Kerala man suicide: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से आहत होकर केरल के 42 वर्षीय शख्स ने आत्महत्या कर ली. जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में एक 35 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार की गई महिला ने कुछ दिन पहले मृतक पर यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था. जिसके बाद युवक को सोशल मीडिया पर प्रताड़ना का शिकार होना पड़ा और उसने फांसी लगा ली.
केरल के कोझिकोड में 35 वर्षीय महिला शिमजिथा मुस्तफा ने 42 साल के दीपक यू पर गंभीर आरोप लगाए थे. शिमजिथा ने दीपक पर पय्यानूर रेलवे स्टेशन से पास के बस स्टैंड तक की यात्रा के दौरान यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. महिला ने वीडियो में दावा किया की दीपक ने बार-बार उसे गलत तरीके से छूआ. जिसके बाद ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और इस वीडियो को लेकर खूब चर्चा हुई. वीडियो वायरल होने के कुछ ही दिन बाद दीपक कोझिकोड में गोविंदपुर स्थित अपने घर पर कमरे में फांसी से लटका हुआ पाया गया.
पुलिस जांच
पुलिस के अनुसार, जब दीपक के माता-पिता उसे रविवार की सुबह उठाने के लिए उसके कमरे में गए तो उसने अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. जिसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो दीपक को मृत पाया. पुलिस ने शुरुआत में तो इस मामले को सिर्फ सुसाइड के तौर पर दर्ज किया, लेकिन दीपक के परिवार की तरफ से दी गई शिकायतों और सोशल मीडिया पर मचे बवाल को देखने के बाद पुलिस ने ऑनलाइन उत्पीड़न की भूमिका की पड़ताल की. ताकि आत्महत्या के कारणों को समझा जा सके.
ऑनलाइन प्रताड़ना
दीपक के माता-पिता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि महिला की तरफ से लगाए गए आरोपों ने उनके बेटे की प्रतिष्ठा को खत्म कर दिया है. दीपक के माता-पिता ने यह भी कहा कि वो उम्र भर विवादों से दूर रहा और उस पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप भी झूठे हैं. वहीं दीपक के रिश्तेदारों ने कहा कि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वो ऑनलाइन प्रताड़ना का शिकार हो गया और मानसिक तनाव में आ गया. इन आरोपों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी करते हुए शिमजिथा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. पुलिस जांच में इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि महिला ने दीपक पर लगाए गए आरोपों को पुलिस में दर्ज करवाने की बजाय सोशल मीडिया पर शेयर क्यों किया.
दोस्तों को गला काटकर मारा… फोन में मिली सैकड़ों लड़कियों की तस्वीर, गोवा में रशियन निकला सीरियल किलर; पुलिस भी सन्न
