आज से भारतीय जनता पार्टी में नितिन नबीन युग की शुरुआत हुई है. नितिन नबीन भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं. भाजपा मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे. पीएम नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने शून्य से शिखर तक की यात्रा देखी है. इस कार्यक्रम में मोदी गुजरात को याद करना नहीं भूले और उन्होंने गुजरात के धंधुका क्षेत्र की उस प्रसिद्ध कहावत का उल्लेख किया- “दीकरी ने बंदूकें देजो पण धंधुके ना देता” (बेटी को बंदूक की गोली मार देना लेकिन धंधुका में मत ब्याहना). आइए जानते हैं कि यह कहावत क्यों पड़ी और इसका अर्थ क्या है…
जब मोदी को धंधुका में रात रुकने से रोका गया
गुजरात में अहमदाबाद से करीब 80 से 100 किलोमीटर दूर धंधुका है. दशकों पहले यहां पानी की गंभीर समस्या थी, इसे पीएम मोदी ने आज पुरानी यादें ताजा करते हुए साझा किया. पीएम मोदी ने कहा कि जब वे सार्वजनिक जीवन में (राजनीति में आने से पहले) संगठन का काम करते थे, तब अक्सर धंधुका जाते थे. वहां के लोग उनसे कहते थे, “साहब, आप यहां रात में मत रुकिए और सुबह 10 बजे के बाद ही आइए.” जब मोदी जी ने इसका कारण पूछा, तो लोगों ने कहा कि, “अगर आप रात में रुकेंगे, तो सुबह हम आपको नहाने के लिए पानी नहीं दे पाएंगे.”
कहावत के पीछे का दर्द
यह धंधुका की एक दशक पहले की कड़वी हकीकत थी. उस समय वहां एक कहावत प्रचलित थी “दीकरी ने बंदूकें देजो पण धंधुके ना देता.” इसका अर्थ था कि बेटी को मार देना बेहतर है, लेकिन पानी की किल्लत वाले धंधुका में उसकी शादी न करना. इस पीड़ा को पीएम मोदी ने अपनी आंखों से देखा था और इसीलिए ‘जल जीवन मिशन’ के जरिए आज देश के करोड़ों घरों में ‘नल से जल’ पहुंचाया जा रहा है.
आज बदल गई है धंधुका की तस्वीर
अतीत में यहां की महिलाओं को तड़के उठकर 2 से 5 किलोमीटर दूर ‘वीरडा’ (रेत में गड्ढा खोदकर पानी निकालना) खोदने जाना पड़ता था. पानी इतना खारा था कि उसे पीने लायक बनाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ती थी. लोग वहां बेटी ब्याहने से कतराते थे क्योंकि उन्हें डर था कि उनकी बेटी को जीवनभर पानी के लिए भटकना पड़ेगा. समुद्र की निकटता के कारण खारापन एक बड़ी समस्या थी. लेकिन आज समय बदल चुका है. धंधुका में अब नर्मदा की नहरों और ‘नल से जल’ योजना के तहत हर घर में शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है. पानी के लिए लंबी दूरी तय करना अब इतिहास बन गया है.
खेती में क्रांति: पहले यहां खेती केवल वर्षा आधारित थी और किसान सिर्फ ज्वार-बाजरा उगा पाते थे. अब नहर के पानी के कारण यहां कपास, गेहूं और जीरे जैसी नकदी फसलें (Cash Crops) लहलहा रही हैं. किसान अब साल में तीन फसलें ले रहे हैं.
इंडस्ट्रियल हब की ओर: कभी पिछड़ा माना जाने वाला यह क्षेत्र अब धोलेरा SIR (Special Investment Region) के कारण एक बड़ा औद्योगिक केंद्र बन रहा है. अहमदाबाद-धंधुका-भावनगर हाईवे ने इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी सुधार दी है.
ग्लोबल विजन: दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (DMIC) और निर्माणाधीन धोलेरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कारण धंधुका अब वैश्विक व्यापार से जुड़ने जा रहा है. धोलेरा एक्सप्रेस-वे और लॉजिस्टिक्स हब बनने से यहां रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं.
