News in Brief

Bangladesh Election: बांग्लादेश में आगामी आम चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है. नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने चुनाव आयोग (EC) की निष्पक्षता और स्वतंत्रता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों दलों ने आरोप लगाया है कि मौजूदा चुनाव आयोग देश में विश्वसनीय और निष्पक्ष चुनाव कराने में सक्षम नहीं है.

ढाका स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान NCP के प्रवक्ता आसिफ महमूद शोजीब भुइयां ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि आयोग ने संविधान और रिप्रेजेंटेशन ऑफ द पीपल ऑर्डर (RPO) समेत कई मौजूदा कानूनों का उल्लंघन करते हुए उम्मीदवारों की उम्मीदवारी को वैध ठहराया है. द डेली स्टार के हवाले से आसिफ ने कहा कि यह चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव आयोजित करने में सक्षम नहीं है.

चुनाव आयोग पर पार्टियों ने लगाया गंभीर आरोप

Add Zee News as a Preferred Source

आसिफ ने यह भी आरोप लगाया कि आयोग द्वारा उम्मीदवारों की वैधता पर सुनवाई और फैसले की घोषणा के दौरान BNP महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर के साथ EC सदस्यों की बैठक एक चेतावनी का संकेत थी. आसिफ ने दावा किया कि आयोग का फैसला पहले से तय और मनगढ़ंत था. इसके अलावा, उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने जानबूझकर आयोग परिसर के बाहर भीड़ को दबाव बनाने की अनुमति देकर दोहरी नागरिकता वाले BNP उम्मीदवार को वैध ठहराया. 

ये भी पढ़ें: हमारे सुप्रीम लीडर पर अमेरिकी हमला ईरान के खिलाफ युद्ध का ऐलान, प्रेसिडेंट पेजेशकियन ने ट्रंप को दी चेतावनी

इस बीच, BNP महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने रविवार शाम ढाका में मुख्य चुनाव आयुक्त (EC) एएमएम नासिर उद्दीन से मुलाकात की. बैठक के बाद उन्होंने चुनाव आयोग से निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से काम करने की अपील की. इससे पहले रविवार को ही BNP की छात्र इकाई, जातियाताबादी छात्र दल (JCD) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढाका में चुनाव आयोग मुख्यालय के बाहर धरना दिया. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने पोस्टल बैलेट और छात्र संघ चुनाव से जुड़े फैसलों में पक्षपात का आरोप लगाया.

ये भी पढ़ें: कंबोडिया में भारतीयों को बेचा…! नौकरी के बहाने की साइबर ठगी; पाकिस्तानी एजेंटों ने रचा पूरा खेल

उधर, चुनाव से पहले बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच जमात-ए-इस्लामी का एक प्रतिनिधिमंडल भी अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस से मिलने पहुंचा. पार्टी नेता सैयद अब्दुल्ला मोहम्मद ताहिर के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने कुछ पुलिस अधीक्षकों (SP) और उपायुक्तों (DC) के फील्ड स्तर पर कथित पक्षपातपूर्ण आचरण पर चिंता जताई.

ताहिर ने कहा कि ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार की गई है और इस संबंध में चुनाव आयोग को मौखिक रूप से अवगत करा दिया गया है. गौरतलब है कि बांग्लादेश में आम चुनाव 12 फरवरी को होने हैं. जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच मतभेद और आरोप-प्रत्यारोप तेज होते जा रहे हैं, जिससे देश का राजनीतिक माहौल और अधिक तनावपूर्ण होता दिख रहा है.

शेख हसीना के बेटे ने यूनुस सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

इस बीच, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बेटे साजीब वाजेद ने 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव को लेकर अंतरिम सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी चुनाव किसी पारदर्शी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा नहीं, बल्कि मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अवैध और जमात-ए-इस्लामी समर्थित अंतरिम सरकार द्वारा रचा गया एक स्टेज किया हुआ ड्रामा है.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किए गए बयान में शेख हसीना के पूर्व सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) सलाहकार रहे साजीब वाजेद ने दावा किया कि बांग्लादेश में एक धांधली वाले चुनाव को वैध ठहराने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि जुलाई-अगस्त 2024 के प्रदर्शनों के दौरान जिस तरह चरमपंथी ताकतों ने छात्रों को आगे कर सत्ता पर कब्जा किया था, उसी रणनीति को एक बार फिर दोहराया जा रहा है. उन्होंने अंतरिम सरकार पर आरोप लगाया कि वह चुनाव को लोकतंत्र के उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि कट्टरपंथ को स्थापित करने के एक साधन के रूप में इस्तेमाल करना चाहती है. वाजेद ने कहा कि यहां मतपेटी नहीं, बल्कि पहले से लिखी गई स्क्रिप्ट मायने रखती है. लोगों की राय नहीं, बल्कि यूनुस की तय की गई योजना ही अंतिम शब्द है.

देश की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा गंभीर खतरे में: साजीब वाजेद

अवामी लीग को चुनावी प्रक्रिया से बाहर रखे जाने पर सवाल उठाते हुए वाजेद ने कहा कि ऐसा कोई भी चुनाव जनता की वास्तविक इच्छा का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकता. उन्होंने इसे सत्ता हथियाने की चाल और राज्य पर कब्जा करने की साजिश करार दिया. वाजेद ने यह भी आरोप लगाया कि अंतरिम सरकार के सत्ता में आने के बाद देश की अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द गंभीर खतरे में पड़ गए हैं.

उनके अनुसार, कट्टरपंथ और उग्रवाद को बढ़ावा देना मौजूदा शासन का प्रमुख उद्देश्य बन गया है. बांग्लादेश के नागरिकों से अपील करते हुए साजीब वाजेद ने अवैध और धांधली वाले चुनाव को खारिज करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल के हित की नहीं, बल्कि बांग्लादेश के भविष्य और राज्य को बचाने की लड़ाई है