धोखाधड़ी वाले लेनदेन को रोककर 7980 करोड़ रुपये की बचत की गई.
ये भी पढ़ें: गाजा बोर्ड ऑफ पीस का न्योता: भारत के सामने कूटनीतिक मौका या जोखिम भरा जाल?
I4C के नए आंकड़ों के अनुसार, पिछले 6 वर्षों में विभिन्न धोखाधड़ी और जालसाजी के मामलों में भारतीयों को 52976 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ. अधिकारियों का कहना है कि दक्षिण-पूर्व एशिया में स्थित इन घोटाले के अड्डों में लगभग 20000 भारतीय काम कर रहे हैं. कई लोगों को सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप के जरिए अच्छी तनख्वाह वाली नौकरी का झांसा देकर कैसीनो और कॉल सेंटर में भेजा गया जहां उन्हें जबरन मजदूरी, शारीरिक शोषण और अंग तस्करी की धमकियों का सामना करना पड़ा. अधिकारी बताते हैं कि अमेरिकी दबाव के बाद कई घोटाले अब दुबई की ओर स्थानांतरित होने लगे हैं जिससे इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का दायरा और बढ़ गया है.
