एक दौर था जब शीर्ष पद का चुनाव करीब आए तो नेता अपने समर्थकों से जोर-जोर का नारा लगवाना शुरू कर देते थे. ऐसा दिखाया जाता कि जनता की डिमांड यही साहब हैं. अखबारों में फोटो, सोशल मीडिया आया तो उस पर ट्रेंड तैयार होने लगा, ये सब सियासी खेला है जिससे नेता अपनी लोकप्रियता को पार्टी लीडरशिप या हाईकमान तक पहुंचाने की कोशिश करते हैं लेकिन भाजपा या कहें पीएम नरेंद्र मोदी का नितिन नबीन सिलेक्शन कुछ और कहता है. नबीन के सिलेक्शन में पीएम मोदी की अहम भूमिका है.
जब उन्हें पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था तो कई नेता आपसे में बातें करने लगे कि नबीन तो उनकी टीम में जूनियर सदस्य के तौर पर काम कर चुके हैं. कुछ लोगों ने उन्हें तब जाना था जब वह करीब एक दशक पहले अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में बीजेपी की युवा विंग में आए थे. वह अक्सर भाजपा के पुराने नेशनल ऑफिस में दिखते थे. पांच बार के विधायक, कुछ हफ्ते पहले तक नीतीश कैबिनेट में मंत्री रहे नबीन अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन चुके हैं. वह सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. कुछ लोगों के मन में सवाल होगा कि पीएम मोदी पार्टी नेताओं को क्या मैसेज देना चाहते हैं?
10 साल पहले शुरू हुआ प्रयोग
एक ऐसी पार्टी जिसने कई अप्रत्याशित चुनाव किए हैं. नबीन का चुनाव सबसे बड़ा संकेत दे रहा है. वो ये कि मोदी-शाह के नेतृत्व में बीजेपी पीढ़ीगत बदलाव के साथ प्रयोग कर रही है. यह प्रक्रिया एक दशक पहले पार्टी के पहली बार पूर्ण बहुमत से सत्ता में आने के बाद से ही शुरू हो गई थी.
हाल के वर्षों में बीजेपी के कई मुख्यमंत्री और कैबिनेट में आने वाले नेता 55 साल से कम उम्र के रहे हैं. राजस्थान के भजनलाल शर्मा, दिल्ली की रेखा गुप्ता और मध्य प्रदेश के मोहन यादव को तो पीछे की कतार से आगे लाया गया. भाजपा के एक नेता ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि पीएम मोदी ऐसे लोगों से ज्यादा कड़ी मेहनत और भागदौड़ की उम्मीद करते हैं जिन्हें वे टॉप पोस्ट पर देखते हैं. इसमें युवा नेताओं को फायदा होता है क्योंकि वे आसानी से भागदौड़ कर सकते हैं. अब जो कुछ घंटे में गोली खाता हो, वह इस काम के लिए शायद उपयुक्त नहीं होगा.
सीएम और अध्यक्ष का संतुलन
14 राज्यों में बीजेपी के मौजूदा सीएम की उम्र देखें तो केवल पांच (त्रिपुरा, गुजरात, छत्तीसगढ़, एमपी और राजस्थान) सीएम शपथ ग्रहण के समय 55 साल से ज्यादा उम्र के थे, बाकी CM 55 साल से कम उम्र के थे जब उन्होंने आखिरी बार शपथ ली थी. भाजपा ने राज्यों में अध्यक्षों की नियुक्ति में एक संतुलन भी बनाया है. कई अध्यक्ष 55 साल से ज्यादा उम्र के हैं. 20 स्टेट के प्रमुख 55 साल से ज्यादा उम्र के थे और 14 चीफ 55 साल से कम उम्र के, जब उन्हें चुना गया था.
पढ़ें: नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री थे तब पटना से उड़कर गुजरात क्यों जाते थे नितिन नबीन?
रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों का कहना है कि इस चुनाव से मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भाजपा में लॉबी का प्रेशर और सिफारिशें काम नहीं करेंगी.
कहीं सीएम की कुर्सी गई, कहीं हारे को मिली
माना जा रहा है कि पीएम मोदी एक नया चेहरा आगे लाना चाहते थे और नबीन इस कसौटी पर खरे उतरते हैं. नितिन नबीन न तो संघ की पसंद हैं और न ही किसी एक वरिष्ठ नेता से जुड़े हैं. एक भाजपा नेता ने कहा कि इस तरह के अप्रत्याशित बदलाव पार्टी नेताओं को सतर्क रखने के लिए किए जाते हैं. उदाहरण देखिए तो एमपी सीएम के नेतृत्व में भाजपा ने चुनाव जीता लेकिन बाद में उन्हें दिल्ली बुला लिया गया. इसके उलट पुष्कर सिंह धामी 2021 में 45 साल की उम्र में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बन जाते हैं जबकि वह खटीमा से विधानसभा चुनाव हार गए थे. उन्हें 2022 में चंपावत विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव में फिर से चुना गया.
अब पॉपुलैरिटी पैमाना नहीं
भाजपा या पीएम मोदी का संदेश यह भी है कि पिछला कद या मीडिया में लोकप्रियता प्रमोशन या टॉप पोस्ट पाने का कोई पैमाना नहीं है. भाजपा के एक नेता ने कहा, ‘पहले नेता मीडिया में छाए रहने की कोशिश करते थे क्योंकि उन्हें लगता था कि लोकप्रियता पार्टी में आगे बढ़ने में मदद करेगी लेकिन अब वही लोकप्रियता बैकफायर कर सकती है और आप किनारे हो सकते हैं. अब जो मायने रखता है वह है भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की नजर में अच्छा लगना. हालांकि इस पर कुछ नेता और आम लोग यह भी कहते हैं कि इससे भाजपा भी कांग्रेस की तरह ही ‘हाईकमान वाली पार्टी’ बन गई है.
संघ की भूमिका
मोदी-शाह के युग से पहले कहा जाता था कि भाजपा में नेतृत्व या ऐसा बड़े फैसले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका होती है लेकिन अब स्थितियां बदली हैं. सूत्रों की मानें तो नबीन की नियुक्ति बता रही है कि अब फैसले मुख्य रूप से भाजपा और पीएमओ के भीतर से लिए जाते हैं. संघ की पारंपरिक सलाह के बगैर. इससे पहले नड्डा भी सीधे संघ की पसंद नहीं थे. हालांकि सूत्र यह भी कहते हैं कि नबीन को अध्यक्ष बनाकर भाजपा नेतृत्व ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की एक शर्त अवश्य पूरी कर दी है या कह सकते हैं संघ को खुश कर दिया है. वह यह है कि संघ चाहता था कि टॉप पोस्ट पर 45 से 55 साल की उम्र का कोई युवा बैठे.
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि नितिन नबीन की छवि साफ है और वह किसी खास गुट या प्रभावशाली जाति से नहीं हैं. वह कायस्थ समुदाय से आते हैं. इससे वह संघ और पार्टी नेताओं को सभी जातियों और वर्गों में स्वीकार्य होंगे.
